ऑनलाइन टास्क पूरा कर पैसे कमाने का लालच देकर एक महिला से लाखों रुपए की साइबर ठगी करने के मामले में करनाल साइबर क्राइम थाना पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने सोशल मीडिया के जरिए महिला को झांसे में लेकर अलग-अलग खातों में करीब 11 लाख रुपए ट्रांसफर करवा लिए थे। पुलिस ने तकनीकी जांच के आधार पर आरोपियों को राजस्थान से काबू किया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान तरुण कुमार, अनवर लाल उर्फ अनिल कुमार निवासी गांव बीजराड़ जिला बाड़मेर और विकास निवासी संत रविदास नगर थाना बदवारिया जिला जोधपुर के रूप में हुई है। पुलिस टीम ने इन्हें बाड़मेर क्षेत्र से पकड़ा। तलाशी के दौरान इनके कब्जे से तीन मोबाइल फोन बरामद किए गए। इंस्टाग्राम विज्ञापन से शुरू हुआ जाल मामले की जांच कर रहे एएसआई रामफूल ने बताया कि महिला ने शिकायत में बताया था कि उसने इंस्टाग्राम पर वर्क फ्रॉम होम से जुड़ा एक विज्ञापन देखा। उस पर क्लिक करने के बाद उसे व्हाट्सएप पर मैसेज मिला और बाद में उसे टेलीग्राम ग्रुप में जोड़ लिया गया। शुरुआत में दिए पैसे, फिर कराया बड़ा निवेश ग्रुप में आरोपियों ने टास्क पूरा करने पर ज्यादा मुनाफा कमाने का झांसा दिया। शुरुआत में छोटे टास्क पूरे करने पर कुछ रुपए दिए गए, जिससे महिला को भरोसा हो गया। इसके बाद पेड टास्क के नाम पर अलग-अलग बैंक खातों में पैसे ट्रांसफर करवाने शुरू कर दिए गए। परिवार के खातों से भी कराए ट्रांसफर महिला के अनुसार, उसने अपने खाते के साथ-साथ परिवार के बैंक खातों से भी अलग-अलग तारीखों में करीब 11 लाख रुपए आरोपियों के बताए खातों में भेज दिए। कुछ समय बाद आरोपियों ने संपर्क बंद कर दिया, तब जाकर ठगी का पता चला। तकनीकी जांच से आरोपियों तक पहुंची पुलिस शिकायत के आधार पर थाना साइबर क्राइम करनाल में 30 दिसंबर 2025 के तहत मामला दर्ज किया गया। पुलिस ने बैंक खातों और तकनीकी साक्ष्यों की जांच करते हुए आरोपियों की पहचान की और उन्हें गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने तीनों आरोपियों को अदालत में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। मामले की आगे की जांच जारी है।
Source link
करनाल पुलिस ने पकड़े राजस्थान के 3 ठग:महिला से 11 लाख हड़पे, टास्क पूरा करने का दिया झांसा, सोशल मीडिया पर फंसाया
