जींद जिले के थाना साइबर क्राइम जींद में एक व्यक्ति से फेसबुक पर टाटा सोलर फ्रेंचाइजी दिलाने के नाम पर 3 लाख 20 हजार 200 रुपए की ठगी का मामला दर्ज किया गया है। शिकायत के आधार पर पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ धारा 318(4) BNS के तहत केस दर्ज कर जांच
.
गांव शामदो, तहसील अलेवा, जिला जींद के रहने वाले संदीप कुमार ने बताया कि वह गांव में किराना की दुकान चलाता है। 4 जनवरी 2026 को उसने अपने मोबाइल के फेसबुक पर Tata सोलर फ्रेंचाइजी (डीलरशिप) लेने का एक विज्ञापन देखा। विज्ञापन में दी गई लिंक पर उसने अपनी पूरी जानकारी — आधार कार्ड, पैन कार्ड, मोबाइल नंबर और ईमेल आईडी — भरकर भेज दी।
5 जनवरी 2026 को उसके मोबाइल नंबर पर दो अलग-अलग नंबरों से कॉल आई, जिसमें कॉल करने वालों ने खुद को Tata सोलर कंपनी, मुंबई का प्रतिनिधि बताया। उन्होंने कहा कि उसकी फ्रेंचाइजी रिक्वेस्ट मंजूर हो गई है और सिक्योरिटी के तौर पर 25,000 रुपए जमा कराने होंगे। शिकायतकर्ता ने बताए गए IDBI बैंक खाते में 25,000 रुपए ट्रांसफर कर दिए।
इसके बाद 20 जनवरी 2026 को उसे फिर कॉल आई और 200 रुपए इंडियन बैंक खाते में भेजने को कहा गया। उसी दिन दोबारा कॉल कर 45,000 रुपए बैंक ऑफ इंडिया खाते में भेजने को कहा गया, ताकि तीन साल का एग्रीमेंट हो सके। शिकायतकर्ता ने यह राशि भी भेज दी।
7 फरवरी 2026 को कॉल करने वालों ने कहा कि कंपनी की ओर से सोलर प्लेटें, इनवर्टर, स्टैंड और अन्य सामान भेजा जाएगा तथा दो व्यक्ति ट्रेनिंग देने आएंगे। इसके लिए 2,50,000 रुपए भेजने को कहा गया। शिकायतकर्ता ने 7 फरवरी से 16 फरवरी 2026 के बीच अलग-अलग तारीखों में कुल 2,50,000 रुपए भेज दिए।
16 फरवरी को फिर कॉल आई कि 60,000 रुपए गाड़ी का किराया भेजो, बाकी रकम चेक से वापस कर दी जाएगी। जब शिकायतकर्ता ने पैसे भेजने से मना किया, तो कॉल करने वालों ने संपर्क बंद कर दिया।
शिकायतकर्ता को तब एहसास हुआ कि उसके साथ ठगी हुई है। उसने 20 फरवरी 2026 को साइबर पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराई। कुल 3,20,200 रुपए की धोखाधड़ी की पुष्टि होने पर थाना साइबर क्राइम जींद में मामला दर्ज किया गया।
पुलिस ने बताया कि आरोपियों की पहचान और बैंक खातों की जांच की जा रही है। मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई जारी है।
