![]()
हिसार में पूर्व बिजली मंत्री रणजीत चौटाला ने कार्यकर्ताओं से मुलाकात के बाद पत्रकारों से बातचीत में प्रदेश के कई अहम मुद्दों पर अपनी राय रखी। उन्होंने किसानों को फसल नुकसान पर तुरंत मुआवजा देने की मांग की। चौटाला ने कहा कि ओलावृष्टि और बारिश से बालसमंद, सिरसा, भिवानी, महेंद्रगढ़ और रेवाड़ी सहित कई क्षेत्रों में फसलें खराब हुई हैं। ऐसे में सरकार को तुरंत पूरी मशीनरी लगाकर 48 घंटे के भीतर किसानों के खातों में मुआवजा ट्रांसफर करना चाहिए, ताकि उन्हें राहत मिल सके। क्रॉस वोटिंग करना गंदा काम-रणजीत राज्यसभा चुनाव में कांग्रेस विधायकों की क्रॉस वोटिंग पर उन्होंने तीखी प्रतिक्रिया देते हुए इसे “गंदा काम” बताया। उन्होंने कहा कि जनता धूप में खड़े होकर अपने प्रतिनिधियों को चुनती है, ऐसे में विधायकों का इस तरह बिकना लोकतंत्र के लिए गलत है। हालांकि उन्होंने इसे कांग्रेस का आंतरिक मामला बताते हुए कहा कि कार्रवाई करना पार्टी का निर्णय है। 14 हजार मेगावाट तक पहुंचती है मांग बिजली व्यवस्था को लेकर चौटाला ने कहा कि गर्मियों में मांग तेजी से बढ़ जाती है। सामान्य दिनों में 4-5 हजार मेगावाट की जरूरत होती है, जबकि मई-जून में यह बढ़कर 14 हजार मेगावाट तक पहुंच जाती है। उन्होंने बताया कि प्रदेश को केरल जैसे राज्यों से बिजली खरीदनी पड़ती है और जरूरत पड़ने पर फरीदाबाद की गैस आधारित पावर से भी महंगी दरों पर बिजली लेनी पड़ती है। प्रदेश में बढ़ सकती हैं बिजली की दिक्कतें उन्होंने चेतावनी दी कि मिडिल ईस्ट में चल रहे तनाव के कारण गैस आधारित बिजली उत्पादन प्रभावित हो सकता है। ऐसे हालात में आने वाले जून-जुलाई के महीनों में प्रदेश में बिजली को लेकर दिक्कतें बढ़ सकती हैं। उन्होंने कहा कि इस संबंध में पहले ही संकेत दिए जा रहे हैं और सरकार को अभी से ठोस योजना बनाकर तैयारी करनी चाहिए।
Source link
हिसार पहुंचे पूर्व मंत्री रणजीत चौटाला:फसल नुकसान पर तुरंत मुआवजे की मांग, राज्यसभा चुनाव में क्रॉस वोटिंग को बताया गंदा काम







