![]()
करनाल शहर के सिविल अस्पताल में 42 वर्षीय युवक की मौत के बाद पोस्टमार्टम को लेकर विवाद खड़ा हो गया। परिजनों ने साफ तौर पर पोस्टमार्टम करवाने से इनकार कर दिया। जबकि अस्पताल की ओर से कानूनी प्रक्रिया का हवाला दिया गया। मामले में पुलिस ने हस्तक्षेप करते हुए स्पष्ट किया है कि परिवार की इच्छा के अनुसार कागजी कार्रवाई के बाद शव बिना पोस्टमार्टम के सौंप दिया जाएगा। मृतक की पहचान 42 वर्षीय रिंकू के रूप में हुई है, जो करनाल के शामनगर का रहने वाला था। वह दो भाइयों में बड़ा था और अविवाहित था। उसकी एक बड़ी बहन है, जिसकी शादी हो चुकी है। माता-पिता की पहले ही मृत्यु हो चुकी है। परिवार में अब सिर्फ वह और उसका छोटा भाई ही थे, जो अपनी मौसी के पास रह रहे थे। छाती में दर्द के बाद बिगड़ी हालत
परिजनों ने बताया कि वीरवार रात को रिंकू को अचानक छाती में दर्द हुआ, जिससे उसकी हालत बिगड़ गई। उसे तुरंत एक निजी क्लिनिक में इलाज के लिए ले जाया गया। जहां उसका उपचार किया गया और ईसीजी भी करवाई गई। जांच के बाद उसकी हालत सामान्य बताई गई, जिसके बाद परिवार उसे वापस घर ले जा रहा था। रास्ते में फिर बिगड़ी तबीयत, अस्पताल में डॉक्टरों ने मृत घोषित किया
घर लौटते समय रास्ते में रिंकू की तबीयत फिर से अचानक बिगड़ गई। परिजन तुरंत उसे करनाल के सिविल अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। इसके बाद परिजनों ने अस्पताल प्रशासन से शव सौंपने की मांग की। डॉक्टरों ने बताया पोस्टमार्टम जरूरी, पुलिस को दी सूचना
परिजनों के अनुसार, उन्होंने रात को ही डॉक्टरों से शव देने की बात कही, लेकिन डॉक्टरों ने कहा कि मौत के कारणों की पुष्टि के लिए पोस्टमार्टम जरूरी है। परिवार ने पोस्टमार्टम से इनकार करते हुए शव ले जाने की इच्छा जताई। इस पर डॉक्टरों ने बताया कि पुलिस को सूचना दे दी गई है और आगे का निर्णय पुलिस के आने के बाद ही होगा। उन्होंने यह भी कहा कि यदि पोस्टमार्टम नहीं करवाना है तो पुलिस को लिखित में देना होगा। कागजी कार्रवाई के बाद भी पोस्टमार्टम की तैयारी, परिजन नाराज
परिजनों ने बताया कि अगले दिन उन्हें पुलिस चौकी बुलाया गया, जहां उनसे कागजी कार्रवाई करवाई गई। उन्हें यह जानकारी नहीं थी कि यह प्रक्रिया पोस्टमार्टम के लिए की जा रही है। जब वे डेड हाउस पहुंचे तो उन्हें पता चला कि रिंकू का पोस्टमार्टम किया जा रहा है, जिससे वे नाराज हो गए। परिजनों का कहना है कि वे अब सीएमओ से मिलकर पोस्टमार्टम रुकवाने की अपील करेंगे। पुलिस ने दिया आश्वासन-बिना पोस्टमार्टम सौंपेंगे शव
सिटी थाना के सब इंस्पेक्टर विजय कुमार ने बताया कि परिवार पोस्टमार्टम नहीं करवाना चाहता। ऐसे में आवश्यक कागजी प्रक्रिया पूरी करने के बाद शव बिना पोस्टमार्टम के ही परिजनों को सौंप दिया जाएगा। फिलहाल मामले को लेकर स्थिति स्पष्ट करने की प्रक्रिया जारी है।
Source link
करनाल में युवक की मौत के बाद पोस्टमार्टम पर हंगामा:परिजनों ने किया इनकार, पुलिस बोलीं- कागजी कार्रवाई के बाद सौंपेंगे शव







