Related Posts

27 को हिसार में महापड़ाव करेंगे हजारों किसान:गांव-गांव पहुंचकर किया जनसंपर्क, नहरों में पानी समेत अन्य मांगों पर तैयारी तेज




नहरों में दो सप्ताह तक नियमित पानी की आपूर्ति सहित विभिन्न किसान हितैषी मांगों को लेकर 27 जुलाई को हिसार लघु सचिवालय पर प्रस्तावित किसान महापड़ाव की तैयारियां तेज हो गई हैं। इसी कड़ी में बुधवार को पगड़ी संभाल जट्टा किसान संघर्ष समिति, हरियाणा के पदाधिकारियों ने विभिन्न गांवों में जनसंपर्क अभियान चलाकर किसानों से आंदोलन में बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील की। जिला सचिव गोपाल ओड नंगथला और अग्रोहा ब्लॉक प्रधान अमित ढाका के नेतृत्व में समिति के कार्यकर्ताओं ने श्यामसुख, किरोड़ी, संदोल, किराड़ा सहित कई गांवों का दौरा कर किसानों से संवाद किया। इस दौरान किसानों को आंदोलन के उद्देश्य से अवगत कराया गया और 27 जुलाई को हिसार लघु सचिवालय पहुंचकर अपनी आवाज बुलंद करने का आह्वान किया गया। नहरों के अंतिम छोर तक पर्याप्त पानी नहीं पहुंच रहा किसान नेताओं ने कहा कि प्रदेश के अनेक क्षेत्रों में नहरों के अंतिम छोर तक पर्याप्त पानी नहीं पहुंच रहा, जिससे खरीफ फसलों पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है। उन्होंने मांग की कि किसानों को कम से कम 2 हफ्ते तक नियमित नहरी पानी उपलब्ध कराया जाए, नहरों और रजवाहों की समयबद्ध सफाई कराई जाए ताकि पानी बिना बाधा के टेल तक पहुंच सके। इसके अलावा नेताओं ने डीएपी और यूरिया की उपलब्धता सुनिश्चित करने, खाद की कृत्रिम किल्लत पर रोक लगाने तथा हाई टेंशन (एचटी) बिजली लाइनों से प्रभावित किसानों को उचित मुआवजा देने की भी मांग उठाई। मांगों के समर्थन में डेरा डालेंगे किसान गोपाल ओड नंगथला और अमित ढाका ने कहा कि किसानों की समस्याओं का समाधान लंबे समय से लंबित है। यदि सरकार ने शीघ्र सकारात्मक कदम नहीं उठाए तो किसान आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा। उन्होंने दावा किया कि 27 जुलाई को हिसार लघु सचिवालय पर जिलेभर से हजारों किसान पहुंचकर अपनी मांगों के समर्थन में डेरा डालेंगे।



Source link

कोई जवाब दें

कृपया अपनी टिप्पणी दर्ज करें!
कृपया अपना नाम यहाँ दर्ज करें