Related Posts

करनाल में दहेज के लिए विवाहिता से मारपीट:पति पुर्तगाल फरार, एक लाख कैश की डिमांड; तलाक का बनाया दबाव




करनाल जिले के तरावड़ी क्षेत्र में एक विवाहिता ने अपने पति और ससुराल पक्ष पर दहेज के लिए प्रताड़ित करने, मारपीट करने और घर से निकालने के गंभीर आरोप लगाए हैं। पीड़िता का आरोप है कि पहले भी शिकायत देने के बावजूद समझौते की शर्तें पूरी नहीं की गईं और अब पति विदेश चला गया है। पीड़िता ने थाना तरावड़ी में दी गई अपनी शिकायत में बताया कि उसके साथ वर्षों से मानसिक और शारीरिक उत्पीड़न हो रहा था। शिकायत के अनुसार पुलिस ने जांच के बाद पति के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। शादी में 10 लाख खर्च, फिर भी ताने तरावड़ी निवासी एक विवाहिता पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उसकी शादी 12 अक्टूबर 2018 को अंकुश के साथ हिंदू रीति-रिवाज से हुई थी। शादी में उसकी मां और भाई ने अपनी क्षमता से बढ़कर करीब 10 लाख रुपए खर्च किए। इसमें मोटरसाइकिल, फर्नीचर, फ्रिज, कूलर, सोफा, अलमारी, बर्तन, कपड़े और सोने-चांदी के जेवर शामिल थे। इसके बावजूद ससुराल पक्ष दहेज से संतुष्ट नहीं था और शादी के शुरुआती दिनों से ही उसे ताने दिए जाते थे। आरोप है कि उसे कहा जाता था कि वह कम दहेज लाई है और इससे परिवार की बदनामी हुई है। कैश की डिमांड कर मारपीट विवाहिता के अनुसार 8 अगस्त 2019 को उसके बेटे का जन्म हुआ। इस दौरान भी मायके पक्ष ने करीब एक लाख रुपए खर्च कर ससुराल वालों को उपहार दिए। इसके बाद भी पति और सास-ससुर ने उसे मायके से एक लाख रुपए लाने का दबाव बनाया, ताकि पति को विदेश भेजा जा सके। जब उसने असमर्थता जताई तो उसके साथ मारपीट की गई और जान से मारने की धमकी दी गई। बाद में दबाव में आकर उसने मायके से एक लाख रुपए लाकर दिए। ससुर पर छेड़छाड़ के आरोप विवाहिता ने बताया कि अक्टूबर 2022 में उसका पति पुर्तगाल चला गया। इसके बाद भी सास-ससुर उसे पैसे लाने के लिए दबाव बनाते रहे। इसी दौरान उसने अपने ससुर पर गलत नीयत से छेड़छाड़ करने और रात में कमरे के आसपास घूमने के आरोप भी लगाए। उसने बताया कि पति विदेश से उसे तलाक देने का दबाव बनाने लगा था। 11 अक्टूबर 2024 को जब पति भारत लौटा, तो उसके फोन से पता चला कि वह पुर्तगाल में किसी अन्य महिला के संपर्क में है। 2 नवंबर 2024 को हुआ झगड़ा, घर से निकाला पीड़िता के अनुसार 2 नवंबर 2024 को उसने यह बात अपने भाई को बताई। इसके बाद उसका भाई, भाभी और उनका बच्चा ससुराल पहुंचे। वहां इस मुद्दे पर बात करने के दौरान पति, सास और ससुर ने झगड़ा कर दिया और रात 8-9 बजे उन्हें घर से निकाल दिया। आरोप है कि इस दौरान उसे जान से मारने की धमकी भी दी गई। इसके बाद उसे रिश्तेदार के घर शरण लेनी पड़ी। चरित्र पर लगाए आरोप, घर छोड़ने का दबाव पीड़िता ने बताया कि उसके पति और ससुराल पक्ष ने उस पर चरित्रहीन होने के आरोप लगाए, ताकि वह खुद ही घर छोड़ दे और पति दूसरी शादी कर सके। विवाहिता ने 4 नवंबर 2024 को थाना तरावड़ी में शिकायत दी थी और मांग की थी कि उसके पति को विदेश जाने से रोका जाए, लेकिन उससे पहले ही पति पुर्तगाल चला गया। इसके बाद ससुर ने पुलिस के सामने समझौते में अलग मकान और खर्च देने की बात कही, लेकिन 17 नवंबर से 30 नवंबर 2024 तक यह शर्तें पूरी नहीं की गईं। 2025 में वापस ससुराल गई, फिर छोड़ दिया मायके अप्रैल 2025 में जब ससुराल पक्ष उसे लेने नहीं आया, तो वह खुद ससुराल गई। इस दौरान उसने बीमार सास की अस्पताल में सेवा भी की, लेकिन बाद में सास-ससुर उसे बहला-फुसलाकर मायके छोड़ गए और पति फिर विदेश चला गया। पीड़िता का आरोप है कि उसके पति ने फोन पर कई बार उसे तलाक देने का दबाव बनाया। संपत्ति बेचकर विदेश जाने का डर विवाहिता ने बताया कि उसे डर है कि उसके ससुर और सास अपनी संपत्ति बेचकर विदेश भाग सकते हैं। उसने कहा कि उसके और उसके बेटे का उस संपत्ति पर कानूनी अधिकार है। उसने यह भी बताया कि उसके पास आय का कोई साधन नहीं है और वह अपने बच्चे के पालन-पोषण के लिए संघर्ष कर रही है। पुलिस जांच के बाद पति पर केस थाना तरावड़ी में दर्ज रिकॉर्ड के अनुसार, शिकायत की जांच पहले एलएचसी मोनिका द्वारा की गई थी। जांच में ससुर अमरजीत, सास अनिता और ननद नेहा के खिलाफ लगाए गए आरोप सही नहीं पाए गए। हालांकि पति अंकुश के खिलाफ मारपीट, गाली-गलौज और दहेज मांगने के आरोपों में मामला दर्ज किया गया है। 1 जून को केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस अब मामले की आगे की कार्रवाई में जुटी हुई है।



Source link

कोई जवाब दें

कृपया अपनी टिप्पणी दर्ज करें!
कृपया अपना नाम यहाँ दर्ज करें