रेवाड़ी9 घंटे पहले
- कॉपी लिंक
उत्तर प्रदेश विधानसभा पहुंचने पर हरियाणा विधानसभा कमेटी का स्वागत करते हुए।
हरियाणा विधानसभा की शिक्षा समिति ने उत्तर प्रदेश विधानसभा का अध्ययन दौरा किया। समिति के अध्यक्ष एवं रेवाड़ी विधायक लक्ष्मण सिंह यादव के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल ने दोनों राज्यों की शिक्षा और मेडिकल शिक्षा व्यवस्था पर विस्तृत चर्चा की। बैठक का उद्देश्य शिक्षा क्षेत्र में अपनाए जा रहे बेहतर मॉडल, नवाचार और अनुभवों का आदान-प्रदान कर शिक्षा व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाना रहा।
लक्ष्मण सिंह यादव ने बताया कि बैठक में हरियाणा और उत्तर प्रदेश के प्रतिनिधियों ने अपनी-अपनी शिक्षा नीतियों, योजनाओं और सुधारों की जानकारी साझा की। उत्तर प्रदेश सरकार के अधिकारियों ने स्कूल शिक्षा, उच्च शिक्षा, तकनीकी शिक्षा, मेडिकल एवं इंजीनियरिंग संस्थानों, विभिन्न पाठ्यक्रमों में उपलब्ध सीटों, डिजिटल शिक्षण प्रणाली और शिक्षा सुधारों पर विस्तृत प्रस्तुतीकरण दिया।
शिक्षा और मेडिकल शिक्षा पर चर्चा करते कमेटी के सदस्य और अधिकारी।
उन्होंने कहा कि दोनों राज्यों की शिक्षा प्रणालियों का तुलनात्मक अध्ययन कर विद्यार्थियों के हित में बेहतर नीतियां अपनाने पर सहमति बनी। साथ ही एक-दूसरे के सफल मॉडलों से सीख लेकर शिक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने पर भी जोर दिया गया।
उत्तर प्रदेश विधानसभा में हुई बैठक
प्रतिनिधिमंडल ने उत्तर प्रदेश विधानसभा में आयोजित बैठक में भाग लिया, जहां शिक्षा व्यवस्था से जुड़े विभिन्न विषयों पर विस्तार से चर्चा हुई। हरियाणा की ओर से विधायक बलराम दांगी, विधायक शीशपाल सिंह, विधायक बिजेंद्र डहीना तथा विधानसभा के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।
उत्तर प्रदेश विधानसभा में कमेटी के सदस्य।
वरिष्ठ अधिकारियों ने किया प्रस्तुतीकरण
उत्तर प्रदेश सरकार एवं विधानसभा की ओर से एडवाइजर मोहम्मद मसूद, अपर मुख्य सचिव (शिक्षा) पार्थ सारथी सेन, निदेशक स्कूल शिक्षा मोनिका रानी, कैप्टन मनीष रॉय और स्पेशल सेक्रेटरी शिक्षा निधि श्रीवास्तव सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारियों ने बैठक में हिस्सा लिया। बैठक के अंत में दोनों राज्यों के प्रतिनिधियों ने ऐसे संवाद भविष्य में भी जारी रखने पर सहमति जताई, ताकि शिक्षा क्षेत्र में बेहतर नीतियों और नवाचारों को बढ़ावा दिया जा सके।
