भाजपा के पंजाब अध्यक्ष केवल सिंह ढिल्लों ने नियुक्तियों की घोषणा की। – फाइल फोटो
भारतीय जनता पार्टी ने पंजाब में संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने के उद्देश्य से प्रदेश के विभिन्न संगठनात्मक जिलों के लिए नए जिला अध्यक्षों की नियुक्ति की घोषणा की है। प्रदेश अध्यक्ष केवल सिंह ढिल्लों ने शनिवार को इन नियुक्तियों का ऐलान किया।
.
ये नियुक्तियां भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन की सहमति से की गई हैं। प्रदेश अध्यक्ष केवल सिंह ढिल्लों ने कहा कि भाजपा पंजाब में अपने संगठनात्मक ढांचे को लगातार मजबूत कर रही है, ताकि पार्टी को बूथ स्तर से लेकर हर क्षेत्र तक और अधिक प्रभावी बनाया जा सके।
उन्होंने विश्वास जताया कि सभी नवनियुक्त जिला अध्यक्ष अपने अनुभव, समर्पण और मेहनत से संगठन को नई मजबूती देंगे तथा केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को आम जनता तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभाएंगे। पढ़ें पूरी खबर…

फरीदकोट में छात्र को पीटा, बाथरूम में बंद किया, प्रिंसिपल-टीचर पर केस

फरीदकोट जिले के गांव डोड स्थित सरकारी हाई स्कूल में 10वीं के एक 14 वर्षीय छात्र के साथ बर्बरता और अमानवीय व्यवहार का मामला सामने आया है। स्कूल के बाथरूम में लिखे आपत्तिजनक शब्दों के शक में छात्र की बेरहमी से पिटाई की गई और उसे दो घंटे तक बाथरूम में ही बंधक बनाकर रखा गया।
छात्र के पिता चमकौर सिंह की शिकायत पर थाना बाजाखाना पुलिस ने स्कूल के प्रिंसिपल तरसेम लाल मोंगा और क्लास इंचार्ज शिक्षक कुलविंदर सिंह के खिलाफ मामला दर्ज कर कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। स्कूल जैसी सुरक्षित जगह पर एक नाबालिग छात्र के साथ इस तरह की प्रताड़ना की घटना के बाद ग्रामीणों और बाल अधिकार कार्यकर्ताओं में गहरा रोष है। लोगों ने आरोपियों के खिलाफ सख्त से सख्त विभागीय और कानूनी कार्रवाई की मांग की है। (पढ़ें पूरी खबर)
पंजाबी युवक की ऑस्ट्रेलिया में मौत, तेल टैंकर से भिड़ा ट्रेलर

बटाला के गांव वैरोनंगल के रहने वाले युवक की ऑस्ट्रेलिया में मौत हो गई। मृतक की पहचान सुखजिंदर सिंह संधू (29) के नाम से हुई। पिता वस्सन सिंह संधू ने बताया कि उनके दो बेटे हैं और सुखजिंदर बड़ा है और साल 2018 में रोजी-रोटी के लिए ऑस्ट्रेलिया गया था।
जबकि दो दिन पहले उनके छोटे बेटे ने उन्हें फोन पर बताया कि सुखजिंदर, जो ट्रेलर ड्राइवर का काम करता था, सुबह मेलबर्न से सिडनी जाने वाले हाईवे पर सड़क किनारे खड़े एक तेल के टैंकर से टकरा गया। ट्रेलर में ज्वलनशील पदार्थ के ड्रम भरे होने के कारण टक्कर के तुरंत बाद जोरदार धमाका हुआ और गाड़ी में आग लग गई। आग लगने से सुखजिंदर सिंह की मौके पर ही मौत हो गई।
वहीं, इस हादसे की जानकारी ऑस्ट्रेलिया में रहने वाले सुखजिंदर सिंह के दोस्तों ने परिवार को दी। पिता ने बताया कि सुखजिंदर सिंह की शादी करीब दो साल पहले हुई थी और शादी के बाद वह ऑस्ट्रेलिया लौट गया था। वहीं, पिता मृतक बेटे के शव को भारत में उसके गांव लाने के लिए केंद्र सरकार से मदद मांग रहे हैं।
मानहानि केस में कंगना रनोट की सुनवाई टली, बठिंडा कोर्ट में अगली तारीख 3 अगस्त तय

बठिंडा में बॉलीवुड अभिनेत्री और सांसद कंगना रनोट के खिलाफ चल रहे मानहानि मामले की सुनवाई टल गई है। स्थानीय अदालत ने मामले की अगली तारीख 3 अगस्त तय की है। बीबी महिंदर कौर के वकील रघुबीर सिंह बहनीवाल ने बताया कि आज अदालत में मामले की सुनवाई होनी थी, लेकिन वकीलों की हड़ताल के कारण कार्रवाई नहीं हो सकी।
आज अदालत ने बीबी महिंदर कौर और उनके पोते गुरप्रीत सिंह को पेश होने के लिए बुलाया था, लेकिन वकीलों की हड़ताल के कारण गवाहों को पेश नहीं किया जा सका। अगली सुनवाई में गवाहों को पेश किया जाएगा। इसके अलावा पासपोर्ट जब्त करने के मामले पर भी बहस होगी। वकील बहनीवाल ने कहा कि अदालत के आदेश के बाद आगे की जानकारी साझा की जाएगी। (पढ़ें पूरी खबर)
मोहाली में डिवाइडर से टकराई तेज रफ्तार थार, एक की मौत; दूसरा गंभीर घायल

मोहाली में तेज रफ्तार थार अनियंत्रित होकर सड़क के बीच बने डिवाइडर के पिलर से टकरा गई। हादसे में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल है। घायल को इलाज के लिए निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, थार की रफ्तार अधिक थी। शुक्रवार देर रात कुंभड़ा लाइट पॉइंट के पास पहुंचते ही ड्राइवर का वाहन से नियंत्रण खो गया, जिसके बाद गाड़ी सड़क के बीच बने डिवाइडर के पिलर से टकरा गई।
टक्कर इतनी जोरदार थी कि वाहन का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी और घायलों को गाड़ी से बाहर निकालने का प्रयास किया। (पढ़ें पूरी खबर)
लुधियाना में जीजा ने साले पर ईंटें बरसाईं

लुधियाना में एक जीजा ने अपने साथियों के साथ मिलकर साले के घर पर हमला कर दिया। हमलावरों ने घर पर ईंट-पत्थर बरसाए और लोहे की सरियों से हमला किया। इस घटना में साला गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसके सिर पर गहरी चोटें आई हैं।
इस पूरी घटना का एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें कथित तौर पर देखा जा सकता है कि पहले दोनों पक्षों के बीच तीखी बहस और गाली-गलौज होती है। इसके बाद देखते ही देखते कुछ लोग घर पर ईंट-पत्थर बरसाना शुरू कर देते हैं। (पढ़ें पूरी खबर)
छापा मारने आई फूड सिविल सप्लाई टीम पर हमला

लुधियाना में अवैध रूप से घरेलू और औद्योगिक सिलेंडरों से गैस ट्रांसफर करने का मामला सामने आया है। कार्रवाई करने पहुंची सरकारी टीम पर हमला करने और सरकारी ड्यूटी में बाधा डालने के आरोप में थाना मोती नगर पुलिस ने एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है।
पुलिस ने मौके से सात बड़े और सात छोटे गैस सिलेंडर बरामद किए हैं, जबकि मामले में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश जारी है। पुलिस के अनुसार, यह कार्रवाई सहायक खाद्य एवं आपूर्ति विभाग, कॉरपोरेशन जोन-डी, सराभा नगर के अधिकारी नितिन कालिया की शिकायत के आधार पर की गई है।







