करनाल जिले में असंध के एक व्यक्ति के मोबाइल फोन में संदिग्ध एप्लीकेशन डाउनलोड कर साइबर ठगी का मामला सामने आया है। आरोप है कि साइबर ठगों ने मोबाइल को हैक कर बैंक खातों से चार अलग-अलग ट्रांजैक्शन के माध्यम से कुल 2 लाख 58 हजार 888 रुपए निकाल लिए। पीड़ित ने मामले की शिकायत साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर दर्ज करवाई। इसके बाद साइबर थाना करनाल में शिकायत के आधार पर केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस को दी शिकायत में असंध निवासी योगेश ने बताया कि उसके मोबाइल फोन में अचानक TUBI नाम की एक एप्लीकेशन अपने आप डाउनलोड हो गई। उसे इस ऐप के बारे में कोई जानकारी नहीं थी। इसके बाद मोबाइल में एक फर्जी अपडेट दिखाई दिया, जिसके बाद फोन हैंग होने लगा और सही तरीके से काम नहीं कर रहा था। तीन दिन तक हैंग हुआ मोबाइल फोन योगेश कुमार ने बताया कि अपडेट पूरा होने के बाद मोबाइल कुछ समय के लिए सामान्य हो गया, लेकिन अगले दिन फिर वही समस्या शुरू हो गई। तीसरे दिन भी मोबाइल में परेशानी आने लगी। जब उसने फोन को बंद करने का प्रयास किया तो फोन स्विच ऑफ भी नहीं हो रहा था। काफी प्रयास के बाद फोन बंद हुआ। फोन चालू किया तो खाते से पैसे निकलने के मिले मैसेज शिकायतकर्ता के अनुसार, फोन दोबारा चालू करने के बाद उसे बैंक खातों से पैसे कटने के मैसेज मिले। मैसेज देखकर उसे पता चला कि पिछले तीन दिनों से उसका मोबाइल साइबर अपराधियों के निशाने पर था और उसके साथ धोखाधड़ी की गई है। इसके बाद उसने तुरंत मोबाइल से TUBI एप्लीकेशन को अनइंस्टॉल कर दिया और साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर संपर्क कर शिकायत दर्ज करवाई। दो बैंक खातों से चार बार निकाले रुपए शिकायतकर्ता ने अपनी नेट बैंकिंग के माध्यम से खातों की जांच की तो पता चला कि उसके दो बैंक खातों से कुल 2 लाख 58 हजार 888 रुपए की अवैध निकासी की गई है। पीड़ित ने इसके बाद दोबारा साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज करवाई। हेल्पलाइन की ओर से उसे करनाल साइबर क्राइम कार्यालय में संपर्क करने के लिए कहा गया। मामला दर्ज, जांच शुरू साइबर थाना करनाल में तैनात जांच अधिकारी मुकेश कुमार ने शिकायत के आधार पर कार्रवाई करते हुए मामला दर्ज किया। पुलिस ने शिकायत के आधार पर अज्ञात आरोपियों के खिलाफ धारा 318(4), 61 बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज किया है। मामले की जांच पुलिस द्वारा शुरू कर दी गई है। पुलिस साइबर ठगी में इस्तेमाल किए गए मोबाइल, एप्लीकेशन और बैंक ट्रांजैक्शन से जुड़े तथ्यों की जांच कर आरोपियों तक पहुंचने का प्रयास कर रही है।
Source link
करनाल में मोबाइल हैक कर निकाले 2.58 लाख:अचानक अपलोड हुई संदिग्ध एप्लीकेशन, चार ट्रांजैक्शन में निकाले गए रुपए
