हरियाणा में करनाल के घरौंडा में अराईपुरा रोड के पास सर्विस रोड पर बीती रात एक बाइक सवार युवक को अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। हादसे में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे आसपास के लोगों ने अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। आज पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। मृतक की पहचान और पारिवारिक स्थिति
मृतक की पहचान गांव डिंगर माजरा निवासी 39 वर्षीय कुलदीप पुत्र जयसिंह के रूप में हुई है। वह फैक्टरी में मजदूरी का काम करता था और तीन भाइयों में सबसे छोटा था। उसके सबसे बड़े भाई की कई साल पहले बीमारी के कारण मौत हो चुकी है, जबकि मंझला भाई शादीशुदा है। उसकी मां का भी पहले ही निधन हो चुका है। परिवार में अब पिता और मंझले भाई का परिवार ही बचा है। घर लौटते समय हुआ हादसा
प्राप्त जानकारी के अनुसार, 11 जुलाई की रात कुलदीप अपनी बाइक पर सवार होकर काम से घर लौट रहा था। जैसे ही वह अराईपुरा रोड पर पहुंचा, सर्विस रोड पर किसी अज्ञात वाहन ने उसकी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही वह औंधे मुंह सड़क पर गिर गया और सिर में गंभीर चोट लगी। लोगों ने पहुंचाया अस्पताल
हादसे के बाद आसपास के लोग मौके पर एकत्रित हो गए और तुरंत घायल को अस्पताल में भर्ती करवाया। डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना पुलिस को दी गई, जिसके बाद टीम मौके पर पहुंची और कार्रवाई शुरू की। सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस
पुलिस ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और जांच शुरू कर दी है। हादसे के कारणों का पता लगाने के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, ताकि आरोपी की पहचान कर उसे गिरफ्तार किया जा सके।
Source link
करनाल में कैंटर ने मारी बाइक सवार को टक्कर:हादसे में व्यक्ति की मौत, बड़े भाई पहले हो चुकी मौत,सीसीटीवी खंगाल रही पुलिस
