Related Posts

हरियाणा में लगाए जाएंगे 1.40 करोड़ पौधे:सोहना में मंत्री कृष्ण लाल पंवार ने की घोषणा, बोले- 6,230 गांवों में खुलेंगी ई-लाइब्रेरी




हरियाणा के विकास एवं पंचायत मंत्री कृष्ण लाल पंवार ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा शुरू किए गए “मां के नाम एक पौधा” अभियान को प्रदेश में बड़े स्तर पर लागू किया जा रहा है। इसके तहत प्रदेश में 1 करोड़ 40 लाख पौधे लगाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। उन्होंने बताया कि अकेले गुरुग्राम जिले में 3 लाख पौधे लगाए जाएंगे। इनमें डेढ़ लाख पौधे वन विभाग लगाएगा, जबकि शेष डेढ़ लाख पौधे विभिन्न सामाजिक संस्थाओं, स्कूलों और विश्वविद्यालयों के माध्यम से लगाए जाएंगे। विकास एवं पंचायत मंत्री गुरुवार को सोहना स्थित जीडी गोयनका स्कूल में आयोजित 77वें वन महोत्सव कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में संबोधित कर रहे थे। इस अवसर पर गुरुग्राम के विधायक मुकेश पहलवान, सोहना के विधायक तेजपाल तंवर तथा सोहना व्यापार मंडल के प्रधान मनोज बजरंगी सहित अनेक गणमान्य लोग मौजूद रहे। हर जिले में 7,300 पौधे लगाने का लक्ष्य कृष्ण लाल पंवार ने कहा कि “जी राम जी योजना” के तहत प्रत्येक जिले के लिए 7300 पौधे लगाने का लक्ष्य तय किया गया है। उन्होंने कहा कि पर्यावरण संरक्षण आज समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है और प्रदेश सरकार इस दिशा में व्यापक स्तर पर कार्य कर रही है। उन्होंने लोगों से भी अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनकी देखभाल करने की अपील की। 2047 के विजन के तहत हर गांव में बनेगी ई-लाइब्रेरी मंत्री कृष्ण लाल पंवार ने कहा कि वर्ष 2047 को ध्यान में रखते हुए प्रदेश सरकार ने बड़ा विजन तैयार किया है। इसके तहत हरियाणा के 6,230 गांवों में ई-लाइब्रेरी स्थापित की जाएंगी। इन लाइब्रेरी का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्र के विद्यार्थियों को डिजिटल संसाधन उपलब्ध कराना और उन्हें प्रतियोगी परीक्षाओं की बेहतर तैयारी के लिए सुविधाएं देना है। उन्होंने कहा कि सरकार चाहती है कि गांवों के बच्चे भी आधुनिक शिक्षा और तकनीक से जुड़कर भविष्य की चुनौतियों के लिए तैयार हों। हर गांव में बनेंगे इंडोर जिम उन्होंने बताया कि युवाओं के स्वास्थ्य और फिटनेस को बढ़ावा देने के लिए गांवों में इंडोर जिम भी बनाए जाएंगे। अब तक प्रदेश में 350 इंडोर जिम का निर्माण किया जा चुका है, जबकि 490 गांवों के लिए नए इंडोर जिम के प्रस्ताव सरकार को भेजे जा चुके हैं। आने वाले समय में इनका निर्माण भी शुरू किया जाएगा। महिलाओं के लिए खुलेंगे संस्कृति केंद्र कृष्ण लाल पंवार ने कहा कि प्रदेश सरकार महिलाओं के सामाजिक और सांस्कृतिक सशक्तिकरण पर भी विशेष ध्यान दे रही है। इसी उद्देश्य से हर गांव में महिला संस्कृति केंद्र स्थापित किए जाएंगे। इन केंद्रों में महिलाएं भजन-कीर्तन, सांस्कृतिक कार्यक्रम, प्रशिक्षण गतिविधियां तथा सामाजिक आयोजनों का संचालन कर सकेंगी। 2,200 तालाबों का होगा जीर्णोद्धार मंत्री ने बताया कि हरियाणा में करीब 19 हजार तालाब हैं। इनमें से 16 हजार तालाबों की पहचान कर ली गई है। पहले चरण में 2,200 तालाबों का जीर्णोद्धार कराया जाएगा। उन्होंने कहा कि इन तालाबों के आसपास पार्क भी विकसित किए जाएंगे, जिससे जल संरक्षण के साथ-साथ ग्रामीण क्षेत्रों में सुंदर और स्वच्छ वातावरण तैयार होगा। नीट परीक्षा पर विपक्ष को घेरा नीट परीक्षा में पेपर लीक के मुद्दे पर मंत्री ने विपक्ष पर हमला बोलते हुए कहा कि विपक्ष ने इस मामले को लेकर देश का माहौल खराब करने का प्रयास किया। उन्होंने कहा कि जैसे ही पेपर लीक की जानकारी मिली, केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने तत्काल कार्रवाई की, आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया और 28 दिनों के भीतर दोबारा परीक्षा आयोजित कराई गई। उन्होंने कहा कि युवाओं के हितों को सर्वोपरि रखा गया। कांग्रेस पर लगाए गंभीर आरोप कृष्ण लाल पंवार ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि कांग्रेस शासनकाल में भी पेपर लीक की घटनाएं होती थीं, लेकिन उस समय कार्रवाई के बजाय इंटरव्यू कराकर अपने लोगों को नौकरियां दी जाती थीं। उन्होंने कहा कि वह 1991 से राजनीति में सक्रिय हैं और उस दौर की कार्यप्रणाली से भली-भांति परिचित हैं। प्रधानमंत्री पर अपशब्द बोलने वालों की जनता करती है निंदा अपने संबोधन के अंत में मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ अपशब्दों का प्रयोग करने वालों की जनता स्वयं निंदा करती है। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में आलोचना का अधिकार सभी को है, लेकिन राजनीतिक मर्यादा और भाषा की गरिमा बनाए रखना भी उतना ही आवश्यक है।



Source link

कोई जवाब दें

कृपया अपनी टिप्पणी दर्ज करें!
कृपया अपना नाम यहाँ दर्ज करें