हांसी के प्रेम नगर गांव में रेलवे फ्लाईओवर के पास सीवरेज के गंदे पानी के जमाव के विरोध में प्रदर्शन के दौरान प्रेम नगर के सरपंच अरविंद कटारिया और भारतीय किसान यूनियन के संस्थापक रणबीर मलिक के बीच तीखी बहस हो गई। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है। किसान यूनियन ने हांसी के पुलिस अधीक्षक को शिकायत देकर कार्रवाई की मांग की है। जानकारी के अनुसार, प्रेम नगर के ग्रामीण लंबे समय से फ्लाईओवर के दोनों ओर जमा सीवरेज के गंदे पानी की समस्या को लेकर जाम लगाकर प्रदर्शन कर रहे थे। इसी दौरान किसान नेता रणबीर मलिक अपने समर्थकों के साथ वहां पहुंचे। इस पर सरपंच अरविंद कटारिया ने विरोध जताते हुए कहा कि यह प्रेम नगर का स्थानीय मामला है और इसमें राजनीति नहीं होनी चाहिए। सरपंच बोले- इस आंदोलन को राजनीतिक मंच न बनाएं सरपंच कटारिया ने कहा कि ग्रामीण अपनी समस्या का समाधान स्वयं कर लेंगे और बाहरी लोग इस आंदोलन को राजनीतिक मंच न बनाएं। उन्होंने रणबीर मलिक से ‘बकवास मत करो’ कहते हुए अपने समर्थकों के साथ वहां से चले जाने को कहा। इसके बाद दोनों के बीच तीखी बहस शुरू हो गई। मौके पर मौजूद शहर थाना प्रभारी इंस्पेक्टर सुखजीत सिंह ने तत्काल हस्तक्षेप कर दोनों पक्षों को अलग किया, जिससे स्थिति शांत हुई। इस पूरी घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। किसान नेता बोले- एसपी से की अभद्र व्यवहार की शिकायत किसान नेता दशरथ मलिक ने बताया कि रणबीर मलिक के साथ हुई बहस और कथित अभद्र व्यवहार के मामले में पुलिस अधीक्षक हांसी को लिखित शिकायत दी गई है। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि बहस के दौरान रणबीर मलिक को जान से मारने की धमकी भी दी गई। किसान यूनियन ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। पुलिस अब शिकायत के आधार पर मामले की जांच कर रही है।
Source link
हांसी में सरपंच- किसान नेता में बहस:जल निकासी को लेकर प्रदर्शन कर रहे थे ग्रामीण, अभद्र व्यवहार का आरोप, एसपी से शिकायत
