![]()
पानीपत शहर की मुखीजा कॉलोनी में गमला टूटने को लेकर हुई रंजिश ने हिंसक रूप ले लिया। आरोप है कि पड़ोसियों ने युवक का रास्ता रोककर उसके साथ मारपीट की और बीच-बचाव करने आई उसकी बुजुर्ग ताई के सिर पर डंडे से वार कर दिया। गंभीर चोट लगने पर महिला को पहले सामान्य अस्पताल और बाद में पीजीआई रोहतक रेफर किया गया। मॉडल टाउन थाना पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मुखीजा कॉलोनी निवासी तालीम ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह मूल रूप से कश्यप कॉलोनी, जाटल रोड का रहने वाला है। 19 जुलाई की दोपहर करीब 2 बजे वह अपनी गली से गुजर रहा था। इसी दौरान गली में पहले से खड़े करण और उसका साथी आकाश ने उसका रास्ता रोक लिया और गाली-गलौज शुरू कर दी। पुरानी रंजिश में डंडों से किया हमला शिकायतकर्ता के अनुसार, कुछ दिन पहले गमला टूटने की बात को लेकर दोनों पक्षों में कहासुनी हुई थी। इसी रंजिश के चलते करण और आकाश अपने घर से लाठी-डंडे लेकर आए। कुछ ही देर बाद करण का भाई अर्जुन भी मौके पर पहुंच गया। तीनों ने मिलकर तालीम के साथ मारपीट शुरू कर दी। बीच-बचाव करने आई ताई के सिर पर डंडे से वार मारपीट के दौरान तालीम की बुजुर्ग ताई सीमा बीच-बचाव के लिए पहुंचीं। आरोप है कि इसी दौरान करण ने अपने हाथ में लिए डंडे से सीमा के सिर पर जोरदार वार कर दिया। गंभीर चोट लगने से वह मौके पर ही गिर गईं। परिजन घायल महिला को तुरंत सामान्य अस्पताल, पानीपत लेकर पहुंचे, जहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उनकी गंभीर हालत को देखते हुए पीजीआई रोहतक रेफर कर दिया। फिलहाल उनका इलाज जारी है। परिवार की व्यस्तता के कारण देर से दी शिकायत तालीम ने पुलिस को बताया कि घटना के बाद पूरा परिवार घायल महिला के इलाज में व्यस्त था, इसलिए तत्काल शिकायत नहीं दे सके। परिवार से विचार-विमर्श करने के बाद उन्होंने मॉडल टाउन थाना पहुंचकर लिखित शिकायत दी। शिकायतकर्ता का आरोप है कि मारपीट के दौरान आरोपियों ने उसे जान से मारने की धमकी भी दी। पुलिस ने शिकायत के आधार पर संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है और पूरे घटनाक्रम की जांच शुरू कर दी है।
Source link
पानीपत में गमला टूटने की रंजिश में खूनी संघर्ष:पड़ोसियों ने रास्ता रोकर ताई-भतीजे के फोड़े सिर, बीच-बचाव में आई थी बुजुर्ग







