हरियाणा के सोनीपत में झगड़े का समझौता कराने के बहाने बुलाकर एक युवक की चाकू मारकर हत्या कर दी गई। वारदात में उसके दो साथी भी गंभीर रूप से घायल हुए हैं। घटना बरोदा थाना क्षेत्र के कथुरा गांव की है। पुलिस ने घायल की शिकायत पर दो युवकों के खिलाफ हत्या समेत विभिन्न धाराओं में केस दर्ज किया है। मृतक की पहचान रोहतक के गढ़ी बोहर निवासी मोंटी (20) के तौर पर हुई। मोंटी हरिद्वार में होटल चलाता था। उसके पिता देवेंद्र CRPF से रिटायर्ड हैं। मोंटी के एक भाई व दो बहनें भी हैं। परिवर का कहना है कि वह कथुरा गांव में अपने मामा के घर गया था। अब सिलसिलेवार ढंग से जानिए पूरा मामला… 7 दिन पुरानी रंजिश के बाद राजीनामे के लिए पहुंचे रोहतक के फ्रेंड्स कॉलोनी सेक्टर-28 निवासी अंकुश ने बताया कि वह बाबा मस्तनाथ, रोहतक से डी-फार्मेसी का कोर्स कर रहा है। 25 जुलाई की रात करीब 10:30 बजे वह अपने दोस्त मोंटी, शुभम, प्रीतम और मोहित के साथ गांव कथुरा में सुंडे की बैठक में बैठा था। इसी दौरान उसने मोंटी को बताया कि 7 दिन पहले मोखरा निवासी पंकज उर्फ भोलू ने उसे “देख लेने” की धमकी दी थी। इसके बाद दोनों के बीच रंजिश चल रही थी। राजीनामे के बहाने बुलाया, फिर शुरू की मारपीट शिकायत के अनुसार, इसी रंजिश को खत्म करने के लिए वह, उसका दोस्त मोंटी और शुभम दादा फुल सिंह एकेडमी, कथुरा के बाहर राजीनामा करने पहुंचे। कुछ देर बाद प्रीतम और मोहित भी वहां आ गए। आरोप है कि वहां पहुंचते ही पंकज उर्फ भोलू ने पुरानी रंजिश को लेकर गाली-गलौज शुरू कर दी और थप्पड़-मुक्कों से मारपीट करने लगा। इसी दौरान उसका साथी, पलवल निवासी शिवम उर्फ जस्सा भी मौके पर पहुंच गया। इसके बाद दोनों ने मिलकर अंकुश, मोंटी और प्रीतम के साथ मारपीट की। मोंटी की जांघ, अंकुश के सिर-गर्दन और प्रीतम की बाजू पर चाकू मारा आरोप है कि पंकज उर्फ भोलू ने अपनी जेब से चाकू निकालकर मोंटी की जांघ में वार किया। इसके बाद उसने अंकुश की गर्दन, सिर और बाजुओं पर बारी-बारी से चाकू से हमला किया। प्रीतम की बाजू पर भी चाकू मारा गया। शिकायत के अनुसार, हमला जान से मारने की नीयत से किया गया, जिसमें अंकुश और प्रीतम गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि मोंटी की चाकू लगने से मौत हो गई। धमकी देकर हथियार सहित मौके से फरार हुए आरोपी शिकायत में कहा गया है कि घटना के दौरान गांव कथुरा निवासी प्रवीण पुत्र सतबीर भी मौके पर पहुंच गया था। इसके बाद पंकज उर्फ भोलू और शिवम उर्फ जस्सा उन्हें जान से मारने की धमकी देते हुए हथियार सहित मौके से फरार हो गए। CHC चिड़ी में मृत घोषित, फिर खानपुर PGI भेजा गया शव पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, सूचना मिलने पर थाना बरोदा पुलिस सीएचसी चिड़ी पहुंची, जहां मोंटी को मृत घोषित किया गया। इसके बाद शव को पोस्टमॉर्टम के लिए पहले सामान्य अस्पताल गोहाना और फिर खानपुर PGI रेफर किया गया। वहीं, घायल अंकुश और प्रीतम का रोहतक PGI में मेडिकल कराया गया। हत्या समेत विभिन्न धाराओं में केस दर्ज बरोदा थाने के सब इंस्पेक्टर दवेंद्र ने बताया कि पंकज उर्फ भोलू और उसके साथी शिवम उर्फ जस्सा के खिलाफ बीएनएस की धारा 103(1), 109(1), 115(2), 118(1), 351(3) और 3(5) के तहत केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
Source link
हरियाणा में समझौते के लिए बुलाकर युवक की हत्या:हरिद्वार में होटल चलाता था, पिता CRPF से रिटायर; हमले में दो दोस्त भी घायल
