![]()
चंडीगढ़ के सेक्टर-22 में एक युवक के साथ सरेआम मारपीट का मामला सामने आया है। घटना का 1 मिनट 22 सेकंड का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में एक दर्जन से अधिक युवक एक अकेले युवक को कभी दौड़ाकर तो कभी सड़क पर गिराकर लोहे की रॉड से पीटते हुए दिखाई दे रहे हैं। घटना व्यस्त बाजार क्षेत्र में हुई, लेकिन मौके पर मौजूद लोग बीच-बचाव करने की हिम्मत नहीं जुटा सके। सूत्रों के अनुसार, जिन दो युवकों की पिटाई की गई, वे प्रॉपर्टी का कारोबार करते हैं। बताया जा रहा है कि उनका कुछ लोगों के साथ पुराना विवाद चल रहा था। इसी रंजिश के चलते आरोपियों ने पहले से योजना बनाकर उनका रास्ता रोका और बीच सड़क पर हमला कर दिया। हालांकि, पुलिस ने अभी तक इस संबंध में किसी भी कारण की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। पुलिस कर रही शिकायत का इंतजार वायरल वीडियो को लेकर सेक्टर-17 थाना और सेक्टर-22 पुलिस चौकी ने कहा यह वीडियो पुलिस के संज्ञान में आ चुका है और अधिकारियों ने भी इसे देखा है। हालांकि, अब तक इस मामले में किसी भी पीड़ित या उसके परिजनों की ओर से लिखित शिकायत नहीं दी गई है। शिकायत मिलने के बाद तथ्यों की जांच की जाती है। यदि कोई व्यक्ति शिकायत देता है तो संबंधित लोगों की पहचान की जाएगी, वीडियो की जांच होगी, आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज देखी जाएगी और गवाहों के बयान दर्ज किए जाएंगे। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। सरेआम हथियारों से पीटाई सेक्टर-22 चंडीगढ़ के सबसे व्यस्त और प्रमुख बाजारों में शामिल है। यहां स्थित शास्त्री मार्केट में रोजाना बड़ी संख्या में लोग खरीदारी करने आते हैं। दिन के समय भी इस इलाके में लोगों और वाहनों की काफी आवाजाही रहती है। ऐसे व्यस्त इलाके में बीच सड़क पर कई युवकों द्वारा एक युवक के साथ मारपीट किए जाने का वीडियो सामने आने के बाद लोगों में चर्चा का विषय बना हुआ है। वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो चुका है और पुलिस के पास भी पहुंच चुका है। इसके बावजूद पुलिस का कहना है कि अभी तक किसी भी पक्ष ने शिकायत दर्ज नहीं कराई है। वीडियो में क्या दिखाई दे रहा है… सड़क पर दो गाड़ियां रुकते ही घिरा युवक: वीडियो की शुरुआत में सड़क पर एक सफेद रंग की थार और एक काले रंग की गाड़ी खड़ी दिखाई देती है। कुछ ही सेकंड में कई युवक एक व्यक्ति को चारों ओर से घेर लेते हैं। इसके बाद उसके साथ धक्का-मुक्की शुरू हो जाती है। भागने की कोशिश की, पीछा कर गिराया: वीडियो में युवक खुद को बचाने के लिए सड़क पर भागता दिखाई देता है। हमलावर उसका पीछा करते हैं और कुछ दूरी पर उसे पकड़कर सड़क पर गिरा देते हैं। इसके बाद कई लोग एक साथ उस पर हमला करते नजर आते हैं। हाथों में रॉड जैसी वस्तुएं लेकर हमला: वीडियो में कई युवकों के हाथों में लोहे की रॉड जैसी दिखाई देती हैं। युवक के जमीन पर गिरते ही उसके साथ मारपीट की जाती है। इस दौरान हमलावर लगातार उसके आसपास खड़े रहते हैं। बचाने आए युवक के साथ भी मारपीट: मारपीट के दौरान एक अन्य युवक बीच-बचाव करने की कोशिश करता है, लेकिन उसके साथ भी धक्का-मुक्की और मारपीट होती दिखाई देती है। इसके बाद दोनों युवक हमलावरों से बचने का प्रयास करते नजर आते हैं। छत से बनाया गया पूरा वीडियो: पूरी घटना किसी मकान या इमारत की ऊंची मंजिल से रिकॉर्ड की गई है। वीडियो में सड़क पर मौजूद लोग दूर खड़े दिखाई देते हैं, जबकि कोई भी सीधे तौर पर बीच-बचाव करता नजर नहीं आता। मारपीट के बाद गाड़ियों में बैठकर निकले: वीडियो के आखिर में हमलावर वापस अपनी गाड़ियों की ओर जाते दिखाई देते हैं। इसके बाद दोनों गाड़ियां वहां से निकल जाती हैं और सड़क पर मौजूद लोग धीरे-धीरे घटनास्थल के पास पहुंचते नजर आते हैं।
Source link







