![]()
सोनीपत के मुरथल-सोनीपत रोड स्थित गांव रेवली के एक कैफे में पार्टी के बाद देर रात जमकर बवाल हो गया और इसक दौरान गोलियां चली। आरोप है कि पार्टी खत्म होने के बाद कुछ युवक कैफे की छत पर बैठकर शराब और खाना-पीना करते रहे। जब होटल स्टाफ ने गाली-गलौज का विरोध किया तो आरोपियों ने कर्मचारियों के साथ मारपीट कर दी। शिकायत के अनुसार एक युवक ने कर्मचारियों को जान से मारने की नीयत से पिस्तौल से फायरिंग की, हालांकि कर्मचारी बाल-बाल बच गए। आरोपियों पर होटल में तोड़फोड़ करने, सीसीटीवी की डीवीआर उठाकर ले जाने और होटल के ही तीन कर्मचारियों पर भी हमलावरों का साथ देने का आरोप है। पुलिस ने शिकायत, मेडिकल रिपोर्ट और मौके से मिले साक्ष्यों के आधार पर विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पार्टी हॉल बुक करने के बाद रात में हुआ विवाद कैफे मालिक अनिल आंतिल ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि 1 अगस्त को सुमित दहिया निवासी भटगांव (वर्तमान पता सेक्टर-23, सोनीपत) ने रफ्तार कैफे का पार्टी हॉल बुक कराया था। कार्यक्रम रात करीब 12 बजे समाप्त हो गया, लेकिन इसके बाद सुमित अपने पांच साथियों के साथ कैफे की छत पर बैठकर पार्टी करता रहा। उस समय मालिक और अधिकांश स्टाफ घर जा चुके थे, जबकि कुछ कर्मचारी होटल में मौजूद थे। गाली देने के बाद खाना बनाने को कहा, विरोध करने पर हमला शिकायत के अनुसार देर रात पार्टी कर रहे युवक नीचे आए और होटल कर्मचारियों से गाली-गलौज करते हुए खाना बनाने को कहा। कर्मचारियों ने गाली देने से मना करते हुए खाना बनाने की बात कही तो आरोपियों ने उनके साथ मारपीट शुरू कर दी। इसी दौरान एक युवक ने कथित तौर पर पिस्तौल निकालकर कर्मचारियों पर गोली चला दी। कर्मचारियों ने किसी तरह अपनी जान बचाई। आरोप है कि हमलावरों ने होटल में तोड़फोड़ भी की। सीसीटीवी डीवीआर ले जाने और खाली खोल हटाने का आरोप अनिल आंतिल ने शिकायत में आरोप लगाया कि हमलावर होटल की सीसीटीवी डीवीआर भी अपने साथ ले गए ताकि घटना के सबूत मिटाए जा सकें। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि फायरिंग के बाद गोली का खाली खोल होटल में काम करने वाले रितिक और वरुण ने उठाकर गोली चलाने वाले युवक को दे दिया। शिकायत में कहा गया है कि रितिक, गोल्डी और वरुण ने भी होटल कर्मचारियों के साथ मारपीट में सुमित दहिया का साथ दिया। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंचे कैफे मालिक कैफे मालिक के अनुसार रात करीब तीन बजे गांव मुरथल निवासी दीपक इलेक्ट्रिशियन ने फोन कर घटना की जानकारी दी। सूचना मिलते ही वह होटल पहुंचे। उन्होंने बताया कि उस समय सुमित दहिया गेट के पास पड़ा हुआ था, जिसे उन्होंने गाड़ी में बैठाया और उसके साथी उसे अपने साथ ले गए। इसके बाद घायल कर्मचारियों का सरकारी अस्पताल सोनीपत में इलाज कराया गया। पुलिस ने FSL टीम बुलाकर जुटाए साक्ष्य घटना की सूचना मिलने पर मुरथल थाना पुलिस मौके पर पहुंची। उस समय घायल कर्मचारी इलाज के लिए अस्पताल गए हुए थे। पुलिस ने शिकायत मिलने से पहले ही एफएसएल टीम को बुलाकर घटनास्थल का निरीक्षण कराया। मौके की वीडियो और फोटो ई-साक्ष्य एप पर अपलोड की गईं तथा घटनास्थल से मिले भौतिक साक्ष्यों को कब्जे में लिया गया। बाद में शिकायत और मेडिकल रिपोर्ट मिलने के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया।
दो कर्मचारियों की मेडिकल रिपोर्ट में कई चोटों की पुष्टि पुलिस के अनुसार घायल कर्मचारी महेश की मेडिकल रिपोर्ट में होंठ पर सूजन, बाईं आंख में चोट के निशान और चेहरे के बाईं ओर दर्द सहित तीन चोटें दर्ज की गई हैं। वहीं राहुल की मेडिकल रिपोर्ट में सिरदर्द, दाहिने हाथ पर खरोंच, दोनों घुटनों पर चोट, गर्दन और हाथ पर खरोंच सहित पांच चोटें दर्ज की गई हैं। डॉक्टरों ने सभी चोटों को फिलहाल KUO (Kind Under Observation) बताते हुए संबंधित विशेषज्ञों की राय लेने की सलाह दी है। इन धाराओं में दर्ज हुआ मुकदमा पुलिस ने शिकायत, मेडिकल रिपोर्ट और प्रारंभिक जांच के आधार पर मुरथल थाना में एफआईआर दर्ज की है। मामले में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 109(1), 115(2), 190, 191(3), 238, 324(4) तथा आर्म्स एक्ट की धारा 25, 54 और 59 के तहत केस दर्ज किया गया है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और फॉरेंसिक रिपोर्ट, सीसीटीवी तथा अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
Source link







