![]()
सोनीपत के खरखौदा में यातायात नियमों का उल्लंघन करने पर ट्रैफिक पुलिस ने एक बुलेट मोटरसाइकिल का 22 हजार रुपए का चालान किया और उसे जब्त कर लिया। रविवार को दिल्ली रोड पर जांच के दौरान बाइक पर तीन युवक सवार मिले, जिनके पास आवश्यक दस्तावेज नहीं थे और उन्होंने हेलमेट भी नहीं पहन रखा था। पुलिस के अनुसार, बुलेट से तेज आवाज में पटाखे छोड़े जा रहे थे, जो यातायात नियमों का गंभीर उल्लंघन है। पुलिस कमिश्नर के निर्देश पर शहर में ऐसे वाहनों के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जा रहा है। ड्राइविंग लाइसेंस और रजिस्ट्रेशन प्रमाण पत्र नहीं था रविवार को दिल्ली रोड पर वाहनों की विशेष चेकिंग चल रही थी। इसी दौरान एक बुलेट पर तीन युवक सवार होकर आते दिखाई दिए। पुलिस ने उन्हें रोका और वाहन संबंधी दस्तावेजों की जांच की। जांच में सामने आया कि ड्राइवर के पास ड्राइविंग लाइसेंस नहीं था और वाहन का रजिस्ट्रेशन प्रमाण पत्र भी मौके पर प्रस्तुत नहीं किया गया। तीनों युवकों ने हेलमेट भी नहीं पहन रखा था। इसके अतिरिक्त, बुलेट मोटरसाइकिल के साइलेंसर में अवैध रूप से बदलाव कर उसे पटाखे छोड़ने वाला बनाया गया था। 22 हजार का चालान, बुलेट जब्त शहर में लगातार मिल रही शिकायतों के बाद पुलिस ऐसे वाहनों पर विशेष नजर रख रही है। नियमों के गंभीर उल्लंघन को देखते हुए पुलिस ने कुल 22 हजार रुपए का चालान किया और मोटरसाइकिल को जब्त कर लिया। 100 से अधिक वाहनों पर हो चुकी कार्रवाई खरखौदा में ट्रैफिक नियमों की अनदेखी करने वालों के खिलाफ पुलिस का विशेष अभियान लगातार जारी है। पिछले एक महीने में 100 से अधिक वाहनों पर कार्रवाई की जा चुकी है। पुलिस का कहना है कि नियम तोड़ने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा। जागरूकता के साथ सख्ती भी जारी ट्रैफिक इंचार्ज खरखौदा सब इंस्पेक्टर राजेश ने बताया कि चालान अभियान लगातार जारी रहेगा। पुलिस स्कूलों, कॉलेजों और अन्य संस्थानों में जाकर युवाओं को यातायात नियमों के प्रति जागरूक भी कर रही है। इसके बावजूद नियमों की अनदेखी करने वालों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जा रही है। नियम तोड़ने वालों को नहीं मिलेगी राहत सब इंस्पेक्टर राजेश ने कहा कि पुलिस कमिश्नर ममता सिंह के आदेशानुसार सड़क सुरक्षा को लेकर सख्त कदम उठाए जा रहे हैं। यातायात नियमों का पालन न करने वाले वाहन चालकों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा। अभियान का उद्देश्य लोगों को नियमों के प्रति जागरूक करने के साथ-साथ सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाना है।
Source link
सोनीपत में बुलेट बाइक जब्त, 22 हजार का चालान:3 युवक बिना हेलमेट और दस्तावेज मिले; पटाखे बजा रहे थे







