पानीपत में खेत में शराब पीने से मना करने पर किसान पर जानलेवा हमला करने के मामले में इसराना थाना पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। यह वारदात 18 मई की रात को अंजाम दी गई थी। पुलिस ने शनिवार को मुख्य आरोपी को पकड़ा, जिसकी निशानदेही पर देर रात दो अन्य सह-आरोपियों को भी दबोच लिया गया। रविवार को तीनों आरोपियों को कोर्ट में पेश किया गया, जहां से अदालत ने उन्हें एक दिन के पुलिस रिमांड पर भेज दिया है। पकड़े गए आरोपियों की पहचान साहब सिंह, उसका सगा भाई हरीश और परीक्षित तीनों निवासी गांव मांड़ी के रूप में हुई है। शराब पीने से टोकना पर किया हमला थाना इसराना प्रभारी इंस्पेक्टर हरिराम ने बताया कि पीड़ित किसान सतपाल मूल निवासी गांव मांड़ी, हाल निवासी सेक्टर-12, सोनीपत 18 मई को अपने खेत के काम से गांव आए थे और रात को खेत में बने कोठड़े में ही सो रहे थे। पूछताछ में मुख्य आरोपी साहब सिंह ने बताया कि 18 मई की रात करीब 10:30 बजे वह अपने साथी राजबीर के साथ समालखा से बाइक पर लौट रहा था। गांव के पास पहुंचकर दोनों सतपाल के खेत में बैठकर शराब पीने लगे। जब सतपाल ने उन्हें अपने खेत में शराब पीने से रोका, तो उनके बीच कहासुनी और गाली-गलौज हो गई। लाठी-डंडों से बुरी तरह पीटा था कहासुनी के बाद मामला यहीं शांत नहीं हुआ। रंजिश में आकर आरोपी साहब सिंह के भाई हरीश और उसके दोस्त परीक्षित को इस बात की भनक लगी। इसके करीब एक घंटे बाद, आरोपी पल्सर बाइक पर सवार होकर लाठी-डंडों से लैस होकर खेत में पहुंचे। तीनों आरोपियों ने कोठड़े में सो रहे किसान सतपाल पर जानलेवा हमला कर दिया। बुरी तरह पीटकर अधमरी हालत में छोड़कर मौके से फरार हो गए। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की थी।
Source link
पानीपत में किसान पर हमले के 3 आरोपी गिरफ्तार:खेत में शराब पीने से रोका था; सोते समय लाठी-डंडों से बुरी तरह पीटा था
