Related Posts

सोहना पुलिस ने अरेस्ट किया 8 करोड़ ठगने वाला:आंध्र-प्रदेश में छिपा, फर्जी चिटफंड कंपनी बनाई, 400 लोगों से की धोखाधड़ी, 9 साल से फरार




गुरुग्राम जिले की सोहना पुलिस ने 8 करोड़ रुपए की ठगी के एक मुख्य आरोपी को करीब नौ साल बाद आंध्र प्रदेश से गिरफ्तार किया है। आरोपी ने एक फर्जी चिटफंड कंपनी बनाकर करीब 400 लोगों से धोखाधड़ी की थी। वह वर्ष 2017 से पुलिस की गिरफ्त से बाहर था और वर्ष 2019 में कोर्ट ने उसे भगोड़ा घोषित कर दिया था। गिरफ्तार आरोपी की पहचान आंध्र प्रदेश के राजापुर निवासी लोया राजू के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, उसने अपने साथियों के साथ मिलकर एक फर्जी चिटफंड कंपनी बनाई थी। इस कंपनी के माध्यम से निवेशकों को पांच साल में रकम दोगुनी करने और साढ़े छह साल में तीन गुना करने का लालच दिया जाता था। आकर्षक योजनाओं के झांसे में आकर लगभग 400 लोगों ने अपनी मेहनत की कमाई इस कंपनी में निवेश कर दी। कुछ समय तक निवेशकों का भरोसा जीतने के बाद आरोपी उनकी 8 करोड़ रुपए की रकम लेकर फरार हो गए। 2019 में कोर्ट ने भगोड़ा घोषित किया पीड़ितों की शिकायत पर वर्ष 2017 में सोहना थाना में आरोपियों के खिलाफ धोखाधड़ी सहित विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया गया था। आरोपी लोया राजू तब से फरार था और लगातार अपने ठिकाने बदल रहा था। वर्ष 2019 में अदालत ने उसे भगोड़ा घोषित कर दिया था। थाना प्रभारी रविंद्र सिंह ने बताया कि पुलिस टीम को तकनीकी साक्ष्यों और गुप्त सूचना के आधार पर आरोपी के आंध्र प्रदेश में होने की जानकारी मिली थी। इसके बाद पुलिस ने योजनाबद्ध तरीके से कार्रवाई करते हुए उसे गिरफ्तार कर लिया। आरोपी को ट्रांजिट प्रक्रिया पूरी करने के बाद सोहना लाया गया है। उसे कोर्ट में पेश कर पुलिस रिमांड पर लिया जाएगा, ताकि उसके अन्य साथियों, ठगी की रकम और गिरोह के नेटवर्क के संबंध में गहन पूछताछ की जा सके।



Source link

कोई जवाब दें

कृपया अपनी टिप्पणी दर्ज करें!
कृपया अपना नाम यहाँ दर्ज करें