सोनीपत14 घंटे पहले
- कॉपी लिंक
सुसाइड करने वाले नवनी की मांग कांग्रेस नेत्री संतोष कादियान सोनीपत नगर निगम चुनाव में वार्ड-5 से पार्षद प्रत्याशी हैं। सुसाइड के बाद नवीन के शव को सिविल हॉस्पिटल में रखवाया गया है। इनसेट में नवीन की फाइल फोटो।
हरियाणा के सोनीपत में कांग्रेस महिला विंग की प्रदेश महासचिव संतोष कादियान के 32 वर्षीय बेटे नवीन ने घर में सुसाइड कर लिया। शव फंदे पर लटका मिला। संतोष कादियान सोनीपत नगर निगम में वार्ड-5 से पार्षद का चुनाव लड़ रही हैं। नवीन ही मां का चुनाव प्रचार संभाल रहा था। उसने बुधवार रात तक मां के प्रचार पोस्टर लगवाए। परिजनों के मुताबिक नवीन ने जब यह कदम उठाया, उस वक्त संतोष खाना खाने गईं थी।
बेटे का शव फंदे पर लटका देख परिवार के होश उड़ गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को फंदे से उतारकर पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल में पहुंचाया। पुलिस के अुनसार, शुरुआती जांच में सामने आया हे कि नवीन को डायबिटीज थी। ढाई माह पहले उसकी नौकरी छूट गई थी। वह दो बेटियों का पिता भी था।
बता दें कि संतोष कादियान कांग्रेस का टिकट न मिलने से नाराज होकर निर्दलीय मैदान में उतरी हैं।10 मई को वोट डाले जाएंगे।
नवीन के सुसाइड पर मां संतोष कादियान ने कहा कि बेटे ने गलत कदम उठाया।
सिलसिलेवार ढंग से जानिए पूरा मामला…
- डायबिटीज से परेशान, राजस्थान में करता था काम : मां संतोष कादियान के मुताबिक, नवीन शुगर (डायबिटीज) की बीमारी से पीड़ित था और कई बार उसका शुगर लेवल काफी बढ़ जाता था। वह राजस्थान के भिवाड़ी में काम करता था। करीब ढाई महीने पहले उसकी नौकरी छूट गई थी। उसकी बड़ी बेटी 11 साल की है, जबकि छोटी बेटी ढाई साल की। इसके अलावा परिवार में माता-पिता और बड़ा भाई अजय भी हैं। अजय की भी तीन बेटियां हैं।
- मां के चुनाव प्रचार में निभा रहा था सक्रिय भागीदारी : नवीन की मां संतोष कादियान वर्तमान में वार्ड नंबर-5 से आजाद उम्मीदवार के तौर पर नगर निगम पार्षद का चुनाव लड़ रही है। नौकरी जाने बाद नवीन पूरी तरह से मां के साथ उनके चुनावी प्रचार में व्यस्त था। मां के मुताबिक, नवीन देर रात तक चुनाव प्रचार में जुटा हुआ था। वह तड़के करीब 4 बजे तक बैनर लगाने का काम करके लौटा था।
- दिन में चुनावी कार्यालय में भी काम किया : मां संतोष के मुताबिक, गुरुवार को दिन में भी वह अपनी मां के साथ चुनावी कार्यालय में सक्रिय था। दोपहर करीब 2 बजे वह घर खाना खाने आईं। नवीन उन्हें वापस कार्यालय छोड़कर आया। तब वह काफी खुश दिखाई दे रहा था। ऐसी कोई बात नहीं दिखाई दी थी कि नवीन सुसाइड जैसा भी कोई कदम उठा सकता है।
- घर के चौबारे में बने कमरे में लगाया फंदा : मां संतोष को चुनावी कार्यालय छोड़कर आने के करीब आधे घंटे बाद ही उसने घर के चौबारे में बने कमरे में फांसी का फंदा लगा लिया। पता चलते ही परिजन तुरंत मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी। सूचना पुलिस को दी गई। पुलिस ने शव को फंदे से उतारकर पोस्टमॉर्टम के लिए भिजवाया।
जिला नागरिक अस्पताल के पोस्टमॉर्टम हाउस पर मौजूद नवीन के परिजन।
मां बोलीं- कोई झगड़ा नहीं, गलत कदम उठाया
चुनावी माहौल के बीच संतोष कादियान के परिवार में अचानक हुई इस घटना ने हर किसी को स्तब्ध कर दिया। बेटे की मौत पर संतोष कादियान बेहद दुखी हैं। उन्होंने बताया कि घर में किसी प्रकार का कोई झगड़ा या विवाद नहीं था। बेटे का यह कदम बेहद गलत है और उन्हें समझ नहीं आ रहा कि उसने ऐसा क्यों किया। उन्होंने बेटे के इस फैसले पर गहरा दुख जताया।
उधर, इस घटना के बाद आसपास के इलाके में शोक की लहर दौड़ गई। नाते-रिश्तेदारों के अलावा सामाजिक और राजनीति से जुड़े लोगों ने उनके घर पहुंच कर दुख जताया।
बेटे नवीन के सुसाइड के बाद पार्षद प्रत्याशी संतोष कादियान के घर पर शोक जताते पहुंचे लोग।
पुलिस जांच में जुटी, पोस्टमार्टम आज
इस मामले में थाना प्रभारी का कहना है कि शव को कब्जे में लेकर सिविल अस्पताल में पोस्टमार्टम के लिए रखवाया गया है। आज शुक्रवार को पोस्टमार्टम कराया जाएगा। पुलिस पूरे मामले की गहनता से जांच कर रही है। बीमारी, नौकरी छूटने के अलावा अन्य कई बिंदुओं पर जांच की जा रही है, ताकि आत्महत्या के पीछे के कारणों का पता लगाया जा सके।
—————————–
ये खबर भी पढ़ें…
सोनीपत कांग्रेस में बगावत:प्रदेश महासचिव बोलीं-हुड्डा ने वादा करके टिकट नहीं दिया; सैलजा गुट के जिला महामंत्री बेटे को निर्दलीय लड़ाएंगे
हरियाणा में लंबे समय बाद संगठन बनने के बाद पहला लोकल बॉडी चुनाव लड़ रही कांग्रेस में खुलकर बगावत सामने आ गई है। सोनीपत नगर निगम में पार्षदों की कैंडिडेट लिस्ट आने के बाद कई नेताओं की नाराजगी खुलकर सामने आ गई है। बेटे को पार्षद का टिकट दिलाने में असफल रहे पार्टी के जिला महामंत्री सतबीर निर्माण ने दो टूक कह दिा कि वे बेटे को निर्दलीय मैदान में उतारेंगे। (पूरी खबर पढ़ें)
