![]()
पानीपत के समालखा क्षेत्र में एक वकील पर जानलेवा हमला कर लूटपाट का प्रयास का मामला सामने आया है। मोहाली निवासी और हाईकोर्ट में प्रैक्टिस करने वाले एडवोकेट एमडी खान ने पुलिस लाइन के पास कार रोकने की कोशिश करने वाले अज्ञात बदमाशों के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। शिकायत के अनुसार, एडवोकेट एमडी खान 17 जून को चंडीगढ़ से हथीन (पलवल) जा रहे थे। पानीपत शहर पार करने के बाद पुलिस लाइन के आगे एक सफेद रंग की स्कॉर्पियो ने उनकी गाड़ी को तेज रफ्तार से ओवरटेक किया। स्कॉर्पियो ड्राइवर ने बार-बार जबरन उनकी कार को रोकने का प्रयास किया। बदमाशों ने किया बार-बार रोकने का प्रयास खान ने कार रोकने से इनकार कर दिया और तेजी से गाड़ी चलाते हुए आगे निकलने की कोशिश की। बदमाशों ने उनके रास्ते में अपनी गाड़ी लगाकर उन्हें बार-बार रोका। एक बार तो स्कॉर्पियो के ड्राइवर ने एडवाकेट की कार के आगे आकर दो गोलियां भी चलाईं। हमलावर वाहन में दो व्यक्ति सवार थे, जिन्हें शिकायतकर्ता पहचानने का दावा कर रहा है। घटना के दौरान एडी खान ने अपने मित्र आशु चौहान को फोन पर सूचना दी। थोड़ी देर बाद जब वह मन्नत होटल के पास पहुंचे, तो उनका मित्र भी मौके पर आ गया। आरोपियों ने अपनी स्कॉर्पियो वहीं पीछे रोक ली। वकील बोला- 10 लाख रुपए लूटने का प्रयास खान ने बताया कि यह पूरा घटनाक्रम लगभग 2:15 बजे से 2:25 बजे के बीच हुआ। उन्होंने आशंका जताई कि बदमाश उनकी जान लेकर 10 लाख रुपए लूटने का प्रयास कर रहे थे, लेकिन सूझबूझ से वह सुरक्षित बच निकले। इस घटना की लिखित रिपोर्ट समालखा थाना में दर्ज कराई गई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपितों की तलाश शुरू कर दी है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है ताकि हमलावरों की पहचान की जा सके। शिकायतकर्ता ने अपनी और अपनी संपत्ति की सुरक्षा की मांग की है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
Source link
समालखा में वकील पर हमला, लूट का प्रयास:स्कॉर्पियो से ओवरटेक कर रोकने की कोशिश, मोहाली से पलवल जा रहा







