![]()
सोनीपत में पुलिस द्वारा नशे के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत हुडा पार्क से 12 युवकों को पकड़ा है। इन सभी युवकों को काउंसलिंग के बाद उपचार के लिए सिविल अस्पताल, सोनीपत के ओएसटी (Opioid Substitution Therapy) सेंटर में भर्ती कराया गया है। यह कार्रवाई पुलिस कमिश्नर ममता सिंह के मार्गदर्शन के नेतृत्व में की गई। पुलिस को सूचना मिली थी कि हुडा पार्क में कुछ युवक सार्वजनिक स्थान पर बैठकर नशा कर रहे हैं। सूचना के आधार पर थाना सेक्टर-27 प्रभारी निरीक्षक सवित कुमार के नेतृत्व में एक पुलिस टीम ने तुरंत मौके पर पहुंचकर कार्रवाई की। पुलिस ने सभी 12 युवकों को हिरासत में लेकर उनकी काउंसलिंग कराई और चिकित्सकीय उपचार और नशा मुक्ति के लिए ओएसटी सेंटर में भर्ती कराया। वहां विशेषज्ञ चिकित्सकों की देखरेख में उनका उपचार शुरू हो गया है। पुलिस कमिश्नर की लोगों से अपील पुलिस कमिश्नर ममता सिंह ने बताया कि सोनीपत पुलिस का उद्देश्य केवल नशा तस्करों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई करना ही नहीं है, बल्कि नशे की लत से प्रभावित युवाओं को उपचार, परामर्श और पुनर्वास उपलब्ध कराकर उन्हें समाज की मुख्यधारा से जोड़ना भी है। उन्होंने स्पष्ट किया कि नशे के खिलाफ यह अभियान कानून प्रवर्तन के साथ-साथ सामाजिक सुधार की दिशा में भी लगातार जारी रहेगा। कमिश्नर ने आमजन से अपील की है कि यदि उनके आसपास कोई व्यक्ति नशे की लत से जूझ रहा है या नशीले पदार्थों की बिक्री या तस्करी से संबंधित कोई जानकारी है, तो तुरंत सोनीपत पुलिस को सूचित करें। सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी। नशे के विरुद्ध जारी रहेगा विशेष अभियान सोनीपत पुलिस ने यह भी स्पष्ट किया कि जिले में नशे के विरुद्ध यह विशेष अभियान आगे भी जारी रहेगा। नशा तस्करों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई के साथ-साथ सार्वजनिक स्थानों पर नशा करने वालों के खिलाफ भी आवश्यक कानूनी और सुधारात्मक कार्रवाई की जाती रहेगी, ताकि युवाओं को नशे की गिरफ्त से बाहर निकालकर एक सुरक्षित और स्वस्थ समाज का निर्माण किया जा सके।
Source link







