पुलिस ने जीरकपुर में स्पा सेंटर से पकड़ी युवतियां।
जीरकपुर के वीआईपी रोड स्थित एक स्पा सेंटर पर पुलिस ने 10 जून को छापेमारी की। इस कार्रवाई में 2 विदेशी महिलाओं सहित कुल 6 युवतियों को रेस्क्यू किया गया। पुलिस को आशंका है कि स्पा सेंटर की आड़ में नियमों के विपरीत गतिविधियां संचालित की जा रही थीं।
.
पुलिस को स्पा सेंटर में कथित अनियमितताओं की सूचना मिली थी। इसके बाद एक टीम ने मौके पर पहुंचकर स्पा सेंटर की तलाशी ली और वहां मौजूद कर्मचारियों व अन्य लोगों से पूछताछ की। जांच के दौरान, पुलिस ने स्पा सेंटर से रेस्क्यू की गई युवतियों के दस्तावेजों, पहचान पत्रों और कानूनी स्थिति की पड़ताल शुरू की है। (पढ़ें पूरी खबर)
मोहाली अस्पताल में मरीज की मौत, परिजनों का हंगामा
मोहाली में खरड़-लांडरा हाईवे स्थित होली बेसिल अस्पताल में मरीज की इलाज के दौरान मौत के बाद हंगामा हुआ। मृतक के परिजनों ने अस्पताल प्रबंधन पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए अस्पताल के बाहर प्रदर्शन किया। पुलिस ने देर शाम शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू की।
चुन्नी खुर्द निवासी 62 वर्षीय हरजिंदर 24 मई को पत्थरी के इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती हुए थे। गॉलब्लैडर के ऑपरेशन के बाद उन्हें 26 मई को छुट्टी दे दी गई थी। हालांकि, 28 मई को तबीयत बिगड़ने पर उन्हें दोबारा अस्पताल में भर्ती कराया गया। डॉक्टरों ने आंतों में संक्रमण की बात कहकर उनका इलाज शुरू किया था।
मृतक के भतीजे अमनजीत सिंह ने बताया कि हरजिंदर सिंह खुद मोटरसाइकिल चलाकर अस्पताल पहुंचे थे और उनकी सेहत ठीक थी। अस्पताल में भर्ती होने के बाद उनकी हालत लगातार बिगड़ती गई और मंगलवार रात 11 बजे उनकी मौत हो गई। उसने आरोप लगाया कि मरीज को उचित डाइट के बजाय मैगी खिलाई जा रही थी, जिसके बाद उनकी तबीयत और खराब हुई। पूरी खबर पढ़ें…
BJP अध्यक्ष नितिन 3 दिन के दौरे पर आएंगे
पंजाब में 2027 के विधानसभा चुनावों को लेकर भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने अभी से तैयारी शुरू कर दी है। इसी कड़ी में भाजपा के नवनियुक्त राष्ट्रीय पदाधिकारियों के दौरों का सिलसिला शुरू होने जा रहा है।
भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन आगामी 20 से 22 जून तक पंजाब के तीन दिवसीय दौरे पर आ रहे हैं। अध्यक्ष बनने के बाद नितिन नबीन का यह पहला पंजाब दौरा है।आगामी विधानसभा चुनावों के मद्देनजर बेहद अहम माना जा रहा है।
जानकारी के अनुसार नितिन नबीन पंजाब दौरे की शुरुआत दरबार साहिब में माथा टेकने के साथ करेंगे। हालांकि, पार्टी नेताओं का कहना है कि यह दौरा अभी प्रस्तावित है और इसकी रूपरेखा को अंतिम रूप दिया जा रहा है। पूरी खबर पढ़ें…
नीट अभ्यर्थियों का बस किराया माफ, पंजाब कैबिनेट ने लिया फैसला
पंजाब में कैबिनेट की बैठक आज मुख्यमंत्री भगवंत मान की अध्यक्षता में हुई। बैठक में फैसला लिया गया कि 20, 21 और 22 जून को होने वाली नीट परीक्षा में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों और उनके साथ आने वाले एक अटेंडेंट का बस किराया माफ किया जाएगा।
इस परीक्षा में प्रदेश के करीब 28 हजार अभ्यर्थी शामिल होंगे। सरकार ने रोजगार के मोर्चे पर भी अहम फैसले लिए हैं। पीडब्ल्यूडी (सिविल और इलेक्ट्रिकल) विभाग में जूनियर इंजीनियर के 156 पद भरे जाएंगे। ये ग्रुप-बी के पद हैं। इसके अलावा, पंजाब लेक्चरर कैडर के 1013 पदों पर भर्ती के लिए आयु सीमा में पांच वर्ष की छूट देने का फैसला किया गया है। पूरी खबर पढ़ें…
मानसा में सड़क हादसे में 2 युवकों की मौत, ट्रॉले ने बाइक को मारी टक्कर
मानसा के भीखी के पास बहादुर सिंह वाला ड्रेन पुल के निकट सड़क हादसे में मोटरसाइकिल सवार दो युवकों की मौत हो गई। यह घटना ट्रॉले की टक्कर से हुई। मृतकों की पहचान हमीरगढ़ ढप्पई निवासी सुखवीर सिंह (18) और रणिंदर सिंह (18) के रूप में हुई है।
जानकारी के अनुसार, दोनों युवक मोटरसाइकिल पर हमीरगढ़ ढप्पई गांव की ओर जा रहे थे। इसी दौरान एक ट्रॉले ने उनकी मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों युवकों ने गंभीर चोटों के कारण मौके पर ही दम तोड़ दिया। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का जायजा लिया और मामले की जांच शुरू कर दी है। आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है। पूरी खबर पढ़ें…
मामा हाईकोर्ट में हत्या का केस लड़ते रहे, भांजी कनाडा में जिंदा मिली
जिस भांजी को मृत मानकर उसका मामा वर्षों से कानूनी लड़ाई लड़ रहा था, वह कनाडा में जिंदा मिली है। पंजाब एंड हरियाणा हाईकोर्ट ने पुलिस जांच, पासपोर्ट रिकॉर्ड और वीडियो कॉल के सबूतों के आधार पर यह मानते हुए याचिका खारिज कर दी कि देविंदर कौर जीवित है।
जस्टिस सूर्य प्रताप सिंह की अदालत ने कहा कि रिकॉर्ड पर ऐसे पर्याप्त और भरोसेमंद सबूत मौजूद हैं, जो साबित करते हैं कि देविंदर कौर जिंदा है। ऐसे में उसके पिता और अन्य लोगों के खिलाफ हत्या का मामला चलाने या एसआईटी जांच कराने की जरूरत नहीं है। पूरी खबर पढ़ें…
मोहाली के मेजर अर्शदीप सिंह को कीर्ति चक्र, राष्ट्रपति ने किया सम्मानित
पंजाब के मोहाली (सेक्टर-79) के रहने वाले भारतीय सेना के अफसर मेजर अर्शदीप सिंह गिल को देश के दूसरे सबसे बड़े शांतिकालीन वीरता पुरस्कार ‘कीर्ति चक्र’ से सम्मानित किया गया है। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने नई दिल्ली स्थित राष्ट्रपति भवन में आयोजित ‘डिफेंस इन्वेस्टीचर सेरेमनी’ के दौरान उन्हें इस प्रतिष्ठित सम्मान से नवाजा। मेजर अर्शदीप सिंह ने मणिपुर में उग्रवादियों के खिलाफ चले बेहद संवेदनशील और चुनौतीपूर्ण ऑपरेशन में अदम्य साहस का परिचय दिया था। पूरी खबर पढ़ें…
पठानकोट में 13 तोला सोना चोरी, खिड़की उखाड़कर घुसे चोर
चोरी के बाद रोती हुई महिला।
पठानकोट के भोआ हल्के के राजपरुरा गांव में एक घर से अज्ञात चोरों ने लाखों रुपए की नकदी और 13 तोला सोने के गहने चुरा लिए। यह घटना मंगलवार रात हुई। पीड़ित रोहित ने बताया कि उनका घर नेशनल हाईवे के किनारे स्थित है।
उन्होंने कहा कि परिवार के सदस्य रात करीब 12 बजे सो गए थे। रात लगभग 3 बजे उनकी आंख खुली, जिसके बाद वह पानी पीकर दोबारा सो गए। सुबह करीब 6 बजे उनकी पत्नी ने उन्हें जगाया और बताया कि घर की अलमारी खुली हुई है और सामान गायब है। पूरी खबर पढ़ें…
