पंजाब में निहंग जसदीप की दूसरे निहंग के साथ अश्लील फोटो वायरल करने वाले चर्चित निहंग विक्की थॉमस ने माफी मांगी है। विक्की ने महाराष्ट्र से पंजाब आकर निहंग संगठन बुड्ढा दल के सामने पेश होकर गलती स्वीकार की। विक्की ने भरोसा दिया कि आगे से उनके पास किस
.
बुड्ढा दल ने उनकी माफी स्वीकार करते हुए धार्मिक सजा सुनाई। विक्की थॉमस को अब बर्तनों की सफाई, घोड़ों को पानी पिलाने और लीद उठानी होगी। वहीं बुड्ढा दल ने ये भी साफ कर दिया कि जसदीप सिंह पर पहले लिया गया फैसला बरकरार रहेगा। उन्हें अगले आदेश तक निहंग बाणा पहनने, दस्तार सजाने और पंथ की अगुवाई की अनुमति नहीं होगी।
4 पॉइंट में जानिए, विक्की थॉमस माफी मांगने क्यों आए
- निहंग जत्थेदार बोले- पंथ की बदनामी हुई: बुड्ढा दल के दोआबा जोन के जत्थेदार मान सिंह ने कहा कि जसदीप सिंह से जुड़ा वीडियो और तस्वीरें सार्वजनिक होने के बाद संगत की ओर से लगातार मांग उठ रही थी कि विक्की थॉमस सामने आकर माफी मांगें। वीडियो से कई निहंगों की भावनाएं आहत हुईं और पूरे पंथ की बदनामी हुई। इसी वजह से उन्हें संगत के सामने पेश होकर माफी मांगने के लिए कहा गया।
- विक्की बोले-गलती हुई, दोबारा ऐसा नहीं होगा: विक्की थॉमस ने कहा कि उनसे गलती हुई है और वह संगत, निहंगों व जत्थेदारों से दिल से माफी मांगते हैं। भविष्य में यदि किसी व्यक्ति से जुड़ी कोई विवादित सामग्री उनके पास आती है तो वह पहले पंथ के जत्थेदारों के सामने रखेंगे। उनके निर्देश के बिना उसे सोशल मीडिया पर सार्वजनिक नहीं करेंगे।
- ‘गुस्से में फोटो डाला, पंथ और कौम की बदनामी हुई’: जत्थेदार महाकाल सिंह और बाबा शमशेर सिंह ने कहा कि विवाद से पहले जसदीप सिंह को सम्मानित कर फरला देने की तैयारी चल रही थी। विक्की थॉमस इस फैसले से नाराज थे। उनका मानना था कि ऐसे व्यक्ति को सम्मान नहीं मिलना चाहिए। इसी गुस्से में उन्होंने तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया पर पोस्ट कर दिए। हालांकि, इससे पूरे पंथ और कौम की बदनामी हुई।
- विक्की को सुनाई गई धार्मिक सेवा: बाबा शमशेर सिंह ने विक्की थॉमस को धार्मिक सेवा सुनाई। जब भी वह तख्त श्री हजूर साहिब जाएंगे, माता साहिब देवा जी के स्थान पर सरबलोह के बर्तनों की सफाई करेंगे। इसके अलावा पंथ खालसा के जोड़ मेलों में घोड़ों को पानी पिलाने और उनकी लीद उठाने की सेवा भी करेंगे।
पूरे विवाद की कहानी… फोटो से माफी तक
- आपत्तिजनक तस्वीरों से शुरू हुआ विवाद: पूरे विवाद की शुरुआत तब हुई जब विक्की थॉमस ने सोशल मीडिया पर निहंग जसदीप सिंह की कथित आपत्तिजनक तस्वीरें साझा कीं। उन्होंने दावा किया कि तस्वीरों में जसदीप सिंह दूसरे निहंग के साथ आपत्तिजनक हालत में हैं। विक्की ने लिखा कि इस घटना से जसदीप ने उनके मन में बनी अपनी अच्छी छवि एक झटके में खत्म कर दी।
- 11 मिनट का वीडियो, 100 से ज्यादा क्लिप होने का दावा: तस्वीरों के बाद विक्की ने करीब 11 मिनट का वीडियो जारी किया। उन्होंने दावा किया कि उनके पास ऐसी 100 से ज्यादा वीडियो क्लिप हैं। इसी वीडियो में उन्होंने जसदीप सिंह के साथ हुई वीडियो कॉल की रिकॉर्डिंग भी सार्वजनिक की।
- वीडियो कॉल में जसदीप ने गलती मानी: वीडियो कॉल में जसदीप सिंह ने कथित तौर पर स्वीकार किया कि तस्वीरों में वही हैं। उन्होंने कहा कि नशे की हालत में उनसे यह गलती हुई। इस पर विक्की ने कहा था, “यह गलती नहीं, गुनाह है।”
निहंग जसदीप पर कैसे हुई कार्रवाई…
पहली कार्रवाई में बाणा, दस्तार और अगुवाई पर रोक: विवाद सामने आने के बाद बुड्ढा दल ने जसदीप सिंह के खिलाफ पंथक कार्रवाई की। उन्हें अगले आदेश तक निहंग बाणा पहनने, दस्तार सजाने और पंथ की अगुवाई करने से रोक दिया गया। साथ ही पंथ में रहकर सेवा करने के निर्देश दिए गए।
बीच में सजा छोड़ने का दावा, माफी नहीं मिली: बुड्ढा दल के दोआबा जोन के जत्थेदार मान सिंह ने दावा किया कि पहली बार सुनाई गई सजा के दौरान जसदीप सिंह बीच में ही वहां से चले गए थे। इसलिए उन्हें किसी प्रकार की माफी नहीं दी गई। हालांकि बाद में जसदीप ने एक इंटरव्यू और पॉडकास्ट में दावा किया कि उन्हें बुड्ढा दल ने माफ कर दिया है।
बुड्ढा दल से माफी मांगते निहंग जसदीप सिंह।
पॉडकास्ट के बाद दूसरी बार धार्मिक दंड बुड्ढा दल ने इसके बाद दूसरा वीडियो जारी किया। इसमें जसदीप सिंह को संगल (जंजीरों) से बांधकर धार्मिक दंड दिया गया। निहंगों ने उन्हें डंडों से मारा और हर प्रहार के साथ “वाहेगुरु जी का खालसा, वाहेगुरु जी की फतेह” का जयकारा लगवाया। वीडियो में जसदीप दर्द से “हाय बाबा जी” कहते हुए भी सुनाई दिए।
मान सिंह ने कहा कि जसदीप को पहले माफी नहीं दी गई थी, बल्कि पंथ में रहकर सेवा करने के लिए कहा गया था। इसके बावजूद उन्होंने पॉडकास्ट में खुद को माफ किए जाने का दावा किया। एक निहंग ने कहा कि कथित कुकर्म और पॉडकास्ट, दोनों की वजह से उन्हें दोबारा धार्मिक दंड दिया गया।
जसदीप बोले-अब पंथ का हर आदेश मानूंगा धार्मिक दंड के दौरान जसदीप सिंह ने अपनी गलती स्वीकार की। उन्होंने कहा कि अब वह सजा बीच में छोड़कर नहीं जाएंगे। अगर भविष्य में वह पंथ के आदेशों का पालन नहीं करते हैं तो उसके लिए पंथ जिम्मेदार नहीं होगा। वह बड़े बाबा के हर आदेश का पालन करेंगे और जैसा निर्देश मिलेगा, वैसा ही करेंगे।
॰॰॰॰॰॰॰॰॰॰
यह खबर भी पढ़ें…
पंजाब में अश्लील फोटो वाले निहंग की पिटाई का VIDEO, बुड्ढा दल के निहंगों ने कहा- वाहेगुरू बोल
पंजाब में अश्लील फोटो सामने आने और हाल ही में एक पॉडकास्ट में दिए गए बयानों के बाद निहंग जसदीप सिंह पर कार्रवाई का बुड्ढा दल ने दूसरा वीडियो जारी किया है। नए वीडियो में जसदीप सिंह को जंजीरों से बांधकर निहंग डंडों से पीटते नजर आ रहे हैं। पढ़ें पूरी खबर…
