Related Posts

सोनीपत में शराब के नशे में SPO ने फायरिंग की:बुजुर्ग महिला के पैर में लगी गोली; परिजन बोले-पहले भी धमकी दे चुका




सोनीपत शहर के अशोक विहार क्षेत्र में शनिवार दोपहर उस समय दहशत फैल गई, जब शराब के नशे में धुत एक SPO ने अपनी लाइसेंसी रिवॉल्वर से ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। आरोप है कि SPO ने पहले तीन हवाई फायर किए और उसके बाद पड़ोसी युवक को निशाना बनाकर दो गोलियां चलाईं। हालांकि युवक बाल-बाल बच गया, लेकिन गली से गुजर रही 65 वर्षीय महिला गोली लगने से घायल हो गई। घायल महिला को तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका उपचार चल रहा है। मामले की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। परिजनों की शिकायत के आधार पर केस दर्ज कर लिया गया है। पुलिस का कहना है कि आरोपी की तलाश जारी है और उसे जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा। पड़ोसी युवक को बनाया निशाना, महिला को लगी गोली पुलिस को दी शिकायत के अनुसार, शनिवार करीब साढ़े 3 बजे अशोक विहार की गली नंबर-7 निवासी SPO विक्रम, जो कथित रूप से शराब के नशे में था, अपनी गली में खड़ा था। इसी दौरान पड़ोसी यश उर्फ इशु (19) पुत्र कर्मवीर अपनी मां के साथ बाइक पर वहां से गुजर रहा था। आरोप है कि SPO विक्रम ने अपनी लाइसेंसी रिवॉल्वर से पहले तीन हवाई फायर किए और फिर यश को निशाना बनाकर दो गोलियां चला दीं। इनमें से एक गोली यश को नहीं लगी, बल्कि उसी समय वहां से गुजर रही 65 वर्षीय मूर्ति देवी के पैर में जा लगी। घायल महिला को अस्पताल में कराया भर्ती गोली लगते ही गली में अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों और परिजनों ने घायल मूर्ति देवी को तुरंत सोनीपत के ट्यूलिप अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका इलाज जारी है। चिकित्सकों की निगरानी में उनका उपचार किया जा रहा है। आरोपी एसपीओ, पिता हरियाणा पुलिस से सेवानिवृत्त प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, आरोपी विक्रम सोनीपत पुलिस में एसपीओ (स्पेशल पुलिस ऑफिसर) के पद पर कार्यरत है। वहीं उसका पिता जय भगवान हरियाणा पुलिस से सेवानिवृत्त कर्मचारी हैं। पुलिस आरोपी के सर्विस रिकॉर्ड और अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है। पहले भी दे चुका था धमकी, पुराने विवाद का भी आरोप परिजनों का आरोप है कि करीब एक सप्ताह पहले भी विक्रम ने यश का रास्ता रोककर उसे जान से मारने की धमकी दी थी। इतना ही नहीं, उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि वर्ष 2007 में विक्रम ने यश के ताऊ बलवीर, जो अब हरियाणा पुलिस से सेवानिवृत्त हैं, पर भी गोली चलाई थी। हालांकि उस घटना में बलवीर की जान बच गई थी। पुलिस इन आरोपों की भी जांच कर रही है। पुलिस ने केस दर्ज किया, आरोपी की तलाश जारी मामले को लेकर पुलिस प्रवक्ता रविंद्र सिंह ने बताया कि परिजनों की शिकायत के आधार पर केस दर्ज कर लिया गया है। पुलिस विभिन्न पहलुओं से जांच कर रही है और आरोपी की तलाश में टीमें लगातार दबिश दे रही हैं। उन्होंने कहा कि आरोपी को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा। फिलहाल पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच में जुटी हुई है।



Source link

कोई जवाब दें

कृपया अपनी टिप्पणी दर्ज करें!
कृपया अपना नाम यहाँ दर्ज करें