करनाल के विकास नगर में एक देसी नंदी (सांड) पर तेजधार हथियार से हमला करने का मामला सामने आया है। घटना के बाद कॉलोनी में रोष उत्पन्न हो गया और लोगों ने उसे बचाने के प्रयास भी किए, लेकिन ज्यादा खून बहने की वजह से इलाज के दौरान उसकी जान नहीं बच सकी। पुलिस ने शिकायत के आधार पर केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। विकास नगर की माया ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उनके पड़ोस में बन्टी उर्फ सुनील रहता है। उसके पशुओं के पास एक देसी नंदी आता था। आरोप है कि बन्टी पहले भी उस नंदी को तेजधार हथियार से चोट मार चुका है। 29 मई की सुबह माया के सामने ही बन्टी ने सफेद रंग के नंदी पर तेजधार हथियार से कई वार कर दिए। अस्पताल ले जाते वक्त तोड़ा दम हमले के बाद नंदी गंभीर रूप से घायल होकर खून बहते हुए बलवान सिंह के घर के पास गिर गया। इसके बाद कॉलोनी के लोगों ने डॉक्टर और गोशाला को फोन किया। गाड़ी के जरिए नंदी को इलाज के लिए ले जाया गया, लेकिन अधिक खून बहने के कारण उसकी मौत हो गई। नंदी के शव को श्री कृष्ण गोशाला में रखा गया है। माया ने आरोप लगाया कि घटना के बाद बन्टी की माता ने उन्हें देख लेने की धमकी भी दी, इससे कॉलोनी के लोग डरे हुए हैं। पुलिस मौके पर पहुंची, साक्ष्य जुटाए सूचना मिलने पर सेक्टर 32,33 थाना पुलिस की टीम मौके पर पहुंच गई। एसएचओ सतीश कुमार ने बताया कि वारदात के बाद क्राइम सीन टीम को बुलाया गया, जिसने घटनास्थल से खून के नमूने (ब्लड स्वैब) एकत्र किए और उन्हें सील कर पुलिस कब्जे में लिया गया। पुलिस जांच में प्रथम दृष्टया मामला सही पाए जाने पर आरोपी बन्टी उर्फ सुनील के खिलाफ केस दर्ज किया गया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
Source link
करनाल में तेजधार हथियार से नंदी पर हमला:ज्यादा खून बहने से मौत, महिला ने व्यक्ति पर लगाए आरोप; केस दर्ज
