Related Posts

PM मोदी के जींद दौरे की तैयारियां तेज:CM सैनी ने लिया रैली स्थल का जायजा, देश की पहली हाइड्रोजन ट्रेन को दिखाएंगे झंडी




हरियाणा के सीएम नायब सिंह सैनी ने 17 जुलाई को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रस्तावित जींद दौरे की तैयारियों का जायजा लिया। उन्होंने जींद रेलवे जंक्शन और रैली स्थल एकलव्य स्टेडियम का निरीक्षण कर प्रशासनिक व रेलवे अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। इसके बाद लोक निर्माण विश्रामगृह में उच्च स्तरीय समीक्षा बैठक की। बैठक के बाद पत्रकारों से बात करते हुए सीएम सैनी ने बताया कि प्रधानमंत्री मोदी जींद से देश की पहली हाइड्रोजन ट्रेन को हरी झंडी दिखाएंगे। उन्होंने कहा कि यह ऐतिहासिक सौगात न केवल देश बल्कि पूरे एशिया में अपनी तरह की पहली और बेमिसाल तकनीक है। सीएम ने जींद की भूमि को ऐतिहासिक और पवित्र बताया, जो भगवान श्रीकृष्ण की 48 कोस की परिक्रमा के भीतर आती है। ‘रैली में आने वाले अधिकतम वाहन इलेक्ट्रिक या सीएनजी होंगे’ सीएम सैनी ने रैली की सबसे बड़ी विशेषता बताते हुए कहा कि यह पूर्ण रूप से ‘इको-फ्रेंडली’ (पर्यावरण अनुकूल) होगी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के पर्यावरण संरक्षण और पेट्रोल-डीजल पर निर्भरता कम करने के विजन को आगे बढ़ाते हुए, रैली में आने वाले अधिकतम वाहन इलेक्ट्रिक या सीएनजी होंगे। रैली स्थल तक पहुंचने के लिए ई-रिक्शा और साइकिल का भी उपयोग किया जाएगा। उन्होंने बताया कि प्रदूषण को न्यूनतम रखने और भीड़ प्रबंधन के लिए प्रदेश भर में पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। हरियाणा के अलग-अलग स्थानों पर बड़ी एलईडी स्क्रीन्स लगाई जाएंगी, ताकि लगभग 2 से 2.5 लाख लोग अपने-अपने क्षेत्रों से ही सीधे प्रधानमंत्री के इस ऐतिहासिक विजन और संबोधन से जुड़ सकें। ‘आईएमटी के लिए उपयुक्त भूमि चिन्हित कर जल्द ही इसे अमलीजामा पहनाया जाएगा’ रिहाइशी क्षेत्र में बायोगैस प्लांट के विरोध से जुड़े सवाल पर सीएम ने स्पष्ट किया कि बायोगैस जैसे संसाधन देश को ऊर्जा के क्षेत्र में आत्मनिर्भर बनाने के लिए जरूरी हैं। यमुनानगर में भी हाल ही में 90 करोड़ की लागत से बायोगैस प्लांट का शिलान्यास किया गया है। हालांकि, उन्होंने स्थानीय लोगों को आश्वस्त करते हुए कहा कि अगर रिहाइशी इलाके के कारण कोई शिकायत या विषय सामने आया है, तो सरकार उसकी पूरी तरह से जांच करवाएगी। वहीं, पिल्लूखेड़ा (जींद) में 12 हजार एकड़ में आईएमटी बनाने की पुरानी घोषणा के सवाल पर उन्होंने कहा कि सरकार ने प्रदेश में 10 नई आईएमटी विकसित करने की दिशा में कदम उठाए हैं, और जींद के पास भी इसके लिए उपयुक्त भूमि चिन्हित कर जल्द ही इसे अमलीजामा पहनाया जाएगा। पेयजल संकट को लेकर चैनत गांव के किसानों द्वारा प्रधानमंत्री से मिलने की जिद पर सीएम ने बेहद संवेदनशीलता दिखाई। ‘450 डिग्गियों को चिन्हित किया जिनमें सेम का पानी आ रहा’ उन्होंने बताया, “गांव के लोग हमारे अपने बुजुर्ग और सम्मानित व्यक्ति हैं। हमारे मंत्री महिपाल ढांडा, रणबीर गंगवा और हांसी से विधायक विनोद भयाना ने भी उनसे मुलाकात की है। समस्या असल में जमीन के नीचे से आने वाले सेम के गंदे पानी की है। सीएम ने बड़ा फैसला सुनाते हुए कहा कि हरियाणा की ऐसी लगभग 450 डिग्गियों को चिन्हित किया गया है जिनमें सेम का पानी आ रहा है। इन सभी डिग्गियों को वाटरप्रूफ सीमेंट से रिपेयर कर तुरंत ठीक किया जाएगा। चैनत गांव के लिए विशेष रूप से मुख्य लाइन से डायरेक्ट पाइपलाइन जोड़ी जा रही है, ताकि ग्रामीणों को शुद्ध और पर्याप्त (डेढ़ क्यूसेक तक) पेयजल मिल सके। उन्होंने विश्वास जताया कि चैनत के ग्रामीण हमेशा की तरह विकास के इस महायज्ञ में भागीदार बनेंगे। ‘वैश्विक पटल पर भारत एक चमकते सितारे की तरह उभरा’ ​विपक्ष पर निशाना साधते हुए और केंद्र की तारीफ करते हुए सीएम ने कहा कि पिछले 12 वर्षों में प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व और तपस्या के कारण आज वैश्विक पटल पर भारत एक चमकते सितारे की तरह उभरा है। उन्होंने बुनियादी ढांचे का उदाहरण देते हुए कहा कि आज हरियाणा का कोई भी जिला ऐसा नहीं है जो फोर-लेन या ग्रीनफील्ड एक्सप्रेसवे (जैसे 152D) से न जुड़ा हो। एक्सप्रेसवे आज हरियाणा की रीढ़ की हड्डी बन चुके हैं। हिसार में पहला एयरपोर्ट और यमुनानगर में 800 मेगावाट का सुपर क्रिटिकल थर्मल पावर प्लांट इसी विकास की गति का प्रमाण हैं, जिसे अब सरकार तीन गुना रफ्तार से आगे बढ़ा रही है।



Source link

कोई जवाब दें

कृपया अपनी टिप्पणी दर्ज करें!
कृपया अपना नाम यहाँ दर्ज करें