Related Posts

महेंद्रगढ़ में HTET की पहले दिन की परीक्षा संपन्न:रविवार को होगा लेवल-2 का एग्जाम, दो उपमंडलों में बनाए गए 22 केंद्र




महेंद्रगढ़ जिले में शनिवार को हरियाणा अध्यापक पात्रता परीक्षा (एचटेट) शांतिपूर्ण और पारदर्शी तरीके से संपन्न हुई। यह परीक्षा हरियाणा सरकार और जिला प्रशासन द्वारा किए गए पुख्ता प्रबंधों के कारण सफल रही। परीक्षा के पहले दिन शनिवार को महेंद्रगढ़ उपमंडल में केवल लेवल 3 के अभ्यर्थियों के लिए परीक्षा आयोजित की गई थी। उपायुक्त अनुपमा अंजली और पुलिस अधीक्षक दीपक ने विभिन्न परीक्षा केंद्रों का औचक निरीक्षण कर सुरक्षा व अन्य मूलभूत व्यवस्थाओं का जायजा लिया। महेंद्रगढ़ के एसडीएम एवं इस परीक्षा के नोडल अधिकारी योगेश सैनी भी दिन भर परीक्षा केंद्रों का दौरा करते रहे। जिला शिक्षा अधिकारी डॉ. विश्वेश्वर कौशिक भी इस दौरान मौजूद रहे। परीक्षार्थियों ने जिला प्रशासन द्वारा किए गए प्रबंधों की सराहना की। रविवार को दो उपमंडलों पर होगी परीक्षा अब रविवार को जिले के नारनौल और महेंद्रगढ़ दोनों उपमंडलों में परीक्षा का आयोजन किया जाएगा। इसके लिए जिले में कुल 22 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं, जिनमें नारनौल उपमंडल में 7 और महेंद्रगढ़ उपमंडल में 15 केंद्र शामिल हैं। 5 जुलाई रविवार को महेंद्रगढ़ में सुबह और शाम दोनों सत्रों में परीक्षा संचालित होगी। सुबह की शिफ्ट में लेवल 2 की परीक्षा के लिए अभ्यर्थियों का प्रवेश सुबह 7:50 बजे शुरू होगा। वहीं, शाम की शिफ्ट में लेवल 1 की परीक्षा के लिए दोपहर 12:50 बजे प्रवेश दिया जाएगा। उड़नदस्तों की टीमें किसी भी गड़बड़ी को रोकने के लिए पूरी तरह सक्रिय रहेंगी। 12 हजार 793 अभ्यर्थियों ने कराया रजिस्ट्रेशन इस परीक्षा के लिए जिले में कुल 12 हजार 793 अभ्यर्थियों ने पंजीकरण करवाया है। इनमें लेवल 1 के लिए 1,921, लेवल 2 के लिए 6,854 और लेवल 3 के लिए 4,018 अभ्यर्थी शामिल हैं। परीक्षार्थियों की सुविधा के लिए सरकार और रोडवेज प्रशासन द्वारा विशेष बसों की व्यवस्था की गई है। परीक्षा केंद्रों पर महिला अभ्यर्थियों को मंगलसूत्र, बिंदी और सिंदूर लगाने की छूट दी गई है, जबकि अन्य आभूषणों पर पाबंदी रहेगी। पहले दिन की तरह ही दूसरे दिन भी परीक्षा को पूरी शुचिता के साथ संपन्न कराने के लिए नोडल अधिकारी और प्रशासनिक अमला अलर्ट पर है।



Source link

कोई जवाब दें

कृपया अपनी टिप्पणी दर्ज करें!
कृपया अपना नाम यहाँ दर्ज करें