हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी 12 जुलाई को गुरु जम्भेश्वर विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय, हिसार (GJU) आएंगे। मुख्यमंत्री विश्वविद्यालय में माता अमृता देवी सर्कल एवं खेजड़ली महाबलिदान स्मृति शिल्प का लोकार्पण करेंगे। इसके साथ-साथ नर्सिंग ब्लॉक व गर्ल्स हॉस्टल भवन का शिलान्यास करेंगे। कार्यक्रम में बिश्नोई समाज के संरक्षक एवं पूर्व सांसद चौधरी कुलदीप सिंह बिश्नोई मुख्य वक्ता के रूप में उपस्थित रहेंगे। शिक्षा मंत्री महिपाल ढांडा समारोह की अध्यक्षता करेंगे। पीडब्ल्यूडी मंत्री रणबीर सिंह गंगवा अति विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे। इसके अतिरिक्त हिसार की विधायक सावित्री जिंदल, नलवा के विधायक रणधीर सिंह पनिहार, बिश्नोई समाज के स्वामी डॉ. सचिदानंद आचार्य सहित अनेक जनप्रतिनिधि और बिश्नोई समाज के गणमान्य व्यक्ति भी भाग लेंगे। मुख्यमंत्री के आगमन पर ये कार्यक्रम होंगे… मुख्यमंत्री के हिसार दौरे के दृष्टिगत धारा-163 रहेगी लागू
वहीं जिलाधीश महेंद्र पाल ने मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के प्रस्तावित दौरे के दृष्टिगत कार्यक्रम स्थल पर कानून व्यवस्था एवं शांति बनाए रखने के लिए भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता 2023 की धारा 163 में वर्णित प्रदत्त शक्तियों के अंतर्गत कार्यक्रम स्थल को ड्रोन नियम 2025 के तहत रेड जोन घोषित करते हुए निषेधाज्ञा के आदेश पारित किए गए हैं। कार्यक्रम स्थल के 2 किलोमीटर के दायरे में लाठी-डंडे, तलवार, गंडासी, आग्नेय सशस्त्र, किसी भी प्रकार के घातक हथियार लेकर चलने, खुले पेट्रोल-डीजल की बोतल/केन इत्यादि में रखने तथा वीवीआईपी मार्ग के कार्यक्रम स्थल, आसपास के क्षेत्र में बिना किसी सक्षम अधिकारी की अनुमति के ड्रोन उड़ाने व 200 मीटर के दायरे में सडक़ के दोनों तरफ कोई भी वाहन खड़ा करने को पूर्णत: प्रतिबंधित किया गया है।
Source link
