![]()
हरियाणा में पीडब्ल्यूडी एवं पब्लिक हेल्थ मंत्री रणबीर गंगवा के नाम का फर्जी इस्तेमाल कर अधिकारियों और भाजपा पदाधिकारियों को झांसे में लेने की कोशिश करने वाले दो साइबर ठगों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। साइबर थाना पुलिस और CIA की संयुक्त टीम ने राजस्थान के अलवर जिले के नाडका गांव में दबिश देकर दोनों संदिग्धों को दबोचा है। जांच में खुलासा हुआ है कि आरोपियों ने मंत्री रणबीर गंगवा के नाम से फर्जी दस्तावेजों पर मोबाइल सिम कार्ड हासिल किया था। सिम इस तरह जारी कराया गया था कि ट्रू कॉलर पर कॉल करने वाले का नाम खुद-ब-खुद रणबीर गंगवा दिखता था। भरोसा जीतने के लिए ठगों ने मंत्री के फेसबुक पेज से 17 जुलाई 2026 के एक कार्यक्रम की फोटो डाउनलोड कर अपने व्हाट्सएप DP पर लगा रखी थी। वहीं इस बारे में मंत्री रणबीर गंगवा का कहना है कि मुझे इस मामले की जानकारी करनाल और पानीपत के भाजपा जिला अध्यक्षों से मिली। उन्होंने बताया कि मेरे नाम से फोन आ रहे हैं, जिसके बाद तुरंत पुलिस को शिकायत दी गई। फिलहाल किसी से पैसे ठगे जाने की जानकारी नहीं है। भाजपा जिलाध्यक्षों को हुआ संदेह
ठगों ने जनस्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग अंबाला के अधीक्षण अभियंता और गुरुग्राम के एक अधिकारी को कॉल कर कहा, मैं अपना आदमी भेज रहा हूं, इसका काम कर देना। इसके बाद आरोपियों ने पानीपत और करनाल के भाजपा जिलाध्यक्षों को भी फोन मिलाया। चूंकी दोनों जिलाध्यक्ष पहले भी असली मंत्री से बातचीत कर चुके थे, उन्हें कॉल करने वाले के बोलने के लहजे और शैली पर तुरंत संदेह हुआ। करनाल जिलाध्यक्ष ने सीधे मंत्री के निजी नंबर पर संपर्क कर सत्यापन किया, जिससे पूरे फर्जीवाड़े का भंडाफोड़ हो गया। पीए की शिकायत पर त्वरित कार्रवाई
मंत्री के निजी सहायक (PA) अरुण कुमार ने साइबर थाना पुलिस में शिकायत दर्ज कराई थी कि कोई व्यक्ति मंत्री जी के नाम से सिम जारी करवाकर उसका गलत इस्तेमाल कर रहा है। मामला हाई-प्रोफाइल होने के कारण पुलिस ने लोकेशन ट्रेस की और अलवर (राजस्थान) से दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। इस मामले में एसपी सिद्धांत जैन का कहना है कि मंत्री के PA की शिकायत पर मामला दर्ज किया गया था। जांच के आधार पर दो आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है और फिलहाल पूछताछ जारी है।
Source link
हेलो मैं रणबीर गंगवा बोल रहा हूं…काम कर देना:हरियाणा का पीडब्ल्यूडी मंत्री बनकर अफसरों-BJP नेताओं को फोन किए, राजस्थान से पकड़े







