![]()
हिसार शहर की लंबे समय से चली आ रही ट्रैफिक जाम की समस्या के समाधान की दिशा में निरंकारी भवन मोबिलिटी इम्प्रूवमेंट परियोजना को महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। हरियाणा के लोक निर्माण एवं जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी मंत्री रणबीर सिंह गंगवा के नेतृत्व में निरंकारी भवन रोड स्थित रेलवे लेवल क्रॉसिंग संख्या-91 और लेवल क्रॉसिंग संख्या-1 पर 2 रेलवे ओवरब्रिज (आरओबी) निर्माण का प्रस्ताव तेजी से आगे बढ़ रहा है। प्रस्ताव के अनुसार एलसी-91 पर करीब 874.26 मीटर और एलसी-1 पर लगभग 655 मीटर लंबे रेलवे ओवरब्रिज बनाए जाएंगे। दोनों ओर सर्विस रोड का भी प्रावधान किया गया है, जिससे स्थानीय यातायात सुगम रहेगा। बताया गया है कि इस प्रस्ताव को स्थानीय क्षेत्र के पूर्व चेयरमैन सतबीर वर्मा द्वारा क्षेत्रवासियों की वर्षों पुरानी मांग को लगातार उठाने के बाद तैयार किया गया। जाम से राहत मिलने की उम्मीद परियोजना के साकार होने पर महावीर कॉलोनी, निरंकारी भवन, डाबड़ा चौक, कैंप चौक, नई सब्जी मंडी और तोशाम रोड के बीच आवागमन आसान हो जाएगा। रेलवे फाटकों के बार-बार बंद रहने से लगने वाले लंबे जाम से राहत मिलने की उम्मीद है। प्रस्ताव के अनुसार इस परियोजना का लाभ एम्बुलेंस, फायर ब्रिगेड, स्कूल बसों, सार्वजनिक परिवहन और प्रतिदिन आने-जाने वाले हजारों लोगों को मिलेगा। इससे यात्रा समय कम होगा, ईंधन की बचत होगी तथा प्रदूषण और सड़क दुर्घटनाओं की आशंका में भी कमी आएगी। परियोजना को केवल यातायात सुधार तक सीमित नहीं माना जा रहा, बल्कि दोनों रेलवे फाटकों के बीच स्थित क्षेत्र के समग्र विकास के लिए भी इसे अहम बताया जा रहा है। लंबे समय से रेलवे फाटकों के कारण प्रभावित इस क्षेत्र में ओवरब्रिज बनने से विकास गतिविधियों को नई गति मिलने की उम्मीद जताई गई है।
Source link
हिसार में 2 रेलवे ओवरब्रिज का प्रस्ताव आगे बढ़ा:निरंकारी भवन क्षेत्र को ट्रैफिक जाम से मिलेगी राहत; तोशाम रोड तक सफर होगा आसान







