मार्शल आर्ट क्लास से 4 साल के बच्चे को लेकर जाते दो युवक। इनसेट में बच्चे की फाइल फोटो।
लुधियाना में एक 4 साल के बच्चे को कुछ बदमाश मार्शल आर्ट क्लास से जबरन उठाकर ले गए। बच्चे की मां ने आरोप लगाया कि उसके पति और ससुराल वालों ने बेटे का किडनैप कर लिया। पति के साथ उनका तलाक का केस चल रहा है।
.
मां मोनालिका ने बताया कि वह हर रोज की तरह वीरवार शाम को करीब सवा छह बजे अपने बेटे को सुंदर नगर स्थित ‘द ग्रेट इंडियन मार्शल आर्ट स्कूल’ में ट्रेनिंग के लिए छोड़कर आई थी। थोड़ी देर बाद ही पता चला कि बेटे को कोई कार में बिठाकर साथ ले गया।
पूरी वारदात पास में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई, जिसमें दो युवक बच्चे को गोद में उठाकर कार में ले जाते दिखाई दे रहे हैं। बेटे के लापता होने के बाद मां ने सोशल मीडिया पर वीडियो जारी कर पुलिस से बच्चे को सुरक्षित वापस लाने की गुहार लगाई।
उधर, मामला सामने आने पर पति करण बावा ने कहा कि मैंने कोई किडनैपिंग नहीं किया है। पत्नी के घरवालों की तरफ से ही कॉल कर कहा गया था कि बच्चे को ले जाओ। वहीं, मामला बढ़ने पर पुलिस ने मां की शिकायत पर जांच शुरू कर दी है।

पीड़ित मां ने कहा कि मेरे बच्चे को उसके ही पिता ने किडनैप कर लिया। रोते हुए वीडियो जारी किया।
पहले जानिए CCTV फुटेज में क्या नजर आया?
- सिल्वर बलेनो कार में बैठाकर बच्चा ले गएः सीसीटीवी फुटेज में साफ दिखाई दे रहा है कि सिल्वर बलेनो कार से दो युवक उतरकर सीधे मार्शल आर्ट क्लास के अंदर जाते हैं। कुछ ही सेकेंड बाद दोनों मासूम सुवास को जबरन गोद में उठाकर बाहर की ओर भागते नजर आते हैं।
- सिर कार से टकरायाः बच्चे को कार में बैठाने की जल्दबाजी में उसका सिर कार के दरवाजे से टकरा गया। इसके बाद आरोपी बच्चे को लेकर मौके से फरार हो गए।

सीसीटीवी फुटेज में दो युवक बच्चे को तेजी से मार्शल आर्ट क्लास की बिल्डिंग से गाड़ी की तरफ जाते दिख रहे हैं।

पत्नी का आरोप है कि पति का दोस्त भी साथ है जो आगे बैठता है। वहीं, आरोपी पिता बच्चे को गोद में लेकर पीछे बैठकर कार से फरार हो जाता है।
अब पढ़िए मां ने क्या बताया….
मार्शल आर्ट क्लास से 4 साल के बच्चे को उठाया
लुधियाना के सुंदर नगर महावीर जैन कॉलोनी में रहने वाली मोनालिका ने आरोप लगाया है कि उसके पति और ससुराल वालों ने उसके 4 वर्षीय बेटे सुवास का अपहरण कर लिया। घटना 16 जुलाई की शाम उस समय हुई, जब वह बेटे को ‘द ग्रेट इंडियन मार्शल आर्ट स्कूल’ में ट्रेनिंग के लिए छोड़कर आई थी।
CCTV में कैद हुई पूरी वारदात
शाम करीब 6:35 बजे सिल्वर रंग की बलेनो कार मार्शल आर्ट क्लास के बाहर आकर रुकी। सीसीटीवी फुटेज में दो युवक क्लास के अंदर जाते और मासूम सुवास को जबरन गोद में उठाकर कार में ले जाते दिखाई दे रहे हैं।
रोते हुए मां ने लगाई मदद की गुहार
बेटे के लापता होने के बाद मोनालिका का रो-रोकर बुरा हाल है। उसने सोशल मीडिया पर वीडियो जारी कर हाथ जोड़कर पुलिस, प्रशासन, मीडिया और लोगों से बच्चे को ढूंढने की अपील की। बताया कि आरोपी सिल्वर बलेनो और काले रंग की महिंद्रा थार में आए थे।
‘कोर्ट में केस चल रहा, कानून से मिले बच्चा’
मोनालिका ने कहा कि पति से उसका कोर्ट केस चल रहा है। अगर बच्चे से मिलना था तो कानूनी प्रक्रिया अपनानी चाहिए थी, न कि इस तरह जबरन उठाकर ले जाना। उसने कहा कि यह उसके मासूम बेटे की मानसिक स्थिति से जुड़ा मामला है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होनी चाहिए।
2020 में हुई थी शादी, अवैध संबंधों का लगाया आरोप
मोनालिका ने बताया कि उसकी शादी 27 जुलाई 2020 को ट्रांसपोर्टर करण से हुई थी। शादी के कुछ समय बाद उसे पति के दूसरी महिला से अवैध संबंधों का पता चला, जिसे लेकर दोनों के बीच विवाद बढ़ता गया। कई बार समझौते के बाद वह ससुराल लौटी, लेकिन स्थिति नहीं बदली।
नवंबर 2025 से मायके में रह रही, कोर्ट में चल रहा तलाक का केस
मोनालिका के अनुसार, नवंबर 2025 में पति के अवैध संबंध दोबारा सामने आने पर वह बेटे के साथ मायके आकर रहने लगी। दोनों के तलाक का केस कोर्ट में चल रहा है। उसका आरोप है कि पति कोर्ट के समन के बावजूद पेश नहीं हो रहा और अब गैर-कानूनी तरीके से बेटे को अपने साथ ले गया।

बच्चे की फाइल फोटो, जिसकी किडनैपिंग का पिता पर आरोप लगा।
पहले भी हुई थी किडनैपिंग की कोशिश, पुलिस ने दी थी वार्निंग
मां मोनालिका ने बताया कि यह कोई पहली घटना नहीं है। इससे पहले 10 जून को भी उसके पति, सास और अन्य लोगों ने थार गाड़ी लेकर उसके मायके घर पर आकर बेटे सुवास को जबरन किडनैप करने की कोशिश की थी।
उसके मायके वालों ने आगे आकर बड़ी मुश्किल से बच्चे को बचाया था। इलाके के लोगों ने मामला सुलझाया था, जिसके बाद थाना दरेसी के एसएचओ (SHO) दरेसी जसविंदर सिंह ने आरोपी पति को सख्त चेतावनी दी थी कि वह कोर्ट के आदेश या मां की अनुमति के बिना बच्चे को हाथ भी नहीं लगाएगा।

मामला बढ़ने के बाद पति भी बच्चे के साथ सामने आया और कार में से वीडियो जारी किया। उसने कहा कि बच्चा मेरे साथ खुश है और सेफ है।
पति बोला- किडनैप नहीं किया, बच्चा मेरी कस्टडी में
उधर, पति करण बावा का कहना है कि बेटा सुवास उनकी कस्टडी में है। पत्नी खुद घर छोड़कर गई थी और उस समय बच्चे को अपने साथ नहीं ले गई। बाद में वह अपने परिजनों के साथ घर आकर गहने ले गई और कथित तौर पर कहा था कि उसे बच्चे की कस्टडी नहीं चाहिए।
करण का कहना है कि इसके बावजूद पत्नी ने अदालत में बच्चे की कस्टडी को लेकर झूठी याचिका दायर की, झूठी एफआईआर कराने की धमकी दी। उनका कहना है कि बच्चे की कस्टडी का फैसला केवल गार्जियन कोर्ट कर सकता है, पुलिस नहीं।
पुलिस बोली- वारदात के बाद से पति फरार
घटना की सूचना मिलते ही थाना दरेसी की पुलिस हरकत में आई और सुंदर नगर पुलिस चौकी की टीम ने मामले की जांच शुरू कर दी। SHO दरेसी जसविंदर सिंह ने बताया कि शिकायत मिली है, जो कार्रवाई बनेगी वो करेंगे। कोर्ट में केस चल रहा है। देखना पड़ेगा कि लड़का किसकी कस्टडी में है, उसी हिसाब से एक्शन होगा।
————–
यह खबर भी पढ़ें- लुधियाना में चौथी क्लास के स्टूडेंट को डंडे से पिटाः मां बोलीं-टीचर ने जातिसूचक गालियां दी, शिकायत करने पर झूठे केस में फंसाने की धमकी

लुधियाना के सरकारी प्राइमरी स्कूल में चौथी कक्षा के छात्र की पिटाई की गई। जब अभिभावकों ने इसकी शिकायत की तो उनके साथ दुर्व्यवहार किया गया। परिजनों का आरोप है कि इस दौरान उन्हें जातिसूचक शब्द कहे गए और झूठे मामले में फंसाने की धमकी दी। पूरी खबर पढ़ें…







