spot_imgspot_img

Top 5 This Week

spot_img

Related Posts

हरियाणा की बेटी ने संसद भवन में दिखाया दम:44 हजार युवाओं के बीच चमकी सोनीपत की अपूर्वा; मिला ‘बेस्ट क्वेश्चनर’ अवॉर्ड और एक लाख रु




हरियाणा के सोनीपत जिले की बेटी अपूर्वा शर्मा का संसद भवन में बतौर सांसद अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया है। उसने विकसित भारत युवा संसद 2026 में “बेस्ट क्वेश्चनर” का प्रतिष्ठित सम्मान हासिल किया है। नई दिल्ली स्थित संविधान सदन (पुराना संसद भवन) के सेंट्रल हॉल में 15 से 17 जून तक आयोजित इस राष्ट्रीय कार्यक्रम में देशभर के 44 हजार युवाओं में से चयनित 105 प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया था। इनमें हरियाणा की सोनीपत की अपूर्वा शर्मा भी शामिल थीं। अपूर्वा ने संसद की कार्यवाही के अनुरूप आयोजित विभिन्न चरणों में अपनी प्रभावशाली प्रस्तुति, तार्किक प्रश्नों और विषयों की गहरी समझ के बल पर निर्णायकों को प्रभावित किया। परिणामस्वरूप उन्हें पूरे देश में “बेस्ट क्वेश्चनर” के रूप में चुना गया। यह उपलब्धि न केवल उनके परिवार बल्कि पूरे हरियाणा और विशेष रूप से सोनीपत जिले के लिए गर्व का विषय बनी हुई है। लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला सहित कई दिग्गज रहे मौजूद राष्ट्रीय स्तर के विकसित भारत युवा संसद 2026 का आयोजन संविधान सदन के सेंट्रल हॉल में किया गया। कार्यक्रम में लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। इसके अलावा केंद्रीय युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्री डॉ. मनसुख मांडविया, सांसद बांसुरी स्वराज, युवा कार्य विभाग की सचिव डॉ. पल्लवी जैन गोविल, माय भारत (MY Bharat) की मुख्य कार्यकारी अधिकारी डॉ. प्रियंका शुक्ला तथा कई सांसद एवं गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे। कार्यक्रम का उद्देश्य देशभर के युवाओं को लोकतांत्रिक प्रक्रियाओं से जोड़ना और उन्हें नीति निर्माण तथा संसदीय कार्यप्रणाली की समझ विकसित करने का अवसर प्रदान करना था। 44 हजार युवाओं ने किया आवेदन, कई चरणों के बाद हुआ चयन अपूर्वा शर्मा ने बताया कि विकसित भारत युवा संसद 2026 के लिए देशभर से लगभग 44 हजार युवाओं ने माय भारत पोर्टल पर पंजीकरण कराया था। आवेदन करने की अंतिम तिथि मार्च 2026 निर्धारित की गई थी। इसके बाद जिला, राज्य और राष्ट्रीय स्तर पर चयन प्रक्रिया आयोजित की गई। हर राज्य और केंद्र शासित प्रदेश से तीन-तीन युवाओं का चयन किया गया। हरियाणा से सोनीपत की अपूर्वा शर्मा, कैथल की वर्तिका और भिवानी की साक्षी को राष्ट्रीय स्तर के लिए चुना गया। चयन प्रक्रिया का पहला चरण जिला स्तर पर हुआ, जहां प्रतिभागियों की वक्तृत्व क्षमता और विषयों की समझ को परखा गया। जिला स्तर पर ‘आपातकाल’ विषय से हुई शुरुआत अपूर्वा ने बताया कि जिला युवा अधिकारी ऋतु रानी द्वारा उन्हें “आपातकाल” विषय दिया गया था। इस विषय पर प्रस्तुति देने के बाद 10 प्रतिभागियों में से पांच युवाओं का चयन अगले चरण के लिए किया गया।
इसके बाद राज्य स्तरीय प्रतियोगिता चंडीगढ़ में आयोजित हुई, जहां प्रतिभागियों को वर्ष 2026 के बजट विषय पर तीन मिनट का भाषण देने का अवसर मिला। हर जिले से चयनित लगभग 120 प्रतिभागियों ने इसमें भाग लिया। इन्हीं 120 युवाओं में से हरियाणा के तीन प्रतिभागियों को राष्ट्रीय स्तर के लिए चुना गया। संसद की तर्ज पर संचालित हुई पूरी कार्यवाही नई दिल्ली में आयोजित राष्ट्रीय कार्यक्रम को लोकसभा की वास्तविक कार्यवाही की तरह संचालित किया गया। प्रतिभागियों को सांसद और विभिन्न मंत्रालयों की भूमिकाएं सौंपी गईं। 36 प्रतिभागियों के एक समूह में 18 को सांसद और 18 को अलग-अलग मंत्रालयों की जिम्मेदारी दी गई। कार्यक्रम के दौरान सांसदों ने विभिन्न मंत्रालयों से सवाल पूछे, जबकि संबंधित मंत्रालयों की भूमिका निभा रहे प्रतिभागियों ने उनके जवाब दिए। अपूर्वा शर्मा को सांसद (Member of Parliament) की भूमिका दी गई थी। संस्कृत श्लोक से की शुरुआत, नारी शक्ति और खेलों पर पूछे दमदार सवाल अपूर्वा शर्मा ने अपनी प्रस्तुति की शुरुआत संस्कृत श्लोक से की, जिसने उपस्थित लोगों का ध्यान आकर्षित किया। प्रश्नोत्तर सत्र में उन्होंने खेल एवं युवा मामलों के मंत्रालय से कई महत्वपूर्ण सवाल पूछे।
उन्होंने खेलो इंडिया योजना के तहत तैयार किए गए खेल बुनियादी ढांचे, निर्माणाधीन परियोजनाओं और महिला खिलाड़ियों के लिए बनाई जा रही सुविधाओं पर प्रश्न उठाए। उन्होंने पूछा कि 2036 ओलंपिक में भारत को पदक तालिका के शीर्ष 10 देशों में पहुंचाने के लिए मंत्रालय की क्या ठोस रणनीति है और वर्तमान में टारगेट ओलंपिक पोडियम स्कीम (TOPS) के अंतर्गत प्रशिक्षण ले रहे खिलाड़ियों की सूची क्या है। उन्होंने महिला खिलाड़ियों की भागीदारी बढ़ाने, ग्रामीण और पिछड़े क्षेत्रों की बेटियों को खेलों से जोड़ने तथा उन्हें अंतरराष्ट्रीय मंचों तक पहुंचाने के लिए सरकार की योजनाओं पर भी सवाल किए। नारी शक्ति वंदन अधिनियम पर भी रखे प्रभावशाली सवाल अपूर्वा ने नारी शक्ति वंदन अधिनियम को लेकर भी गंभीर और तार्किक प्रश्न उठाए। उन्होंने महिलाओं की राजनीतिक भागीदारी, नेतृत्व क्षमता और निर्णय प्रक्रिया में उनकी भूमिका को लेकर विस्तृत चर्चा की। उनके प्रश्नों की गहराई और प्रस्तुति शैली ने निर्णायक मंडल को विशेष रूप से प्रभावित किया। यही कारण रहा कि उन्हें राष्ट्रीय स्तर पर “बेस्ट क्वेश्चनर” का पुरस्कार प्रदान किया गया। देशभर में केवल चार प्रतिभागियों को मिला विशेष सम्मान कार्यक्रम में 105 युवाओं में से केवल चार प्रतिभागियों को विभिन्न श्रेणियों में विशेष पुरस्कार दिए गए। इनमें बेस्ट ओपनिंग सेशन, बेस्ट क्वेश्चनर, बेस्ट आंसर और बेस्ट शॉर्ट डिस्कशन की श्रेणियां शामिल थीं। सोनीपत के गांव शहजादपुर निवासी अपूर्वा शर्मा ने “बेस्ट क्वेश्चनर” का खिताब अपने नाम कर हरियाणा का गौरव बढ़ाया। उन्हें सम्मान स्वरूप एक लाख रुपये की पुरस्कार राशि, सर्टिफिकेट ऑफ मेरिट और स्मृति चिन्ह प्रदान किया गया। पहली बार में हासिल की राष्ट्रीय सफलता खास बात यह रही कि अपूर्वा पहली बार विकसित भारत युवा संसद में शामिल हुई थीं और पहले ही प्रयास में उन्होंने राष्ट्रीय स्तर का पुरस्कार जीत लिया। उनकी इस सफलता ने साबित कर दिया कि मेहनत, आत्मविश्वास और निरंतर तैयारी से किसी भी मंच पर सफलता प्राप्त की जा सकती है। बीएससी की छात्रा हैं अपूर्वा अपूर्वा वर्तमान में सोनीपत के जीवन गर्ल्स कॉलेज में बीएससी अंतिम वर्ष की छात्रा हैं। उनके पिता प्रवीण कुमार सोनीपत पुलिस आयुक्त कार्यालय में क्लर्क के पद पर कार्यरत हैं। परिवार में उनके बड़े भाई वंश भी उच्च शिक्षा प्राप्त कर रहे हैं।
अपूर्वा का सपना भारतीय सेना में अधिकारी बनने की चाहत है। वह इससे पहले गणतंत्र दिवस परेड में भी हरियाणा का प्रतिनिधित्व कर चुकी हैं। परिवार ने बताया पूरे जिले के लिए गौरव का क्षण अपूर्वा के पिता प्रवीण कुमार ने बताया कि उनके पिता स्वर्गीय भगत राम भी हरियाणा पुलिस से सेवानिवृत्त हुए थे। ऐसे में परिवार में सेवा और अनुशासन की परंपरा रही है। उन्होंने कहा कि 44 हजार प्रतिभागियों में से उनकी बेटी का राष्ट्रीय स्तर पर सम्मानित होना पूरे जिले और प्रदेश के लिए गर्व की बात है। वहीं अपूर्वा ने कहा कि संसद के मंच पर हरियाणा का प्रतिनिधित्व करना उनके जीवन का सबसे यादगार अनुभव रहा। उन्होंने कहा कि यह सम्मान उन्हें भविष्य में और अधिक मेहनत करने तथा देश के लिए कुछ बड़ा करने की प्रेरणा देता रहेगा।



Source link

कोई जवाब दें

कृपया अपनी टिप्पणी दर्ज करें!
कृपया अपना नाम यहाँ दर्ज करें

Popular Articles