![]()
गुरुग्राम में सेक्टर-52 स्थित पावर हाउस में ड्यूटी के दौरान एक बड़ा हादसा होते-होते बचा। बिजली निगम से संबंधित इंपीरियल कंपनी में कार्यरत एक कर्मचारी ने अपने सुपरवाइजर पर गंभीर लापरवाही और मानसिक दबाव बनाने का आरोप लगाया है। इस हादसे में कर्मचारी घायल हो गया है, जिसके बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
शिकायतकर्ता तेजपाल (28), निवासी गांव दखोरा (रेवाड़ी) ने बताया कि वह पिछले दो साल से इंपीरियल कंपनी में लाइनमैन के तौर पर काम कर रहा है। शाम करीब 5:00 बजे जब वह ड्यूटी पर तैनात था, तब सुपरवाइजर गोविंद का फोन आया। गोविंद ने आदेश दिया कि नाई की ढाणी फीडर में लोड की समस्या हो गई है। इसलिए ‘सुनील चाय वाला’ सर्किट तुरंत काट दिया जाए। दबाव में कराया गया काम
तेजपाल का आरोप है कि सुपरवाइजर गोविंद ने घर बैठे ही उसे सर्किट काटने के लिए मजबूर किया और मात्र 10 मिनट के भीतर 8 बार फोन करके दबाव बनाया। जैसे ही तेजपाल ने सर्किट काटने की प्रक्रिया शुरू की, लाइन में जोरदार धमाका हुआ। धमाके के कारण तेजपाल को बिजली का झटका लगा और उसके हाथ में गंभीर चोट आई। गनीमत रही कि उसकी जान बच गई, लेकिन हादसे के तुरंत बाद भी लाइन को चालू करवा दिया गया। पहले भी हो चुके हैं हादसे
आर्टिमिस अस्पताल में उपचाराधीन तेजपाल ने पुलिस को दिए बयान में बताया कि उसके सुपरवाइजर की लापरवाही के कारण पहले भी तीन हादसे हो चुके हैं। उसने मांग की है कि गोविंद के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए क्योंकि उसकी कार्यशैली से कर्मचारियों की जान को खतरा है। पुलिस की कार्रवाई
जांच अधिकारी राजबीर के मुताबिक अस्पताल से मिली सूचना के बाद आर्टिमिस हॉस्पिटल पहुंचे और पीड़ित का बयान दर्ज किया। शिकायत के आधार पर मामले की जांच की जा रही है और सुरक्षा मानकों की अनदेखी करने के संबंध में सुपरवाइजर से पूछताछ की जाएगी।
Source link
गुरुग्राम में फीडर से कट लगाते समय बिजलीकर्मी झुलसा:लापरवाही और दबाव बनाने का आरोप, सुपरवाइजर के खिलाफ एफआईआर दर्ज







