![]()
रोहतक जिले के महम में 15 अगस्त को होने वाले उपमंडल स्तरीय स्वतंत्रता दिवस समारोह की तैयारियां तेज हो गई हैं। एसडीएम विपिन कुमार ने समारोह की व्यवस्थाओं को लेकर संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों की बैठक ली। बैठक के दौरान एसडीएम विपिन कुमार ने विभिन्न विभागों को समारोह के सफल और व्यवस्थित आयोजन के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों और कर्मचारियों को सौंपे गए दायित्वों का समय पर निर्वहन सुनिश्चित करने पर जोर दिया, ताकि आयोजन में कोई कमी न रहे। एसडीएम ने विभागों को सौंपी जिम्मेदारियां एसडीएम ने समारोह स्थल पर साफ-सफाई, पेयजल, बिजली आपूर्ति, सुरक्षा, यातायात प्रबंधन, बैठने की व्यवस्था, सांस्कृतिक कार्यक्रमों और परेड सहित अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं के लिए संबंधित विभागों को जिम्मेदारियां सौंपीं। उन्होंने सभी विभागों को अपनी-अपनी तैयारियां समय पर पूरी करने के निर्देश दिए। विपिन कुमार ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस देश के लिए गौरव और सम्मान का पर्व है, इसलिए समारोह को पूरी गरिमा और उत्साह के साथ आयोजित किया जाना चाहिए। उन्होंने अधिकारियों को आपसी समन्वय से कार्य करने और सभी व्यवस्थाओं की नियमित समीक्षा करने के निर्देश भी दिए। कार्यों की प्रगति रिपोर्ट उपलब्ध कराने के निर्देश एसडीएम ने समारोह में अधिक से अधिक लोगों की भागीदारी सुनिश्चित करने और कार्यक्रम के दौरान अनुशासन और व्यवस्था बनाए रखने पर विशेष ध्यान देने को कहा। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को सौंपे गए कार्यों की प्रगति रिपोर्ट समय-समय पर उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए। बैठक में तहसीलदार रवि, नायब तहसीलदार राहुल बूरा, बीईओ सतेंद्र नेहरा, नगरपालिका सचिव नवीन नांदल, मार्केट कमेटी सचिव दीपक, एसईपीओ ज्योति सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।
Source link







