![]()
हांसी में जींद रोड स्थित पानू पेट्रोल पंप पर सोमवार तड़के हुई 35 हजार रुपए की लूट का मामला हांसी पुलिस ने खुलासा कर दिया है। जांच में सामने आया कि पेट्रोल पंप का कर्मचारी ही इस वारदात का मास्टरमाइंड था। उसने अपने साथियों के साथ मिलकर नकदी हड़पने के लिए लूट का नाटक रचा था। पुलिस जांच के अनुसार, कर्मचारी दीपक ने पूर्व नियोजित योजना के तहत अपने एक साथी को सोमवार तड़के करीब तीन बजे कंबल ओढ़कर पेट्रोल पंप के कमरे में भेजा। आरोपी ने लाठी से दीपक पर हल्के वार किए, ताकि यह घटना वास्तविक लूट लगे। इसके बाद वह मौके से लगभग 35 हजार रुपए लेकर फरार हो गया। पुलिस को जांच में संदिग्ध लगा मामला वारदात की सूचना मिलते ही पुलिस और सीआईए टीम मौके पर पहुंची और सीसीटीवी फुटेज खंगाली। फुटेज में हमलावर द्वारा लाठी मारने का तरीका संदिग्ध लगा। इसमें कोई वास्तविक संघर्ष या गंभीर वार दिखाई नहीं दिए। इसी आधार पर पुलिस का शक सबसे पहले कर्मचारी दीपक पर गया। पुलिस ने दीपक से सख्ती से पूछताछ की, जिसके बाद उसने पूरी साजिश का खुलासा कर दिया। उसकी निशानदेही पर पुलिस ने आरोपी दीपक, आशीष निवासी ढाणा कलां, अमन उर्फ मिथुन निवासी ढाणा कलां और अमन निवासी खेड़ी गगन को गिरफ्तार किया। पूछताछ में चारों आरोपियों ने वारदात में अपनी संलिप्तता स्वीकार की। वारदात में इस्तेमाल बाइक को जब्त किया शेखपुरा चौकी प्रभारी जय सिंह ने बताया कि आरोपियों के कब्जे से 20 हजार रुपए नकद, वारदात में इस्तेमाल किया गया डंडा और एक मोटरसाइकिल बरामद की गई है। प्रारंभिक पूछताछ में यह भी सामने आया है कि आरोपी इस रकम का इस्तेमाल किसी और बड़ी वारदात को अंजाम देने की फिराक में थे। सभी आरोपियों को कोर्ट में पेश कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है। मामले की आगे की जांच जारी है। ,
Source link
हांसी में पेट्रोल पंप लूट का खुलासा, कर्मचारी निकला मास्टरमाइंड:साथियों संग मिलकर रची साजिश, सीसीटीवी फुटेज से खुला राज, 20 हजार रुपए बरामद







