फरीदाबाद में ऑटो चालक से ऑटो, मोबाइल फोन और नकदी लूटने के मामले में फरीदाबाद पुलिस अपराध शाखा सेक्टर-30 की टीम ने चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई थाना सराय ख्वाजा क्षेत्र में 30 जून को हुई लूट की वारदात के मामले में की गई। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सुमरन (20) निवासी ओल्ड फरीदाबाद, नितिन (20) निवासी ओल्ड फरीदाबाद, मदन (24) निवासी बल्लभगढ़ और सुभाष (23) निवासी खेड़ीपुल के रूप में हुई है। पुलिस ने चारों आरोपियों को कोर्ट में पेश किया, जहां से उन्हें लूटा गया सामान बरामद करने के लिए पुलिस रिमांड पर लिया जाएगा। एसीपी अमन यादव ने प्रेस वार्ता के दौरान बताया कि 30 जून की रात चारों आरोपी ओल्ड फरीदाबाद से ऑटो में सवारी बनकर बैठे थे। इनमें मदन, नितिन और सुमरन पीछे बैठे थे, जबकि सुभाष आगे की सीट पर बैठा था। गर्दन पर चाकू रखकर की थी लूटपाट जब ऑटो एनएचपीसी फ्लाईओवर के पास पहुंचा तो पीछे बैठे सुमरन ने ऑटो चालक की गर्दन पर चाकू रख दिया। इसके बाद चारों आरोपियों ने मिलकर चालक का मोबाइल फोन, जेब में रखी नकदी और पूरा ऑटो लूट लिया। वारदात को अंजाम देने के बाद सभी आरोपी मौके से फरार हो गए। पुलिस जांच में सामने आया कि इस पूरी वारदात का मास्टरमाइंड सुभाष है। उसके खिलाफ पहले से भी कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। वहीं आरोपी नितिन का भी आपराधिक रिकॉर्ड मिला है। पुलिस अब आरोपियों से पूछताछ कर यह पता लगाने में जुटी है कि उन्होंने लूटा गया ऑटो और अन्य सामान कहां छिपाया है तथा क्या वे पहले भी इसी तरह की वारदातों में शामिल रहे हैं। आरोपियों से पूछताछ कर रही पुलिस पुलिस के अनुसार, अनखीर निवासी संदीप ने 1 जुलाई को थाना सराय ख्वाजा में शिकायत दर्ज कराई थी। उसने बताया कि वह बदरपुर बॉर्डर से बल्लभगढ़ के बीच ऑटो चलाता है। 30 जून की रात करीब 9:30 बजे चार युवक उसके ऑटो में बदरपुर बॉर्डर जाने के बहाने बैठे थे। एनएचपीसी फ्लाईओवर के पास पहुंचते ही आरोपियों ने चाकू दिखाकर उसका ऑटो, मोबाइल फोन और नकदी लूट ली और फरार हो गए। शिकायत मिलने के बाद थाना सराय ख्वाजा में मामला दर्ज किया गया। जांच के दौरान अपराध शाखा सेक्टर-30 की टीम ने कार्रवाई करते हुए चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस अब उनसे पूछताछ कर मामले में आगे की जांच कर रही है।
Source link
फरीदाबाद में चार ऑटो लुटेरे अरेस्ट:सवारी बनकर बैठे, ड्राइवर की गर्दन पर चाकू रखा, मोबाइल और नकदी भी लूटी
