![]()
हिसार पुलिस द्वारा जिले को नशा मुक्त और साइबर अपराधों से सुरक्षित बनाने के उद्देश्य से चलाए जा रहे जनजागरूकता अभियान के तहत थाना अग्रोहा पुलिस ने गांव अग्रोहा में विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया। कार्यक्रम में युवाओं, महिलाओं, बुजुर्गों एवं ग्रामीणों को नशे के दुष्प्रभावों और साइबर अपराधों से बचाव के उपायों की विस्तार से जानकारी दी गई। पुलिस अधीक्षक सिद्धांत जैन के दिशा-निर्देशन में आयोजित इस कार्यक्रम में थाना प्रभारी निरीक्षक ईश्वर सिंह ने ग्रामीणों को संबोधित करते हुए कहा कि नशा केवल व्यक्ति का ही नहीं, बल्कि पूरे परिवार और समाज का भविष्य बर्बाद कर देता है। उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे नशे जैसी सामाजिक बुराई से दूर रहकर शिक्षा, खेलकूद, रोजगार और सकारात्मक गतिविधियों में अपनी ऊर्जा लगाएं। उन्होंने ग्रामीणों से अपील की कि यदि उनके क्षेत्र में कोई व्यक्ति नशीले पदार्थों की तस्करी, बिक्री या सेवन को बढ़ावा देता है तो इसकी सूचना तुरंत पुलिस को दें। सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी। कार्यक्रम के दौरान पुलिस अधिकारियों ने नशे से होने वाले शारीरिक, मानसिक, आर्थिक और सामाजिक दुष्प्रभावों की विस्तार से जानकारी दी तथा उपस्थित लोगों को नशा मुक्त समाज के निर्माण में सक्रिय सहयोग देने का संकल्प भी दिलाया। ऑनलाइन ठगी से बचाव की जानकारी दी इस अवसर पर बढ़ते साइबर अपराधों को देखते हुए लोगों को ऑनलाइन ठगी से बचाव के बारे में भी जागरूक किया गया। पुलिस ने बताया कि साइबर अपराधी स्वयं को बैंक अधिकारी, पुलिसकर्मी, सरकारी कर्मचारी या किसी प्रतिष्ठित संस्था का प्रतिनिधि बताकर लोगों से ओटीपी, बैंक खाता संख्या, एटीएम/डेबिट कार्ड विवरण, सीवीवी, यूपीआई पिन और अन्य गोपनीय जानकारी हासिल करने का प्रयास करते हैं। ऐसे किसी भी झांसे में न आने और अपनी व्यक्तिगत जानकारी किसी के साथ साझा न करने की सलाह दी गई। ग्रामीणों को फर्जी कॉल, संदिग्ध लिंक, सोशल मीडिया संदेश, ऑनलाइन निवेश, नौकरी, लॉटरी और केवाईसी अपडेट के नाम पर होने वाली ठगी से भी सतर्क रहने के लिए कहा गया। पुलिस ने बताया कि यदि किसी व्यक्ति के साथ साइबर धोखाधड़ी होती है तो वह तत्काल राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन 1930 पर शिकायत दर्ज कराए या निकटतम साइबर थाना अथवा पुलिस स्टेशन में संपर्क करे, ताकि समय रहते आर्थिक नुकसान को रोका जा सके। सुरक्षित नागरिक ही समाज की मजबूत नींव : एसपी पुलिस अधीक्षक सिद्धांत जैन ने कहा कि हिसार पुलिस केवल अपराधियों के खिलाफ कार्रवाई करने तक सीमित नहीं है, बल्कि अपराधों की रोकथाम के लिए लगातार जागरूकता अभियान भी चला रही है। उन्होंने कहा कि नशा मुक्त समाज और साइबर सुरक्षित नागरिक ही सुरक्षित एवं विकसित समाज की मजबूत नींव हैं। हिसार पुलिस आमजन के सहयोग से इन दोनों चुनौतियों का प्रभावी ढंग से मुकाबला करने के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है। उन्होंने जिलेवासियों से आह्वान किया कि वे नशा मुक्त हिसार और साइबर सुरक्षित हिसार के अभियान में सक्रिय भागीदार बनें तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि, नशा तस्करी या साइबर अपराध की जानकारी तुरंत पुलिस तक पहुंचाकर समाज को सुरक्षित बनाने में अपना योगदान दें।
Source link
हिसार पुलिस का अग्रोहा में जागरूकता अभियान:युवाओं को नशे से बचाव की जानकारी दी, साइबर ठगों से सावधान रहने की अपील







