गुरुग्राम जिले के फर्रुखनगर में तहसील और अनाज मंडी के पास स्थित 172 कनाल 12 मरला जमीन में कथित फर्जीवाड़े का मामला सामने आया है। आरोप है कि कुछ लोगों ने खरीद से अधिक जमीन बेच दी और कॉलोनी के लिए छोड़ी गई रास्तों की जमीन भी प्लॉट के रूप में बेचकर अवैध कॉलोनी विकसित कर दी। फर्रुखनगर थाना पुलिस ने शिकायत के आधार पर धोखाधड़ी, जालसाजी और अवैध कब्जे सहित विभिन्न धाराओं में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस को गुरुग्राम सेक्टर-5 निवासी धर्मेंद्र कुमार तथा फर्रुखनगर निवासी सुरेश और दिनेश ने शिकायत दी है। शिकायतकर्ताओं ने बताया कि संबंधित भूमि खेवट नंबर 82/85-86, किला नंबर 29 में दर्ज है। वर्ष 2001में 44 कनाल जमीन बेची गई थी, जबकि शेष128 कनाल में वर्ष 2013-14 के दौरान कई रजिस्ट्रियां की गईं। 2420 वर्ग गज जमीन खरीदी थी, लेकिन 2707 वर्ग गज बेच दी शिकायत के अनुसार, गाजियाबाद निवासी महेश ने 2420 वर्ग गज जमीन खरीदी थी, लेकिन आगे 2707 वर्ग गज बेच दी, जो 287 वर्ग गज अधिक है। इसी प्रकार, महेश अग्रवाल पर 3630 वर्ग गज खरीदने के बावजूद 3820 वर्ग गज बेचने का आरोप है, जिससे190 वर्ग गज अतिरिक्त जमीन बेची गई। कुल मिलाकर, शिकायत में खरीद से 477 वर्ग गज अधिक जमीन बेचने की बात कही गई है। शिकायत में सुरेंद्र गुप्ता पर सबसे गंभीर आरोप लगाए गए हैं। आरोप है कि आरोपी ने अपनी पत्नी सरोज, साले राकेश और बेटी काजल के नाम जमीन कराकर कमला नगर कॉलोनी विकसित की। इस कॉलोनी में रास्तों के लिए छोड़ी गई 575 वर्ग गज और 447 वर्ग गज जमीन को भी अलग-अलग लोगों के नाम बेच दिया गया। विरोध करने पर शिकायतकर्ता को धमकाकर भगाया धर्मेंद्र कुमार ने अपनी शिकायत में बताया कि लगभग 15 दिन पहले जब वह अपनी जमीन देखने पहुंचे, तो करीब 12 कनाल भूमि पर निर्माण कार्य चल रहा था। विरोध करने पर वहां मौजूद कुछ लोगों ने उन्हें धमकाकर भगा दिया। फर्रुखनगर थाना पुलिस ने शिकायत के आधार पर संबंधित आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि भूमि के दस्तावेजों, रजिस्ट्रियों और राजस्व रिकॉर्ड की जांच की जा रही है। जांच के बाद सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
Source link
फर्रुखनगर में 172 कनाल जमीन का फर्जीवाड़ा:खरीद से 477 वर्ग गज ज्यादा बेची, रास्तों की जमीन पर काटी अवैध कॉलोनी
