टेक्सास5 घंटे पहले
- कॉपी लिंक

अमेरिका के टेक्सास राज्य के मिडलैंड शहर में शुक्रवार सुबह हुई गोलीबारी में एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि नौ अन्य लोग घायल हो गए। पुलिस के मुताबिक संदिग्ध हमलावर की पहचान 45 वर्षीय विक्टर माता वियारियल के रूप में हुई है, जो ओडेसा का रहने वाला था।
स्थानीय समयानुसार सुबह करीब 8 बजे एक औद्योगिक इलाके से गोलीबारी की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची। इसके बाद संदिग्ध और पुलिस के बीच करीब दो घंटे तक आमना-सामना चलता रहा। बाद में अधिकारियों ने बताया कि संदिग्ध की मौत हो गई है।
घटनास्थल की 2 तस्वीरें…


हमलावार ने पुलिस का पीछा कर गोलियां चलाई थीं
पुलिस के अनुसार वियारियल पहले से वांछित था। उस पर दो दिन पहले एक वाहन पीछा करने की घटना के दौरान मिडलैंड पुलिस अधिकारी पर कई गोलियां चलाने का आरोप था और उसके खिलाफ हत्या के प्रयास का मामला दर्ज था।
घायलों को मिडलैंड मेमोरियल अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां सुरक्षा कारणों से इमरजेंसी विभाग को लॉकडाउन कर दिया गया। अस्पताल ने बताया कि चार घायलों की सर्जरी की गई, जबकि पांच अन्य की हालत स्थिर है। बाद में पांच लोगों को अस्पताल से छुट्टी भी दे दी गई।
घटना के बाद एफबीआई की टीम भी मौके पर पहुंची और जांच में स्थानीय पुलिस की मदद की। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक गोलीबारी के दौरान कम से कम 40 राउंड फायरिंग की आवाजें सुनी गईं। पुलिस ने बख्तरबंद वाहन और रोबोट भी तैनात किए।
अमेरिका में इस साल 180 से ज्यादा मास शूटिंग के मामले
टेक्सास के गवर्नर ग्रेग एबॉट ने घटना पर दुख जताते हुए कहा कि यह एक निरर्थक हिंसक घटना है। उन्होंने पीड़ितों और उनके परिवारों के लिए संवेदना व्यक्त की और पुलिस की त्वरित कार्रवाई की सराहना की।
करीब 1.4 लाख आबादी वाला मिडलैंड शहर टेक्सास के तेल उत्पादन क्षेत्र के बीच स्थित है। यह इलाका 2019 की उस बड़ी गोलीबारी के लिए भी जाना जाता है, जिसमें एक हमलावर ने सात लोगों की हत्या कर दी थी और दो दर्जन से ज्यादा लोगों को घायल कर दिया था।
गन वायलेंस आर्काइव के अनुसार, 2026 में अब तक अमेरिका में 180 से ज्यादा सामूहिक गोलीबारी की घटनाएं हो चुकी हैं। संस्था किसी भी ऐसी घटना को सामूहिक गोलीबारी मानती है जिसमें चार या उससे अधिक लोग गोली का शिकार हों। अमेरिका में लगातार हो रही ऐसी घटनाओं के कारण हथियार नियंत्रण कानूनों को सख्त करने की मांग भी उठती रही है।
————————– ये खबर भी पढ़ें…
अमेरिका की सैन डिएगो मस्जिद में गोलीबारी, 5 की मौत:इनमें एक गार्ड और 2 संदिग्ध; धार्मिक नफरत से जुड़े हमले की आशंका

अमेरिका के सैन डिएगो स्थित मस्जिद में सोमवार को गोलीबारी में 5 लोगों की मौत हो गई। इनमें एक सिक्योरिटी गार्ड और दो संदिग्ध शामिल हैं। पुलिस के मुताबिक, दोनों संदिग्ध किशोर थे। एक की उम्र 17 साल और दूसरे की 19 साल थी। दोनों के शव मस्जिद के पास एक वाहन में मिले। पूरी खबर पढ़ें…








