पंचकूला पुलिस ने ट्रैफिक नियमों का उल्लंघन करने वाले एक स्कॉर्पियो ड्राइवर का 10 हजार 500 रुपए का चालान काटा है। यह कार्रवाई रामगढ़ से पुराना पंचकूला तक पीछा करने के बाद की गई, जहां वाहन को रोककर उसके शीशों पर लगी प्रतिबंधित ब्लैक फिल्म को मौके पर ही उतरवाया गया। इसके अलावा एक बाइक सवार पर 32 हजार 500 का जुर्माना लगाया गया है। बीते दिन सिटी ट्रैफिक एसएचओ वरिंद्र कुमार को रामगढ़ के पास एक स्कॉर्पियो दिखाई दी, जिसके शीशों पर ब्लैक फिल्म लगी थी। एसएचओ ने चालक को रुकने का इशारा किया, लेकिन उसने रफ्तार बढ़ा दी और भागने का प्रयास किया। इसके बाद एसएचओ ने गाड़ी का पीछा करना शुरू कर दिया। कड़ी मशक्कत के बार घेर कर रोका कड़ी मशक्कत के बाद, पुलिस ने पुराना पंचकूला के पास स्कॉर्पियो को घेरकर रोक लिया। नियमों के उल्लंघन और आदेशों की अवहेलना के लिए ड्राइवर का 10 हजार 500 रुपए का चालान किया गया। साथ ही, पुलिसकर्मियों ने मौके पर ही गाड़ी से ब्लैक फिल्म हटवाई। जिला पुलिस ने स्पष्ट किया है कि सड़कों पर किसी भी तरह की अवैध गतिविधियों को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। डीसीपी क्राइम एंड ट्रैफिक अमरिंदर सिंह ने वाहन ड्राइवरों को चेतावनी देते हुए कहा कि ब्लैक फिल्म लगे वाहनों पर पुलिस की पैनी नजर है और ऐसे किसी भी वाहन को बख्शा नहीं जाएगा। बाइक सवार का 32 हजार 500 का कटा चालान पंचकूला-शिमला राष्ट्रीय राजमार्ग पर अमरावती क्षेत्र के पास ट्रैफिक पुलिस ने एक संदिग्ध बाइक चालक को रोका। जांच के बाद कई गंभीर नियम उल्लंघन सामने आए, जिसके बाद पुलिस ने 32,500 रुपये का चालान काटा और बाइक को जब्त कर लिया। सुरजपुर ट्रैफिक एसएचओ अभिषेक के नेतृत्व में पुलिस टीम हाईवे पर नियमित वाहन जांच अभियान चला रही थी। इसी दौरान, पुलिस की नजर एक बाइक पर पड़ी जिसकी नंबर प्लेट पर सफेद टेप लगाकर वाहन की पहचान छुपाने का प्रयास किया गया था। संदेह होने पर पुलिस टीम ने वाहन को रोककर चालक से पूछताछ की और दस्तावेजों की जांच की। जांच के दौरान यह भी सामने आया कि चालक के पास वाहन से संबंधित अन्य आवश्यक दस्तावेज उपलब्ध नहीं थे। नंबर प्लेट के साथ छेड़छाड़ और दस्तावेजों की कमी को गंभीर यातायात उल्लंघन मानते हुए, पुलिस ने तत्काल कार्रवाई की। वाहन चालकों पर रखी जा रही नजर : डीसीपी इस संबंध में, डीसीपी क्राइम एंड ट्रैफिक अमरिंदर सिंह ने बताया कि पुलिस ऐसे वाहन चालकों पर लगातार नजर रख रही है जो नंबर प्लेट पर टेप लगाकर, नंबर छुपाकर या अन्य तरीकों से कानून से बचने का प्रयास करते हैं। उन्होंने कहा कि इस प्रकार की गतिविधियां न केवल यातायात नियमों का उल्लंघन हैं, बल्कि किसी भी अपराध की स्थिति में वाहन की पहचान में भी बाधा उत्पन्न करती हैं। डीसीपी अमरिंदर सिंह ने आम नागरिकों से अपील की कि सभी वाहन चालक अपने वाहन के दस्तावेज पूरे रखें, नंबर प्लेट के साथ किसी प्रकार की छेड़छाड़ न करें और यातायात नियमों का पालन करें। उन्होंने स्पष्ट किया कि भविष्य में भी ऐसे उल्लंघनों के खिलाफ विशेष अभियान चलाकर कड़ी कार्रवाई जारी रहेगी।
Source link
स्कॉर्पियो ड्राइवर ने पंचकूला पुलिस को दौड़ाया:ब्लैक फिल्म लगाई, रुकने का इशारा किया; पीछा कर दबोचा, 10,500 का जुर्माना लगा
