![]()
हरियाणा के सीएम नायब सिंह सैनी ने गुरुवार को सोनीपत की ऐतिहासिक धरती से आयोजित युवा संवाद कार्यक्रम में प्रदेशभर के प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे विद्यार्थियों से सीधा संवाद किया। सीएम ने युवाओं की मेहनत, संघर्ष और सपनों की सराहना करते हुए कहा कि भारत आज दुनिया की सबसे बड़ी युवा शक्ति और संभावनाओं का केंद्र बन चुका है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विजन का उल्लेख करते हुए कहा कि विकसित भारत के निर्माण में युवा सबसे बड़ी ताकत हैं। सीएम ने भर्ती प्रक्रिया में पारदर्शिता, पेपर लीक पर सख्त कानून, मिशन बुनियाद और सुपर-100 जैसी योजनाओं की उपलब्धियां गिनाईं। साथ ही कोचिंग सेंटरों की फीस, जीएसटी, छात्र परिवहन, बेटियों की शिक्षा और लाइब्रेरी जैसी सुविधाओं को लेकर भी कई महत्वपूर्ण घोषणाएं और आश्वासन दिए। सोनीपत की ऐतिहासिक धरती से युवाओं का बढ़ाया उत्साह सीएम नायब सिंह सैनी ने कार्यक्रम की शुरुआत सोनीपत की ऐतिहासिक भूमि का उल्लेख करते हुए की और कहा कि प्रदेशभर के लाखों युवाओं से संवाद करने का अवसर उनके लिए गर्व की बात है। उन्होंने कहा कि युवाओं के चेहरों में उन्हें विकसित भारत का भविष्य दिखाई देता है। उन्होंने कहा कि दुनिया अब भारत को केवल एक बाजार नहीं, बल्कि सबसे बड़ी युवा शक्ति और संभावनाओं वाले देश के रूप में देख रही है। प्रतियोगी छात्रों की तपस्या को बताया सबसे बड़ी पूंजी सीएम ने कहा कि प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी आसान नहीं होती। युवा दिन-रात मेहनत करते हैं, सामाजिक और पारिवारिक दबाव झेलते हैं तथा कई बार असफलता का डर भी उनके सामने होता है। उन्होंने कहा कि युवाओं के पैरों के छाले, जागकर बिताई गई रातें और संघर्ष किसी को दिखाई नहीं देते। उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे जागते हुए सपने देखें और उन्हें पूरा करने के लिए लगातार मेहनत करते रहें। उन्होंने भरोसा दिलाया कि सरकार उनके सपनों को साकार करने के लिए पूरी मजबूती से साथ खड़ी है। भर्ती में पारदर्शिता और पेपर लीक पर सख्ती का दावा सीएम ने कहा कि हरियाणा सरकार ने भर्ती प्रक्रिया को पूरी तरह पारदर्शी बनाया है। युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने बताया कि यदि कोई अधिकारी या कर्मचारी गड़बड़ी में शामिल पाया जाता है तो उसे नौकरी से हटाने के साथ जेल भेजने तक की कार्रवाई की जाती है। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार ने भी पेपर लीक के खिलाफ कड़ा कानून बनाया है और दोषियों के लिए कठोर सजा व संपत्ति कुर्क करने तक का प्रावधान किया गया है। उन्होंने यह भी कहा कि हरियाणा में भर्ती रोकने के लिए अदालतों में जाने वाले गिरोह भी सक्रिय रहते हैं, लेकिन सरकार युवाओं के हितों की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध है। मिशन बुनियाद और सुपर-100 की सफलता गिनाई सीएम ने कहा कि मिशन बुनियाद और सुपर-100 जैसी योजनाओं ने सरकारी स्कूलों के गरीब विद्यार्थियों को राष्ट्रीय स्तर पर आगे बढ़ने का अवसर दिया है। उन्होंने बताया कि चयनित विद्यार्थियों को विशेष प्रशिक्षण दिया गया, जिसके परिणामस्वरूप अनेक छात्रों का आईआईटी, एनआईटी और अन्य प्रतिष्ठित संस्थानों में चयन हुआ। उन्होंने कहा कि सुपर-100 योजना के तहत पढ़ने वाले 70 विद्यार्थियों का हाल ही में नीट परीक्षा में भी चयन हुआ है, जो सरकार की शिक्षा नीति की बड़ी उपलब्धि है। खेलों में हरियाणा की बेटियों पर जताया गर्व सीएम ने हरियाणा के खिलाड़ियों, विशेषकर बेटियों की उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए कहा कि हालिया अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में देश को मिले 13 स्वर्ण पदकों में सात हरियाणा के खिलाड़ियों ने जीते और इनमें से पांच स्वर्ण पदक बेटियों ने हासिल किए। उन्होंने कहा कि प्रतिभा हर गांव में मौजूद है, जरूरत केवल सही मंच और अवसर देने की है। छात्रों के सवालों पर दिए कई अहम आश्वासन युवा संवाद के दौरान छात्रों ने परिवहन, कोचिंग फीस, जीएसटी, पेपर लीक और बेटियों की शिक्षा से जुड़े सवाल पूछे। मुख्यमंत्री ने कहा कि छात्र 150 किलोमीटर तक रियायती बस पास का लाभ ले सकते हैं तथा कोचिंग सेंटरों में भी इस सुविधा को लागू करने पर विचार किया जाएगा। उन्होंने कहा कि निजी कोचिंग संस्थानों पर लगने वाला जीएसटी जीएसटी काउंसिल के दायरे का विषय है और वे अगली बैठक में इस मुद्दे को उठाएंगे। बेटियों की शिक्षा का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि ग्रेजुएशन और पोस्ट ग्रेजुएशन करने वाली छात्राओं की फीस पहले से माफ है तथा निजी कोचिंग लेने वाली आर्थिक रूप से कमजोर छात्राओं को भी राहत देने के विकल्पों पर सरकार विचार करेगी। साथ ही प्रत्येक गांव में बड़ी लाइब्रेरी स्थापित करने और स्कूल-कॉलेज की लाइब्रेरी 24 घंटे खुली रखने की दिशा में भी काम करने की बात कही। विपक्ष पर साधा निशाना अपने संबोधन के दौरान मुख्यमंत्री ने विपक्ष पर विकास कार्यों का विरोध करने और झूठ फैलाकर राजनीतिक लाभ लेने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में अच्छे कार्यों की सराहना और गलतियों का रचनात्मक विरोध होना चाहिए, लेकिन जनता को गुमराह करना उचित नहीं है। उन्होंने कहा कि सरकार का एकमात्र उद्देश्य युवाओं को बेहतर अवसर उपलब्ध कराना और हरियाणा को शिक्षा, रोजगार तथा खेलों के क्षेत्र में अग्रणी बनाना है।
Source link







