सोनीपत3 घंटे पहले
- कॉपी लिंक

सोनीपत में बस स्टैंड़ के सामने बैंक का एटीएम काटकर चोरी की गई।
सोनीपत शहर में बदमाशों ने पुलिस की गश्ती व्यवस्था को चुनौती देते हुए बड़ी वारदात को अंजाम दिया है। शहर के व्यस्त इलाके बस स्टैंड के सामने स्थित एटीएम बूथ को निशाना बनाते हुए अज्ञात चोरों ने गैस कटर से मशीन को काट दिया और उसमें रखे 20 लाख 17 हजार रुपये चोरी कर फरार हो गए।
वारदात देर रात हुई, लेकिन सुबह ग्राहकों के पहुंचने पर इसका खुलासा हुआ। घटना ने पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था और रात्रि गश्त पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। खास बात यह है कि जिस स्थान पर चोरी हुई, वह शहर के सबसे व्यस्त और संवेदनशील इलाकों में से एक माना जाता है।

बस स्टैंड़ के बाहर बना हुआ एटीएम
सुबह ग्राहकों के पहुंचने पर हुआ खुलासा
जानकारी के अनुसार, सुबह जब ग्राहक एटीएम बूथ पर पहुंचे तो शुरुआत में किसी को चोरी का अंदेशा नहीं हुआ। बाद में मशीन को साइड से क्षतिग्रस्त देखा गया, जिसके बाद मामले का खुलासा हुआ। सूचना मिलते ही स्थानीय लोगों में हड़कंप मच गया और पुलिस को घटना की जानकारी दी गई।
गैस कटर से मशीन काटकर निकाला कैश
पुलिस को दी गई शिकायत के अनुसार, बदमाशों ने बेहद सुनियोजित तरीके से वारदात को अंजाम दिया। आरोपियों ने एटीएम मशीन को साइड से गैस कटर की मदद से काटा। मशीन का कैश चेस्ट खुलने के बाद उसमें रखे 20 लाख 17 हजार रुपये निकाल लिए और मौके से फरार हो गए।
हैरानी की बात यह है कि गैस कटर के इस्तेमाल के दौरान निकलने वाली आवाज और चिंगारियों के बावजूद किसी को इसकी भनक तक नहीं लगी। जहां सोनीपत पुलिस लगातार शहर में अलग-अलग गश्त कर रही है। ऐसे में ये बड़ी वारदात को अंजाम दिया गया।

चोरों ने गैस कटर से मशीन को काट दिया और उसमें रखे 20 लाख 17 हजार रुपये चोरी कर फरार हो गए।
बस स्टैंड जैसे संवेदनशील इलाके में हुई वारदात
जिस स्थान पर यह चोरी हुई, वह बस स्टैंड के सामने स्थित है और आमतौर पर यहां लोगों की आवाजाही बनी रहती है। इसके बावजूद बदमाशों ने आराम से मशीन काटी और लाखों रुपये लेकर फरार हो गए। घटना के बाद स्थानीय लोगों ने भी सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाए हैं।
कंपनी मैनेजर की शिकायत पर एफआईआर दर्ज
घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस और संबंधित कैश मैनेजमेंट कंपनी को अवगत कराया गया। ग्रीन फील्ड, फरीदाबाद निवासी नितिन गुलेरी ने पुलिस को शिकायत दी है। नितिन गुलेरी एटीएम में कैश डालने वाली अधिकृत कंपनी सीएसएस में मैनेजर के पद पर कार्यरत हैं।
उनकी शिकायत पर सिविल लाइन थाना, सोनीपत में अज्ञात बदमाशों के खिलाफ चोरी और संपत्ति को नुकसान पहुंचाने की विभिन्न धाराओं के तहत एफआईआर दर्ज कर ली गई है।

ग्रीन फील्ड, फरीदाबाद निवासी नितिन गुलेरी की शिकायत पर मामला दर्ज हुआ है
सीसीटीवी फुटेज और फोरेंसिक जांच शुरू
मामले की गंभीरता को देखते हुए सिविल लाइन थाना पुलिस और सीआईए की टीमें जांच में जुट गई हैं। पुलिस एटीएम बूथ के अंदर और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। इसके अलावा बस स्टैंड, मुख्य बाजार और हाईवे की ओर जाने वाले रास्तों पर लगे कैमरों की रिकॉर्डिंग भी जांची जा रही है, ताकि आरोपियों की पहचान और उनके वाहन का पता लगाया जा सके।
सुरक्षा अलार्म सिस्टम की भी हो रही जांच
फिंगरप्रिंट और फोरेंसिक विशेषज्ञों की टीम ने मौके से साक्ष्य जुटाए हैं। पुलिस इस पहलू की भी जांच कर रही है कि मशीन को काटे जाने के दौरान कंपनी के केंद्रीय सर्वर पर कोई सुरक्षा अलार्म या अलर्ट क्यों जनरेट नहीं हुआ। जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
थाना प्रभारी बोले, सभी पहलुओं पर जांच जारी
सिविल लाइन थाना प्रभारी रविंद्र ने बताया कि मामले में अज्ञात बदमाशों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है। पुलिस और सीआईए की टीमें विभिन्न पहलुओं पर जांच कर रही हैं। जल्द ही आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार करने का प्रयास किया जाएगा।








