हांसी जिले के भाटला गांव में लगातार बिजली कटौती से परेशान ग्रामीणों ने गुरुवार को प्रदर्शन किया। बड़ी संख्या में ग्रामीण गांव के बिजलीघर पहुंचे और बिजली निगम के खिलाफ नारेबाजी करते हुए मुख्य गेट पर धरना दिया। इस प्रदर्शन में गांव के सरपंच सहित बड़ी संख्या में महिला-पुरुष ग्रामीण शामिल थे। ग्रामीण नेता सोविन भाटला ने बताया कि पिछले काफी समय से गांव में बिजली की भारी किल्लत है। भीषण गर्मी के कारण लंबे बिजली कट से जनजीवन प्रभावित हो रहा है। उन्होंने बताया कि बुधवार रात पूरे गांव में बिजली गुल रही थी। इससे परेशान होकर ग्रामीणों ने हांसी-बरवाला रोड पर जाम भी लगाया था। समस्या का समाधान न होने पर गुरुवार को ग्रामीण एकजुट होकर भाटला बिजलीघर पहुंचे और अधिकारियों के समक्ष विरोध दर्ज कराया। ग्रामीण बोले- शिकायत के बाद नहीं कोई कार्रवाई प्रदर्शन के दौरान ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि बार-बार शिकायत करने के बावजूद बिजली आपूर्ति में सुधार नहीं हो रहा है। उन्होंने बताया कि इस संबंध में अधिकारियों को लिखित शिकायत भी दी जा चुकी है, लेकिन कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। प्रदर्शन के दौरान बिजली निगम के अधिकारियों ने ग्रामीणों को आश्वासन दिया। उन्होंने बताया कि भाटला गांव जगमग योजना में शामिल है और आगामी मंगलवार तक गांव में 24 घंटे बिजली आपूर्ति सुनिश्चित कर दी जाएगी। ग्रामीणों ने आंदोलन की चेतावनी दी अधिकारियों ने यह भी कहा कि इसके बाद ग्रामीणों के एक प्रतिनिधिमंडल के साथ बैठक कर उनकी अन्य समस्याओं पर भी चर्चा की जाएगी और समाधान का प्रयास किया जाएगा। अधिकारियों के आश्वासन के बाद ग्रामीण शांत हो गए। हालांकि, उन्होंने स्पष्ट चेतावनी दी कि यदि तय समय तक बिजली व्यवस्था में सुधार नहीं हुआ तो वे दोबारा आंदोलन करने को मजबूर होंगे।
Source link
हांसी में बिजली संकट पर ग्रामीणों का फूटा गुस्सा:भाटला बिजलीघर पर प्रदर्शन, 24 घंटे आपूर्ति का आश्वासन मिला
