कुरुक्षेत्र के स्थाणु महादेव मंदिर को उड़ाने की धमकी मिली थी। सोमवार को इस मंदिर में सीएम नायब सैनी का कार्यक्रम है।
हरियाणा के कुरुक्षेत्र के ऐतिहासिक स्थाणु महादेव मंदिर और पिहोवा के कार्तिकेय मंदिर को बम और IED हमले से उड़ाने की धमकी मिलने के बाद मंदिर प्रशासन ने सुरक्षा बढ़ाने की मांग की है। मंदिर के महंत दीपक गिरी ने हरियाणा के गृह मंत्री, डीआईजी, पुलिस अधीक्ष
.
दरअसल 4 जून को कुरुक्षेत्र के DC को धमकी भरी ई-मेल मिली थी। ई-मेल की शुरुआत ही हरियाणा बनेगा खालिस्तान शब्दों से की गई थी। मेल भेजने वाले ने खुद को खालिस्तान नेशनल आर्मी का मेंबर बताते हुए हरियाणा के कई हिंदू मंदिरों और सरकारी संस्थानों को निशाना बनाने की धमकी दी थी।

पिहोवा के कार्तिकेय मंदिर को उड़ाने की धमकी मिली थी।
कुरुक्षेत्र के 2 प्रमुख मंदिरों के नाम धमकी
धमकी भरे ई-मेल में कुरुक्षेत्र के ऐतिहासिक स्थाणु महादेव मंदिर और पिहोवा स्थित कार्तिकेय मंदिर का नाम लेकर उड़ाने की चेतावनी दी गई। दोनों मंदिरों में प्रतिदिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुंचते हैं। मेल में यह भी दावा किया गया कि 5 और 6 जून को चंडीगढ़, अंबाला और दिल्ली के बीच रेलवे ट्रैक पर आईईडी विस्फोट किए जाएंगे।
महंत बोले- श्रद्धालुओं की सुरक्षा बड़ी जिम्मेदारी
कार्तिकेय मंदिर के महंत दीपक गिरि ने बताया कि धमकी भरे संदेशों में मंदिर का नाम सामने आने के बाद श्रद्धालुओं और मंदिर प्रबंधन में चिंता का माहौल है। कार्तिकेय मंदिर उत्तर भारत के प्रमुख धार्मिक स्थलों में शामिल है, जहां रोजाना बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचते हैं। ऐसे में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत होना जरूरी है।
बोले- पुलिस ने नहीं ली
मंदिर परिसर में 24 घंटे पुलिस सुरक्षा तैनात करने, पुलिस गश्त बढ़ाने, बम निरोधक दस्ते से जांच कराने, सुरक्षा ऑडिट रवाने और सीसीटीवी निगरानी व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है। साथ ही धमकी देने वालों की पहचान कर उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए। सभी मंदिरों और धार्मिक स्थलों पर सुरक्षा व्यवस्था मजबूत होनी चाहिए।
महंत ने आरोप लगाया कि इस मामले में सिटी थाना पुलिस को शिकायत देने की कोशिश की गई, लेकिन उनकी शिकायत नहीं ली गई।

मंदिर के महंत दीपक गिरी ने DSP पिहोवा को शिकायत सौंपी।
DSP पिहोवा को भी सौंपी शिकायत
इसके बाद उन्होंने उच्च अधिकारियों को ई-मेल के माध्यम से विस्तृत शिकायत भेजी। इस संबंध में DSP पिहोवा रणधीर सिंह को भी शिकायत सौंपी है। डीएसपी की ओर से मंदिर की सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने का आश्वासन दिया है।
थाना प्रभारी बोले- मंदिर को सीधे कोई मेल नहीं आई
उधर, शहरी थाना प्रभारी सुनील वत्स ने बताया कि कार्तिकेय मंदिर को सीधे तौर पर कोई धमकी भरी ई-मेल प्राप्त नहीं हुई है। जिस संस्थान या स्थान को ई-मेल प्राप्त हुई है, वहां नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है। मंदिर प्रबंधन की ओर से लिखित शिकायत नहीं पहुंची। बावजूद इसके एहतियात के तौर पर मंदिर परिसर में पुलिस सुरक्षा उपलब्ध करवा दी गई है।
सोमवार को स्थाणु मंदिर में सीएम का कार्यक्रम
उधर, कुरुक्षेत्र के ऐतिहासिक स्थाणु महादेव मंदिर में सोमवार को धार्मिक कार्यक्रम होना है। इस कार्यक्रम में सीएम नायब सैनी मुख्यातिथि रहेंगे। वहीं मंदिर के महंत बंसीपुर ने बताया कि उनकी ओर से पुलिस को कोई शिकायत नहीं दी गई। हालांकि सीएम के कार्यक्रम को लेकर अब तक उनके पास कोई सूचना नहीं आई।







