![]()
करनाल जिले में नशा तस्करों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत सीआईए-1 करनाल टीम ने कार्रवाई करते हुए दो अलग-अलग मामलों में कुल 42 किलो 970 ग्राम नशीला पदार्थ बरामद किया है। इस कार्रवाई में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। कार्रवाई पुलिस अधीक्षक के निर्देशों पर सीआईए-1 के इंचार्ज निरीक्षक संदीप सिंह के नेतृत्व में की गई। दोनों मामलों में आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत कानूनी कार्रवाई की गई है। पहले मामले में 20 किलो 770 ग्राम चूरा पोस्त बरामद पहले मामले में थाना असंध में दर्ज एनडीपीएस एक्ट के मुकदमे के तहत आरोपी कोमल सिंह निवासी गांव खेड़ी सरफली, थाना असंध को गिरफ्तार किया गया। पुलिस टीम ने उसे नया बाइपास रोड, कन्हैया चौक असंध से रतक की ओर जाने वाली सड़क से काबू किया। तलाशी के दौरान आरोपी के कब्जे से 20 किलो 770 ग्राम चूरा पोस्त बरामद हुआ। जांच में सामने आया कि आरोपी के खिलाफ पहले भी एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज है। प्रारंभिक पूछताछ में उसने जल्दी अमीर बनने के लालच में नशा तस्करी करने की बात स्वीकार की। आरोपी को कोर्ट में पेश कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। दूसरे मामले में 22 किलो 200 ग्राम डोडा पोस्त मिला दूसरे मामले में पुलिस ने अमित कुमार उर्फ बिट्टू निवासी गांव बसी, थाना असंध को गिरफ्तार किया। उसे 152-डी पुल के नीचे बाहरी क्षेत्र से पकड़ा गया। आरोपी के पास से 22 किलो 200 ग्राम डोडा पोस्त बरामद किया गया। पूछताछ में आरोपी ने अवैध तस्करी कर मुनाफा कमाने की बात स्वीकार की। उसे कोर्ट में पेश किया गया, जहां से पांच दिन का पुलिस रिमांड लिया गया है। नेटवर्क की जांच जारी, पुलिस की अपील पुलिस रिमांड के दौरान आरोपी से गहन पूछताछ कर नशा तस्करी के नेटवर्क और अन्य संलिप्त लोगों के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है। जिला पुलिस करनाल ने आमजन से अपील की है कि नशा तस्करी से संबंधित किसी भी सूचना को तुरंत पुलिस तक पहुंचाएं। सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान गोपनीय रखी जाएगी।
Source link
करनाल पुलिस ने अरेस्ट किए दो नशा तस्कर:तलाशी में डोडा पोस्त बरामद, जल्दी अमीर बनने का लालच, नेटवर्क खंगाल रही पुलिस







