![]()
कैथल में हरियाणा प्रदेश व्यापार मंडल के प्रदेशाध्यक्ष बजरंग दास गर्ग ने कहा कि व्यापारियों से जेल और विदेश में बैठे बदमाशों द्वारा फिरौती मांगी जा रही है। कॉल आते हैं कि इतने रुपए तैयार रखना। ऐसी स्थिति हरियाणा के अंदर इस समय बनी हुई है। जेलों में अपराधियों के पास मोबाइल कहां से आते हैं, ऐसे में लगता है कि जेलों के प्रशासन की मिलीभगत है। वो भी घुसपैठ में शामिल हैं। गर्ग ने कहा कि अगर किसी जेल से बदमाशों का व्यापारियों के पास कॉल आता है तो सरकार को चाहिए कि संबंधित जेल के प्रशासन के खिलाफ कड़ी कार्रवाई हो। जेलें तो अपराध का अड्डा बन गई हैं। बोले-व्यापारियों को तंग करने वालों को कॉलर पकड़ कर दीवार से चिपका देंगे गर्ग रविवार को व्यापार मंडल की ओर से सनातन धर्म मंदिर में आयोजित कार्यक्रम में पहुंचे थे। उन्होंने रामकुमार बंसल को संगठन का जिला प्रधान नियुक्त किया। पत्रकारों से बातचीत में उन्होंने कहा कि सीएम के एक कार्यक्रम में कई जिलों की पुलिस लगा दी जाती है। थाने व चौकी खाली हो जाते हैं। पुलिस की सुरक्षा जनता के लिए है। अगर जनता की सुरक्षित नहीं तो फिर ऐसी सुरक्षा का क्या फायदा है। अपराधियों के साथ साथ कई बार अधिकारियों द्वारा भी व्यापारियों को तंग करने के मामले सामने आते हैं। अगर हरियाणा में कोई अधिकारी व्यापारियों को अनावश्यक रूप से तंग करेगा तो उसे कॉलर पकड़ कर दीवार से चिपका देंगे, उसको बख्शेंगे नहीं। सांप को मारना है तो पहले उसकी मां को मारो अगर सांप को मारना है तो सांप की मां को मारना होगा। अपराधियों के आकाओं की मुंडी जेल में ही रगड़ दी जाए तो बाहर उनके गुर्गे सांस तक नहीं निकालेंगे। इस समय अपराधियों के बीच ये चल रहा है कि चार गोली पुलिस को लग गई और चार अपराधियों को लग गई। इससे कुछ नहीं होने वाला है। व्यापारी राजस्व भी देते हैं और डर के मारे फिरौतियां भी देनी पड़ती हैं। कहा-हरियाणा में व्यापार और उद्योग ठप हो रहे उन्होंने कहा कि आज हरियाणा में व्यापार और उद्योग ठप हो रहे हैं। गांवों में 70 प्रतिशत छोटे उद्योग बंद हो गए। उद्योग बंद होने के कारण हरियाणा में लाखों लोग बेरोजगार हो गए हैं। हरियाणा में लगातार बेरोजगारी के कारण नशा और अपराध बढ़ गया। व्यापारी जानमाल की सुरक्षा को लेकर भयभीत हैं। प्रदेश में ऐसा कोई दिन नहीं जाता, जिस दिन लूट, हत्या या फिरौती की घटना न होती हो। ऐसे में सरकार पूरी तरह विफल हो रही है। सरकार को चाहिए कि व्यापार व उद्योगों को बढ़ावा देने के लिए योजनाएं बनाए। व्यापार बढ़ेगा तो रोजगार बढ़ेगा और रोजगार मिला तो सरकार के खजाने में भी धन पहुंचेगा। सरकार को उद्योगों के लिए पॉलिसी बनानी चाहिए। जिला प्रधान रामकुमार बंसल ने कहा कि जल्द ही जिले में कार्यकारिणी बनाई जाएगी। सभी शहरों में इसका विस्तार किया जाएगा। अगर सरकार व्यापार को बढ़ाने के लिए और व्यापारियों की सुरक्षा के लिए काम करेगी तो व्यापारी सरकार के साथ हैं। व्यापार मंडल व्यापारियों के हितों के लिए काम करेगा।
Source link
कैथल में बजरंगदास गर्ग बोले-जेलें बनीं अपराध का अड्डा:कहा-प्रशासन मिलीभगत से पहुंच रहे जेलों में मोबाइल, प्रेसवार्ता की







