चंडीगढ़ में पत्रकारों से बातचीत करते हुए मुख्य निर्वाचन अधिकारी (CEO) ए. श्रीनिवास।
हरियाणा में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) अभियान की शुरुआत सोमवार से होने जा रही है। इससे पहले रविवार को मुख्य निर्वाचन अधिकारी (CEO) ए. श्रीनिवास ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर तैयारियों की जानकारी दी।
.
निर्वाचन आयोग की ओर से पूरी प्रक्रिया को पारदर्शी और निष्पक्ष बनाने के लिए राजनीतिक दलों से बूथ लेवल एजेंट (BLA-2) नियुक्त करने की अपील की गई है। मुख्य निर्वाचन अधिकारी के अनुसार, प्रदेश में अब तक सबसे अधिक आवेदन भारतीय जनता पार्टी की ओर से प्राप्त हुए हैं।
उन्होंने बताया कि भाजपा ने 15 हजार 808 बूथ लेवल एजेंट (BLA-2) के आवेदन जमा कराए हैं, जबकि कांग्रेस की ओर से 12 हजार 858 आवेदन प्राप्त हुए हैं।
वहीं, अन्य राजनीतिक दलों की बात करें तो कम्युनिस्ट पार्टी ने 270, जबकि इंडियन नेशनल लोकदल (इनेलो) ने 217 आवेदन निर्वाचन विभाग को सौंपे हैं। हैरानी की बात यह रही कि जननायक जनता पार्टी (जजपा) और बहुजन समाज पार्टी (बसपा) की ओर से अब तक एक भी आवेदन प्राप्त नहीं हुआ है।
प्रदेश में 20 हजार 629 पोलिंग बूथ
प्रदेश में कुल 20 हजार 629 पोलिंग बूथ हैं। ऐसे में भाजपा और कांग्रेस जैसी प्रमुख पार्टियों की ओर से भी अभी सभी बूथों के लिए एजेंट नियुक्त नहीं किए गए हैं। इस पर ए. श्रीनिवास ने कहा कि यह प्रारंभिक आंकड़े हैं और आने वाले दिनों में इनमें बदलाव संभव है। राजनीतिक दलों की ओर से आवेदन लगातार प्राप्त हो रहे हैं।
उन्होंने कहा कि निर्वाचन आयोग का उद्देश्य प्रत्येक पोलिंग बूथ पर सभी राजनीतिक दलों के बूथ लेवल एजेंटों की तैनाती सुनिश्चित करना है, ताकि मतदाता सूची पुनरीक्षण की पूरी प्रक्रिया अधिक पारदर्शी, विश्वसनीय और सभी पक्षों की निगरानी में संपन्न हो सके।
