![]()
पंजाबी फिल्म ‘द ग्रेट पंजाब रॉबरी’ 7 अगस्त को सिनेमाघरों में रिलीज होने जा रही है। रिलीज से पहले फिल्म के मुख्य अभिनेता राज कुंद्रा अपनी पूरी स्टार कास्ट के साथ सच्चखंड श्री दरबार साहिब पहुंचे, जहां उन्होंने माथा टेककर फिल्म की सफलता के लिए अरदास की। इस दौरान पूरी टीम ने संगत की ठंडे जल की सेवा भी की और गुरु घर का आशीर्वाद लिया। मीडिया से बातचीत के दौरान राज कुंद्रा ने फिल्म के नाम ‘द ग्रेट पंजाब रॉबरी’ को लेकर उठ रहे सवालों का जवाब दिया। उन्होंने कहा कि फिल्म का नाम किसी गलत संदेश के लिए नहीं रखा गया, बल्कि इसका उद्देश्य पंजाब की महानता और यहां के लोगों की समझदारी को दर्शाना है। उन्होंने कहा कि पंजाब के लोग शिक्षित और जागरूक हैं, इसलिए फिल्म के नाम और उसकी कहानी को सही संदर्भ में समझेंगे। राज कुंद्रा ने बताया कि वह इस फिल्म में एक पत्रकार की भूमिका निभा रहे हैं। उन्होंने कहा कि फिल्म की सबसे बड़ी खासियत इसका सस्पेंस है। आखिर “रॉबरी” क्या है, बैंक तक पहुंचने की असली वजह क्या है और इसके पीछे क्या रहस्य छिपा है, इसका खुलासा 7 अगस्त को फिल्म रिलीज होने के बाद ही होगा। उन्होंने विश्वास जताया कि दर्शकों को फिल्म की कहानी और रोमांचक अंदाज जरूर पसंद आएगा। फिल्म के दमदार एक्शन सीक्वेंस पर बात करते हुए राज कुंद्रा ने निर्देशक सौरभ वर्मा की जमकर तारीफ की। उन्होंने कहा कि निर्देशक ने पंजाबी सिनेमा में बॉलीवुड स्तर का प्रोफेशनल टच देने की कोशिश की है। महज 30 दिनों में फिल्म की शूटिंग पूरी की गई, लेकिन इसकी गुणवत्ता किसी बड़े बजट की फिल्म से कम नहीं है। उन्होंने फिल्म के डीओपी अमित सिंह और पूरी तकनीकी टीम की मेहनत की भी सराहना की। फिल्म में महावीर भुल्लर, परमीश सिंह, पायल राजपूत और गर्विता सधवानी समेत कई कलाकार अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे। कलाकारों ने उम्मीद जताई कि दर्शक फिल्म को भरपूर प्यार देंगे। फिल्म की पूरी टीम का मानना है कि ‘द ग्रेट पंजाब रॉबरी’ पंजाबी सिनेमा में एक नया अनुभव लेकर आएगी और दर्शकों का भरपूर मनोरंजन करेगी।
Source link







