डिंपल को चाकू मारता आरोपी और उसके माता-पिता जानकारी देते हुए।
मुझे इंसाफ चाहिए। मेरी बेटी ने क्या गुनाह किया था, जो उसने मेरी बेटी को इस तरह मारा है। मुझे उसका चेहरा दिखाओ। मैं उसे अपने हाथों से मारना चाहती हूं, जैसे उसने मेरी बेटी को मारा है। वैसे ही उसे सजा दूंगी।
.
ये कहना है मोहाली में मारी गई डिंपल की मां का। मां का कहना है कि कंपनी में मेरी बेटी ने भागकर खुद को बचाने की कोशिश की। लेकिन उसकी मदद के लिए कोई आगे नहीं आया। इसके लिए कंपनी पूरी तरह जिम्मेदार है।
वहीं, दादा का कहना है कि हमारी बेटी ने LLB की पढ़ाई की थी। वह अपने काम से मतलब रखती थी। पिछले महीने ही भाई की शादी हुई थी। शुक्रवार को बेटी ने घर आना था, लेकिन हम उसका शव लेकर आए हैं।
पुलिस की जांच में पता चला है कि मृतका व आरोपी पहले रिलेशन में थे। लेकिन बाद में दोनों मनमुटाव हो गया था। जबकि परिवार का कहना है कि सिर्फ काम का रिश्ता था। कंपनी खुद को बचाने के लिए यह सब कर रही है। डिंपल की गुरुवार को मोहाली के फेज-11 में कंपनी के ऑफिस में चाकू से 30 वार कर हत्या कर दी गई थी। शुक्रवार को उसका पटियाला में अंतिम संस्कार किया गया।

डिंपल के पिता की जुबानी पूरी कहानी …
- मैसेज आया बेटी अस्पताल में भर्ती है: डिंपल के पिता राज कुमार ने बताया कि हमारे साथ बहुत बुरा हुआ है। हमें कंपनी की तरफ से सिर्फ एक मैसेज आया कि आपकी बेटी को अस्पताल में भर्ती कराया गया है, आप तुरंत आ जाइए। मैंने पूछा कि क्या हुआ है, तो उन्होंने कहा कि आप बस आ जाइए, हम भी वहां जा रहे हैं।
- पुलिस ने कहा- झगड़ा हो गया है: मैं अपने बेटे और दो अन्य लड़कों के साथ वहां के लिए निकला। रास्ते में पुलिस का भी फोन आया। मैंने उन्हें बताया कि मैं राजपुरा पहुंच चुका हूं। मैंने पुलिस से पूछा कि आखिर हुआ क्या है। पुलिस ने मुझे कहा कि थोड़ा-बहुत झगड़ा हुआ है, आपकी बेटी ठीक है। उन्होंने मुझे इसी तरह आश्वस्त किया।
- अस्पताल वालों ने सीधे शव दिखाया: जब मैं वहां पहुंचा तो भीड़ लगी हुई थी। अस्पताल और पुलिस के कर्मचारियों ने हमें बेटी का शव दिखाया। उसे देखकर हमारा बुरा हाल हो गया। उसकी हालत बहुत खराब थी। उसके शरीर और गले पर चोटों के निशान थे। यह देखकर हम पूरी तरह टूट गए।
- कभी नहीं बताया कोई दवाब डाल रहा: डिंपल ने कभी नहीं बताया कि उसे किसी तरह की परेशानी है या कोई उस पर दबाव डाल रहा है। अगर उसे ऐसी कोई परेशानी होती तो वह नौकरी पर ही क्यों जाती? दूसरे शहर में काम करने जाती? उसके दिमाग में ऐसी कोई बात नहीं थी और उसने हमें कभी कुछ नहीं बताया।
- सिर्फ काम का रिलेशन था और नहीं: जिस लड़के से उसके रिलेशन का जिक्र किया जा रहा है, उसके बारे में भी हमें किसी ने कुछ नहीं बताया। न कंपनी ने बताया कि ऐसी कोई बात है। वहां और भी लड़के-लड़कियां काम करते हैं। यह सिर्फ काम का रिश्ता था। कंपनी अपने बचाव के लिए गलत तरीके से इसे किसी रिश्ते का नाम दे रही है।
- एक तरफा भी हो सकता है रिश्ता: अगर कोई रिश्ता था भी, तो वह एकतरफा रहा होगा। लेकिन इससे हत्या को सही नहीं ठहराया जा सकता। मेरी बेटी की कोई सहमति नहीं थी। वह अपने काम से काम रखने वाली लड़की थी। कंपनी ने इसका गलत मतलब निकाला है। इससे हमें बहुत दुख पहुंचा है। मैं मीडिया से भी अपील करता हूं कि मेरी बेटी के बारे में इस तरह का प्रचार न किया जाए।

डिंपल के पिता राजकुमार ने बताया कि बेटी के गले पर चोटों के निशान थे।
अब पढ़िए दादा की अहम बातें….
- रात साढ़े आठ बजे मैसेज आया तबीयत खराब: बलवंत राय ने बताया कि मैं भाजपा का पूर्व जिला प्रधान हूं। वर्तमान में एससी मोर्चा का उपाध्यक्ष हूं। डिंपल मेरे बड़े भाई की पोती है, ऐसे में मेरी भी पोती है। घटना के बारे में हमें रात करीब साढ़े आठ बजे पता चला। उसकी तबीयत खराब हो गई और उसे फोर्टिस अस्पताल में भर्ती कराया गया। हम पांच-छह लोगों को लेकर फोर्टिस पहुंच गए।
- पुलिस ने हमें सीसीटीवी दिखाई: फिर मैसेज आया कि फोर्टिस के अंदर डिंपल की मौत हो चुकी है। जिसने हत्या की है, उसने खुद को भी चाकू मारे हैं। पुलिस मौके पर मौजूद थी। परिवार सदमे में आ गया। उसी समय मैं फोर्टिस पहुंच गया। पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर लिया है। हमें सीसीटीवी फुटेज भी दिखाई गई। पुलिस की कार्रवाई से हम संतुष्ट हैं।
- रिलेशनशिप के बारे में नहीं कोई जानकारी- लड़का त्रिपड़ी का रहने वाला है। उसके माता-पिता कनाडा में रहते हैं। उसकी तीन बहनें हैं। लड़की के किसी रिलेशनशिप के बारे में हमें कोई जानकारी नहीं है। घटना कंपनी के अंदर हुई है, इसलिए इसकी जिम्मेदारी कंपनी की भी बनती है। डिंपल ने एलएलबी की पढ़ाई की थी। उसके संस्कार बहुत अच्छे थे। वह हर शुक्रवार शाम घर आ जाती थी।पिछले महीने उसके बड़े भाई की शादी हुई थी। उसने घर आना था। ॉ

लड़की के दादा बलवंत राय जानकारी देते हुए।
डिंपल के अंतिम संस्कार में BJP नेता पहुंचे शुक्रवार (5 जून) को डिंपल के अंतिम संस्कार के मौके पर भारतीय जनता पार्टी महिला मोर्चा पंजाब की प्रदेश अध्यक्ष बीबा जय इंदर कौर और पटियाला के विधायक अजीतपाल सिंह कोहली समेत कई राजनीतिक, सामाजिक और धार्मिक संगठनों के प्रतिनिधि मौजूद रहे।
पुलिस ने क्या कहा, 2 पॉइंट में जानिए…
- आरोपी पीछे से आया, चाकू से हमला किया: डीएसपी बल ने बताया कि डिंपल नाम की लड़की और हरजिंदर उर्फ हैरी मान दोनों इकट्ठे काम करते थे। आरोपी पीछे से आया और उस पर चाकू से हमला कर दिया। गर्दन और शरीर पर 30 बार वार किए। आखिरी में उसने अपने ऊपर भी वार किया। इस संबंध में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई। डीएसपी ने बताया कि रात को लड़के का ऑपरेशन हुआ है। लेकिन अभी तक उसकी स्थिति क्रिटिकल है।
- दोनों पहले रिलेशनशिप में थे: युवक व युवती दो साल से रिलेशनशिप में थे। वे इकट्ठे ही काम करते थे। लेकिन कुछ बातों को लेकर मनमुटाव हो गया था। इसकी गहराई से जांच की जा रही है। यह कंपनी रात के समय काम करती है। इस बारे में भी पड़ताल की जा रही है। टीम जाकर जांच करेगी। शव पोस्टमॉर्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया गया। पता चल है कि आरोपी मोहाली में अपनी बहन के घर पर रह रहा था। जबकि उसके परिवारिक मेंबर विदेश में थे।

आरोपी अस्पताल में इलाज के दौरान ।
————
ये खबर भी पढ़ें…
मोहाली में एक्स-गर्लफ्रेंड की चाकू मारकर हत्या का VIDEO, युवक ने 35 सेकेंड में 30 वार किए

मोहाली में युवक ने चाकुओं से गोदकर युवती (30) की हत्या कर दी। वह गुपचुप ऑफिस में घुसा और काम में बिजी युवती पर पीछे से हमला कर दिया। युवती जान बचाने दौड़ती रही और युवक उसका पीछा कर चाकू मारता रहा। उसने 35 सेकेंड में युवती पर 30 बार चाकू से वार किया। (पढे़ं पूरी खबर)







